Korba Crime: कोरबा में पति की संदिग्ध मौत...पति-पत्नी के बीच रहता था अनबन, हत्या की आशंका
कोरबा के रजगामार चौकी क्षेत्र में 32 वर्षीय दिलेश्वर कुमार की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में प्रेम-प्रसंग और जहर देने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि हार्ट अटैक की संभावना भी सामने आई है। पुलिस जांच में जुटी है।
विस्तार
कोरबा में रजगामार चौकी क्षेत्र में 32 वर्षीय दिलेश्वर कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में पत्नी और चचेरे भाई के बयानों के आधार पर मामले में प्रेम-प्रसंग और जहर दिए जाने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि मौत का कारण हार्ट अटैक भी बताया जा रहा है। पुलिस पत्नी और भाई का बयान दर्ज कर आगे की जांच कर रही है।
विवादित रहा वैवाहिक जीवन
रजगामार निवासी 32 वर्षीय दिलेश्वर कुमार और 30 वर्षीय राजकुमारी पति-पत्नी थे। उनके 12 साल का एक बेटा और 10 साल की बेटी है। परिवार पिछले सात वर्षों से रजगामार में रह रहा था। बताया जा रहा है कि पिछले डेढ़ साल से पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। विवाद के चलते दिलेश्वर करीब एक माह पहले अपने गृहग्राम नवागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत हीरागढ़ गांव चला गया था। इसके बावजूद, पति-पत्नी के बीच फोन पर बातचीत जारी थी और विवाद भी होते रहते थे।
घर वापसी पर बिगड़ी तबीयत
राजकुमारी के अनुसार, कुछ दिन पहले दिलेश्वर ने फोन पर उससे बात की थी और कहा था कि वह उसे घर लेने आ रहा है और हीरागढ़ में मेला देखने ले जाएगा। शुक्रवार को दिलेश्वर रजगामार स्थित अपने घर पहुंचा। घर पहुंचने के कुछ देर बाद ही अचानक उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। उसे तुरंत एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पत्नी ने बताया शराब का सेवन और देसी दवाई का असर
मृतक दिलेश्वर की पत्नी राजकुमारी ने बताया कि फोन पर बात के दौरान दिलेश्वर ने कहा था कि वह कुमुण्डा में किसी के साथ खा-पीकर घर आ रहा है। घर पहुंचने पर वह केला लेकर आया था और शराब के नशे में था। बच्चे और उसने भी केला खाया, जिसके बाद दिलेश्वर की तबीयत बिगड़ने लगी और उसे अस्पताल ले जाया गया। राजकुमारी के अनुसार, दिलेश्वर शराब के नशे में था और नशा छोड़ने के लिए देसी दवाईयों का भी सेवन कर रहा था। उसने देसी, अंग्रेजी और महुआ शराब आदि का सेवन किया था। उसकी मौत संभवतः हार्ट अटैक से हुई है।

चरित्र शंका के चलते था विवाद
वहीं, मृतक दिलेश्वर के चचेरे भाई लोध राम कश्यप ने बताया कि 12 साल पहले दिलेश्वर की शादी खैरा गांव की राजकुमारी के साथ हुई थी। दोनों के बीच चरित्र शंका के चलते अक्सर विवाद होता था। विवाद के बाद सामाजिक बैठकें भी हुईं थीं। एक माह पहले जब दिलेश्वर गांव आया था, तो उसने अपने घर वालों को अपनी पत्नी के बारे में सारी बातें बताई थीं। लोध राम कश्यप का आरोप है कि राजकुमारी का किसी दूसरे व्यक्ति के साथ प्रेम प्रसंग है और उन्हें आशंका है कि राजकुमारी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर दिलेश्वर को जहर देकर मार डाला होगा। उन्होंने इस मामले में पूरी जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने दर्ज किया बयान
रजगामार चौकी प्रभारी लक्ष्मण खूंटे ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक की पत्नी और उसके चचेरे भाई का बयान दर्ज किया गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।
