सीएम साय बोले: स्वर्णिम रहा पीएम मोदी के 12 वर्षों का कार्यकाल, गिरिराज ने कहा- गांव से संसद तक बना जीत का शतक
CG CM vishnudeo Sai on PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनादेश के साथ निर्वाचित होकर लगातार 12 वर्षों से पीएम के रूप में कार्य करते हुए एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
CG CM vishnudeo Sai on PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनादेश के साथ निर्वाचित होकर लगातार 12 वर्षों से पीएम के रूप में कार्य करते हुए एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। छत्तीसगढ़ की तीन करोड़ जनता की ओर से उनको बहुत-बहुत बधाई। 12 वर्षों का यह कार्यकाल स्वर्णिम और ऐतिहासिक रहा। प्रधानमंत्री मोदी खुद को प्रधानमंत्री नहीं, प्रधान सेवक कहते हैं। 140 करोड़ भारतवासियों को अपना परिवार मानते हैं। ये बातें छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय ने शनिवार को एक निजी होटल में आयोजित मीडिया कॉन्क्लेव में कहीं।
सीएम साय ने कहा कि 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास' को मूलमंत्र मानते हुए दिन और रात 140 करोड़ भारतवासियों की सेवा करते हैं। मोदी के नेतृत्व में नए भारत का निर्माण हो रहा है। एक समृद्ध और सशक्त भारत का निर्माण हो रहा है। एक ऐसा भारत जो किसी को छेड़ता नहीं है और छेड़ने वाले को छोड़ता भी नहीं है। दुश्मनों को घर में घुसकर मारता है। ऐसे नए भारत का निर्माण प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में हुआ है। 12 वर्षों में प्रधानमंत्री ने देश के विकास के लिए अद्भुत काम किए हैं। अगर गरीब कल्याण की बात करें तो सरकार ने जन-धन योजना के तहत 58 करोड़ से ज्यादा बैंक खाते खोले, जिनमें 32 करोड़ से ज्यादा खाते सिर्फ महिलाओं के हैं।
उन्होंने कहा कि कोरोना जैसी महामारी के मुश्किल वक्त से लेकर अब तक 81 करोड़ से ज्यादा देशवासियों को मुफ्त राशन दिया जा रहा है। इलाज के खर्च से गरीब को बचाने के लिए आयुष्मान भारत योजना में 60 करोड़ से ज्यादा हेल्थ कार्ड बने हैं, जिससे मुफ्त इलाज की गारंटी मिली है। इसके अलावा, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना से भी 58 करोड़ से ज्यादा लोगों को एक मजबूत सुरक्षा कवच मिला है। गरीबों के जीवन को आसान बनाने के लिए पीएम आवास योजना के तहत 4 करोड़ से ज्यादा परिवारों को पक्के मकान दिए गए हैं। उज्ज्वला योजना के जरिए 11 करोड़ महिलाओं को मुफ्त गैस कनेक्शन देकर धुएँ से आजादी दी गई है।
केन्द्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि हमने ग्राम पंचायत से लेकर संसद तक राष्ट्रीय सरकार तक जीत का शतक बनाया और कांग्रेस ने हार का शतक बनाया। 22 राज्यों में हमारी सरकार है। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने 12 वर्षों के कार्यकाल में विकास के साथ विरासत का संरक्षण और विरासत के साथ विकास का संवर्धन करने का काम किया है। पीएम मोदी ने पहली बार वन नेशन वन टैक्स की व्यवस्था लागू करके भारत की अर्थव्यवस्था सुधारने की दिशा में अहम कार्य किया। आज दुनिया के 22 देश भारत के साथ भारतीय मुद्रा रुपए में कारोबार कर रहे हैं। यह हर भारतीय के लिए गर्व का विषय है। 16 लाख करोड़ रुपए के बजट को 53.5 लाख करोड़ रुपए तक लाने का काम मोदी-सरकार ने किया है।
केंद्रीय मंत्री सिंह ने कहा कि आज के दौर में दुनिया के सामने भारत के इकॉनॉमी को 10वें स्थान से लाकर चौथे-छठे स्थान पर लाने का काम किया है। दो ट्रिलियन के इकॉनॉमी को 4.25 पर लाने का काम किया है। 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा के ऊपर लाया गया है। कांग्रेस शासन काल में गरीब मिट गए, लेकिन गरीबी नहीं मिटी थी। श्री सिंह ने कहा कि आज दुनिया का हर देश श्री मोदी से हाथ मिलाना चाहता है। आज पूरी दुनिया कह रही है कि भारत की विदेश नीति सबसे अच्छी है। श्री मोदी देश के लिए हितकर होता है, वही करते हैं।
पीएम मोदी के कार्यकाल पर लगी प्रदर्शनी
सीएम साय ने भाजपा प्रदेश कार्यालय (कुशाभाऊ ठाकरे परिसर) में एक विशेष प्रदर्शनी का अवलोकन किया। यह प्रदर्शनी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सफल और ऐतिहासिक 12 वर्षों के कार्यकाल की सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण की अभूतपूर्व उपलब्धियों पर केंद्रित है।
मुख्यमंत्री साय ने प्रदर्शनी का अवलोकन करने के बाद कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल के ये वर्ष भारत के नव-निर्माण, आर्थिक सुदृढ़ीकरण और वैश्विक पटल पर देश का मान बढ़ाने वाले रहे हैं। इस दौरान देश के हर वर्ग, गरीबों, किसानों, युवाओं और महिलाओं के उत्थान के लिए दूरदर्शी योजनाएँ लागू की गई हैं, जिनका लाभ आज सीधे जनता तक पहुँच रहा है। साय ने कहा कि यह प्रदर्शनी श्री मोदी के विजन और देश के विकास की उस गौरवशाली यात्रा को जीवंत रूप में प्रदर्शित करती है, जिसने भारत को एक नई दिशा दी है।
'स्वच्छता अभियान जनभागीदारी से राष्ट्र निर्माण का माध्यम'
केन्द्रीय गिरिराज सिंह ने अपने छत्तीसगढ़ प्रवास के दूसरे दिन शनिवार को सुबह कलेक्ट्रेट स्थित बाबासाहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर प्रतिमा स्थल पर स्वच्छता अभियान में शिरकत की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप 12 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित इस कार्यक्रम में सिंह ने डॉ. अम्बेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस दौरान स्वच्छता मित्रों से भेंट कर उनके समर्पण, परिश्रम और स्वच्छ भारत अभियान में उनके अमूल्य योगदान के लिए उनका धन्यवाद एवं अभिनंदन किया तथा शाल-श्रीफल देकर सम्मान किया और मेडिकल किट प्रदान किया।
ऑक्सीजोन गार्डन में किया पौधारोपण
केंद्रीय मंत्री सिंह ऑक्सीजोन परिसर भी पहुँचे और एक पेड़ माँ के नाम के तहत पौधारोपण किया। इसके बाद ऑक्सीजोन में उपस्थित महिलाओं से चर्चा की।
पद्मश्री डॉ. भारती बंधु से की मुलाकात
देशव्यापी 'विशेष जनसंपर्क अभियान' चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह ने भारतीय संस्कृति व सूफी संगीत के प्रख्यात संवाहक और पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित डॉ. भारती बंधु से उनके निवास पर भेंट की। इस मुलाकात के दौरान देश की प्रगति, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद और मोदी सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों पर विस्तार से सार्थक चर्चा हुई। इस दौरान केंद्रीय मंत्री सिंह ने पद्मश्री डॉ. भारती बंधु के साथ बैठकर पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार की ओर से समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाई गई विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के सफल क्रियान्वयन और उनके दूरगामी प्रभावों पर विचार-विमर्श किया। देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक पटल पर सहेजने और बढ़ावा देने में संगीतकारों और कलाकारों की भूमिका पर भी सकारात्मक बातचीत हुई। पद्मश्री डॉ. भारती बंधु ने भी प्रधानमंत्री के 12 वर्षों के सफल कार्यकाल की सराहना की और देश के सांस्कृतिक संवर्धन के लिए किए जा रहे प्रयासों के प्रति अपनी शुभकामनाएँ व्यक्त कीं।
इस दौरान सांसद बृजमोहन अग्रवाल, प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी, जिला अध्यक्ष रायपुर शहर रमेश सिंह ठाकुर आदि उपस्थित रहे।