चुनाव परिणाम : भाजपा का अजेय किला बना असम, गौरव गोगोई की हार के साथ डूबी कांग्रेस की उम्मीदें
Assam Election Results 2026: कांग्रेस ने स्थानीय मुद्दों के बजाय दिल्ली से तय किए गए नैरेटिव पर चुनाव लड़ने की कोशिश की, जो असम की जनता को प्रभावित नहीं कर सका।
विस्तार
असम विधानसभा चुनाव के नतीजों ने एक बार फिर यह स्पष्ट कर दिया है कि राज्य में भाजपा की जड़ें कितनी गहरी हो चुकी हैं। भाजपा की हैट्रिक केवल एक जीत नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व के प्रति अटूट विश्वास और मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा की रणनीतिक चतुराई का संगम है। चुनावी परिणामों ने विपक्षी खेमे, विशेषकर कांग्रेस के उन तमाम दावों को ध्वस्त कर दिया है, जो बदलाव की उम्मीद लगाए बैठे थे।
इन चुनाव नतीजों का सबसे चौंकाने वाला पहलू कांग्रेस के चेहरा गौरव गोगोई की हार रही है। जोरहाट जैसी प्रतिष्ठित सीट से 23,000 से अधिक वोटों के अंतर से मिली यह हार केवल गौरव गोगोई की व्यक्तिगत हार नहीं है, बल्कि कांग्रेस के उस नैरेटिव की हार है, जो विरासत की राजनीति पर टिका था।
गौरव गोगोई, जिन्हें कांग्रेस भविष्य के मुख्यमंत्री के रूप में देख रही थी, अपनी ही जमीन बचाने में विफल रहे। यह परिणाम साबित करता है कि असम की जनता अब केवल नाम या पारिवारिक पृष्ठभूमि पर नहीं, बल्कि 'डिलीवरी' और 'कनेक्ट' पर वोट दे रही है।
भाजपा की जीत के कारण
भाजपा की इस ऐतिहासिक सफलता के पीछे तीन मुख्य कारक रहे हैं। पहला, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति पूर्वोत्तर का विश्वास इस जीत की सबसे बड़ी पूंजी है। केंद्र की योजनाओं का सीधा लाभ और पूर्वोत्तर को मुख्यधारा से जोड़ने के उनके प्रयासों ने भाजपा को हर वर्ग में स्वीकार्य बनाया है।
दूसरा, मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने खुद को केवल एक मुख्यमंत्री नहीं, बल्कि असमिया अस्मिता के रक्षक के रूप में स्थापित किया है। घुसपैठ, सुरक्षा और पहचान जैसे मुद्दों को उन्होंने जिस प्रखरता से उठाया, उसने विपक्ष के पास कोई काट नहीं छोड़ी।
तीसरा, 'अरुणोदय' जैसी योजनाओं ने महिलाओं का एक ऐसा 'साइलेंट वोट बैंक' तैयार किया, जिसने बूथों पर जाकर भाजपा के पक्ष में एकतरफा मतदान किया।
कांग्रेस की हार का कारण
वहीं, कांग्रेस की इस करारी हार का एक बड़ा कारण राहुल गांधी और केंद्रीय नेतृत्व की राज्यों से बढ़ती दूरी को माना जा रहा है। जहां भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने असम के हर जिले और मंडल तक अपनी उपस्थिति दर्ज कराई, वहीं राहुल गांधी और दिल्ली का नेतृत्व केवल चुनावी रैलियों तक सीमित रहा। राहुल गांधी की राज्यों की राजनीति में निरंतर सक्रियता की कमी ने स्थानीय कार्यकर्ताओं का मनोबल तोड़ा।
कांग्रेस ने स्थानीय मुद्दों के बजाय दिल्ली से तय किए गए नैरेटिव पर चुनाव लड़ने की कोशिश की, जो असम की जनता को प्रभावित नहीं कर सका। चुनाव प्रचार के दौरान पवन खेड़ा जैसे राष्ट्रीय प्रवक्ताओं द्वारा हिमंता बिस्वा सरमा पर किए गए तीखे और व्यक्तिगत हमलों ने मतदाताओं को प्रभावित करने के बजाय नाराज किया। हिमंता ने कुशलतापूर्वक इन हमलों को 'असम के अपमान' से जोड़ दिया, जिससे भाजपा को सहानुभूति का लाभ मिला।
चुनावी मुद्दे
चुनावों में भाजपा ने उन मुद्दों को हवा दी, जो सीधे तौर पर जनता की भावनाओं से जुड़े थे। जैसे, अहोम साम्राज्य और शंकरदेव की विरासत को सहेजने का संकल्प भाजपा के पक्ष में गया।
ब्रह्मपुत्र पर बनते पुल और सड़कों के जाल ने 'परिवर्तन' को लोगों की आंखों के सामने प्रत्यक्ष कर दिया। गौरव गोगोई पर लगाए गए पाकिस्तान कनेक्शन जैसे आरोपों और कांग्रेस के रक्षात्मक रुख ने विपक्ष की साख को भारी नुकसान पहुंचाया।
असम के ये नतीजे यह यही कह रहे हैं कि जीत केवल सोशल मीडिया या टेलीविजन डिबेट से नहीं, बल्कि संगठन की गहराई और स्पष्ट दृष्टि से तय होती है। जहां भाजपा के पास नरेंद्र मोदी जैसा वैश्विक चेहरा और हिमंता जैसा स्थानीय रणनीतिकार है, वहीं कांग्रेस नेतृत्व हीनता और वैचारिक भ्रम के दौर से गुजर रही है।
----------------------------------------------
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यह लेखक के निजी विचार हैं। आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है। अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं। लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें।
