CG Budget 2026: 35 गुना बढ़ा छत्तीसगढ़ सरकार का बजट, 10 पॉइंट्स में जानें मुख्य बड़ी बातें; यहां पढ़ें
Chhattisgarh Budget 10 points: वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने 2026-27 का 1.72 लाख करोड़ का बजट 'संकल्प' थीम पर पेश किया। जिसमें एआई, खेल उत्कर्ष, पर्यटन, अधोसंरचना, स्टार्टअप, स्वास्थ्य-शिक्षा पर बड़े प्रावधान और आदिवासी क्षेत्रों में एजुकेशन सिटी, ओलंपिक जैसे ऐलान से विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव रखी गई।
विस्तार
छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने 24 फरवरी को विधानसभा में तीसरा बजट पेश किया। जो 1.72 लाख करोड़ का है। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने बजट पेश करते हुए कहा कि यह बजट सुशासन से समृद्धि की दिशा में मजबूत कदम है। प्रदेशवासियों की आकांक्षाओं को पूरा करते हुए विकसित छत्तीसगढ़ की नींव रखी जाएगी।
10 बिंदुओं में जानें इस बजट की खास बातें...
संकल्प थीम पर रहा छत्तीसगढ़ का बजट
साय सरकार का तीसरा बजट 'ज्ञान' और 'गति' के बाद 'संकल्प' के थीम पर आधारित है। इसमें S का अर्थ समावेशी विकास, A का अर्थ अंधोसंरचना। N का अर्थ निवेश। K का अर्थ कुशल मानव संसाधन। A यानि अंत्योदय। L का अर्थ लाइवलीहुड। और P यानि पॉलिसी से परिणाम को प्रमुखता से शामिल किया गया है।
1 लाख 72 हजार करोड़ रुपए बजट पेश
राज्य बनने के बाद छत्तीसगढ़ का बजट 35 गुना बढ़ गया है। छत्तीसगढ़ निर्माण के बाद पांच हजार करोड़ का बजट अब 35 गुना बढ़कर 1 लाख 72 हजार करोड़ पहुंच गया है।
आदिवासी क्षेत्र बस्तर और सरगुजा पर फोकस
इस बार के बजट में साय सरकार ने आदिवासी संभाग बस्तर और सरगुजा पर फोकस किया है। अधिकतर घोषणाएं इन दो संभागों को ध्यान में रखकर की गई है। बस्तर ओलंपिक के तर्ज पर अब सरगुजा ओलंपिक करने का ऐलान किया गया है। इसके लिए 5-5 करोड़ का प्रावधान किया गया है।
साथ ही नक्सलगढ़ कहे जाने वाले अबूझमाड़ और जगरगुंडा में 2 नए एजुकेशन सिटी के लिए 100 करोड़ का प्रावधान रखा गया है। बस्तर एवं सरगुजा-जशपुर विकास प्राधिकरण के लिए 75 करोड़ का प्रावधान किया गया है। धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के लिए 200 करोड़ का प्रावधान है। बैगा एवं पुजारी को प्रोत्साहन राशि के लिए 3 करोड़ का प्रावधान किया गया है।
1,500 बस्तर फाइटर्स के पदों का सृजन। बस्तर नेट परियोजना हेतु 5 करोड़ स्वीकृत। बस्तर और सरगुजा में पशुपालन गतिविधियों के लिए ₹15 करोड़ का प्रावधान, अबूझमाड़ और जगरगुंडा में एजुकेशन सिटी निर्माण के लिए 100 करोड़। मैनपाट के पर्यटन विकास के लिए ₹5 करोड़ का प्रावधान। बस्तर एवं सरगुजा में अतिरिक्त पोषण सहायता के लिए 15 करोड़ रुपये का प्रावधान।
पांच मिशन पर फोकस
इस बार के बजट में सरकार ने पांच मिशन पर फोकस किया है। ताकि विकास को रफ्तार दिया जा सके। इसमें...
मुख्यमंत्री एआई मिशन
मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन
मुख्यमंत्री पर्यटन विकास मिशन
मुख्यमंत्री अधोसंरचना मिशन
मुख्यमंत्री स्टार्टअप एवं एनआईपीयूएन मिशन
स्वास्थ्य समेत जनहित मुद्दों पर फोकस
दंतेवाड़ा, मनेंद्रगढ़, कबीरधाम, जांजगीर-चांपा और कुनकुरी में नए मेडिकल कॉलेज की स्थापना की जाएगी। रायपुर में बनेगा होम्योपैथी कॉलेज,बस्तर और सरगुजा में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर करने के लिए चिकित्सकों की भर्ती। बस्तर, सरगुजा और दंतेवाड़ा में मेडिकल कॉलेज संचालन के लिए 50 करोड़ रुपये का प्रावधान।
आयुष्मान योजना के लिए 1,500 करोड़ रुपये का प्रावधान। 10 करोड़ रुपये से मेकाहारा में एआई का उपयोग किया जाएगा। एडवांस कार्डियक इंस्टीट्यूट के लिए 10 करोड़ रुपये का प्रावधान। मेडिकल कॉलेज इंटर्न हॉस्टल के लिए 35 करोड़ रुपये का प्रावधान, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के लिए 2,000 करोड़ रुपये का प्रावधान। सत्य साईं संजीवनी अस्पताल के लिए 25 करोड़ रुपये का प्रावधान। कांकेर, कोरबा, महासमुंद में नर्सिंग कॉलेजों का निर्माण। शहीद वीरनारायण सिंह आयुष्मान योजना के तहत सरकारी और गैर-सरकारी अस्पतालों में इलाज के लिए 5 लाख रुपये तक की सुविधा हेतु 1,500 करोड़ रुपये का प्रावधान।
कर्मचारियों के लिए कैशलेस उपचार योजना के लिए 100 करोड़ रुपये का प्रावधान। रायपुर (कालीबाड़ी) में 200 बिस्तर मातृ-शिशु अस्पताल तथा चिरमिरी में जिला अस्पताल निर्माण, 25 डायलिसिस केंद्र एवं 50 जन औषधि केंद्र।बिलासपुर में राज्य कैंसर संस्थान। रायपुर में एडवांस्ड कार्डियक इंस्टीट्यूट 25 से अधिक सीएचसीएस, पीएचसीएस और एसएचसीएस भवन निर्माण के लिए प्रावधान।
मजदूर, महिला, किसान, युवा पर केंद्रित बजट
जी राम जी योजना के लिए 4000 करोड़ का प्रावधान। युवाओं के लिए कुल 1,097 करोड़ का प्रावधान। तेंदुपत्ता संग्राहकों के लिए चरण पादुका योजना के लिए 60 करोड़ का प्रावधान। गन्ना किसानों को बोनस के लिए 60 करोड़ का बजट प्रावधान।छत्तीसगढ़ युवा दर्शन योजना के लिए 5 करोड़ का प्रावधान। महिलाओं के नाम पर भूमि, भवन, अचल संपत्ति क्रय पर भारित पंजीयन शुल्क पर मिलेगी 50 प्रतिशत की छूट। 6500 करोड़ के प्रावधान से हर जरूरतमंद तक खाद्य सुरक्षा पहुंचेगी। मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन के तहत पांच वर्षों तक प्रतिवर्ष 100 करोड़ का बजट प्रावधान।
पीएम मोदी की तरह विधानसभा की सीढ़ियों पर वित्त मंत्री ने टेका माथा टेका
विधानसभा में छत्तीसगढ़ बजट 2026-27 प्रस्तुत करने से पूर्व बजट पर हस्ताक्षर किये। वित्त मंत्री ने पीएम नरेंद्र मोदी की तरह वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट प्रस्तुत करने से पूर्व नवीन विधानसभा की पवित्र सीढ़ियों को श्रद्धापूर्वक प्रणाम किया। विधानसभा की सीढ़ियों पर वित्त मंत्री ने माथा टेका।
प्रमुख शहरों के एयरपोर्ट
पांच प्रमुख शहरों के एयरपोर्ट पर छत्तीसगढ़ी उत्पादों का शोरूम खोलने की भी घोषणा की गई है।
नए औद्योगिक पार्कों का एलान
बजट में 23 नए औद्योगिक पार्क स्थापित करने की घोषणा की गई है, जिसके लिए 250 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। साथ ही निवेश और रोजगार सृजन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से औद्योगिक विकास मद में 100 करोड़ रुपये रखे गए हैं।
अधोसंरचना और विकास के लिए एलान
आयुष्मान योजना के लिए 1500 करोड़ रुपये और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के लिए 2000 करोड़ रुपये का प्रावधान है। रायपुर में अन्य पिछड़ा वर्ग की छात्राओं के लिए 200 सीट का छात्रावास बनेगा, साथ ही बस्तर को शिक्षा का केंद्र बनाने पर जोर है। मुख्यमंत्री आदर्श शहर समृद्धि योजना के लिए 200 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। बस्तर-सरगुजा विकास के लिए बड़े प्रावधान हैं, जिसमें मटनार और देवरगांव बैराज निर्माण के लिए 2024 करोड़ रुपये शामिल हैं। मुख्यमंत्री एआई मिशन, पर्यटन विकास मिशन, खेल उत्कर्ष मिशन, अधोसंरचना मिशन और स्टार्टअप मिशन भी शुरू किए जाएंगे।