{"_id":"6a56139f4e319c241d030e64","slug":"history-of-world-cinema-kathryn-bigelow-american-filmmaker-and-her-movies-2026-07-14","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"विश्व सिनेमा की जादुई दुनिया: कैथरीन बिगेलो- पुरुषों के विषय पर फिल्म बनाने वाली फिल्मकार","category":{"title":"Blog","title_hn":"अभिमत","slug":"blog"}}
विश्व सिनेमा की जादुई दुनिया: कैथरीन बिगेलो- पुरुषों के विषय पर फिल्म बनाने वाली फिल्मकार
सार
2010 में ऑस्कर की दौड़ में ‘अवतार’ फिल्म ले कर उनके पूर्व पति जेम्स कैमरॉन भी शामिल थे। कई निर्देशकों के साथ कैथरीन अपनी फिल्म ‘द हर्ट लॉकर’ लिए थीं। क्वेन्टीन टैरेन्टीनों, डेविड फिंचर जैसे दिग्गज निर्देशक उपस्थित थे।
विज्ञापन
सिनेमा की दुनिया
- फोटो : Adobe Stock
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अक्सर लोग सोचते हैं, स्त्री यदि लेखन करेगी अथवा फिल्म बनाएगी तो प्रेम, घर-परिवार को दिखाएगी। पर क्या यह सच है?
विज्ञापन
साइंस फिक्शन लेखक तथा स्क्रीनप्ले राइटर ली ब्रैकेट के लेखन पर ऐसी फिल्में बनीं कि उनका पुकारू नाम ‘द क्वीन ऑफ स्पेस ऑपेरा’ पड़ गया। इसी तरह कैथरीन एन बिगेलो पुरुषों के विषय मार-धाड़ पर फिल्म बनाती हैं। उन्हें पहला स्थान मिला हुआ है, जिसे कोई छीन नहीं सकता है। वे पहली सिने-स्त्री हैं, जिन्हें सर्वोत्तम डॉयरेक्टर का बाफ्टा पुरस्कार प्राप्त हुआ। वो भी एक नहीं दो बार। और-तो-और उन्हें दो बार अकादमी पुरस्कार भी मिला। एक बार का प्राइमटाइम एमी भी उनकी झोली में है।
एक मजेदार बात, 2010 में ऑस्कर की दौड़ में ‘अवतार’ फिल्म ले कर उनके पूर्व पति जेम्स कैमरॉन भी शामिल थे। कई निर्देशकों के साथ कैथरीन अपनी फिल्म ‘द हर्ट लॉकर’ लिए थीं। क्वेन्टीन टैरेन्टीनों, डेविड फिंचर जैसे दिग्गज निर्देशक उपस्थित थे। मिला कैथरीन एन बिगेलो को। उस साल इस फिल्म को छ: अकादमी पुरस्कार मिले। इसने कुल सवा सौ सम्मान अपने नाम किए। इसे सर्वोत्तम फिल्म एवं सर्वोत्तम निर्देशन का ऑस्कर मिला।
विज्ञापन
वैसे इस फिल्म के बारे में बोलते हुए वे कहती हैं, ‘युद्ध घृणित छोटा-सा रहस्य है, जिससे कुछ पुरुष प्रेम करते हैं।’ फिल्म की शुरुआत में ही कहा गया है, ‘युद्ध एक लत है।’ लेकिन सैनिकों एवं कुछ दर्शकों को इसमें मजा आता है, वे इससे उत्साहित होते हैं। आइए देखते हैं, इस सवा दो घंटे की फिल्म में क्या है।
विज्ञापन
इराक युद्ध के समय एक सार्जेंट विलियम जेम्स (जेरेमी रेनर) को आर्मी बम स्क्वाड की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उसके ग्रुप के अन्य सदस्य उसे लेकर सशंकित हैं। उन्हें लगता है, इसकी लापरवाही से उनमें से कुछ या सबकी जान जा सकती है। वह क्यों जान जोखिम में डाल कर बम डिफ्यूज करना चाहता है, इसकी तह में जाना ही फिल्म का हासिल है। फिल्म ‘द हर्ट लॉकर’ को सर्वोत्तम फिल्म एवं सर्वोत्तम निर्देशन का बाफ्टा पुरस्कार भी प्राप्त हुआ।
गर्ट्रुड कैथरीन तथा रोनाल्ड एलिओट बिगेलो के घर 27 नवम्बर 1951 को जन्मी इकलौती संतान बिगेलो को ऐसी कहानियां कहना पसंद हैं, जिनमें उन स्त्री-पुरुष का चित्रण होता है, जो जोखिम भरा जीवन चुनते हैं। लेकिन उनके लिए इस जीवन का खतरा दूसरे नम्बर पर आता है, पहले नंबर पर लोग रहते हैं। उनके निर्देशन की शुरुआत 1981 में ‘लवलेस’ से होती है, जिसे उन्होंने मोन्टी मोन्टगोमरी के साथ मिलकर लिखा, निर्देशित किया। यह फिल्म गैर-कानूनी बाइकर पर आधारित है। हर पात्र उतावला है। पहली फिल्म ने समीक्षकों का ध्यान आकर्षित किया। क्रेडिट के समय चलता गीत फिल्म की थीम दर्शक को थमा देता है।
88 पुरस्कार जीत चुकी कैथरीन ने अब तक 23 फिल्में निर्देशित करने के अलावा 12 प्रड्यूस की हैं। उन्होंने 1991 में 2 घंटे की ‘पॉइंट ब्रेक’ बनाई जिसे रिक किंग एवं डब्ल्यू पीटर लिफ से लिखवाया। इस फिल्म में पैट्रिक स्वाएज तथा कियानू रीव्स ने मुख्य भूमिकाएं की हैं। सर्फरस का एक ग्रुप बैंक लुटारा हो सकता है, इसी की झानबीन में एफबीआई का एक एजेंट अंडरकवर बना हुआ है। इसके पहले 1990 में एक्शन थ्रिलर ‘ब्लू स्टील’ का निर्देशन किया, यह महिला पुलिस के इर्द-गिर्द बुनी फिल्म है।
दो साल के छोटे-से वैवाहिक जीवन के बाद कैथरीन 1995 में करीब ढ़ाई घंटे की फिल्म ‘स्ट्रेंज डेज’ बनाई। जिसका स्क्रीनप्ले जेम्स कैमरॉन एवं जय कोक्स ने तैयार किया है। दिसम्बर 1999 में दुनिया आने वाली 21वीं सदी को लेकर लगभग पागल हो रही थी, यह पागलपन लॉस एन्जेलेस में जरा ज्यादा ही था। लेकिन इसी समय कुछ लोगों की बन आई। उपद्रवी लोगों के गिरोह बंदूक लेकर गलियों-सड़कों पर घूम रहे थे। अराजकता दिखाती यह साइबर-साइकॉलॉजिकल थ्रिलर नई थीम लेकर आया। पूरी फिल्म दर्शक को सारे समय बांधे रखती है।
कैथरीन ने वीडियो, म्युजिक वीडियो एवं टीवी में अभिनय किया है। मात्र छ: फिल्मों में अभिनय करने वाली ने दो साल सैन फ्रैन्सिस्को आर्ट इंस्ट्यूट से कला का प्रशिक्षिण लिया, वे इसमें प्रवीण हैं। प्रतिभा के बल पर उन्हें दो स्कॉलरशिप मिली। पहली 20 साल की उम्र में विटनी म्युजियम इंडिपेंडेंट स्टडी प्रोग्राम केलिए और दूसरी कोलम्बिया स्कूल ऑफ आर्ट्स में फिल्म की शिक्षा हेतु। जहां से उन्होंने 1979 में ग्रेजुएशन किया। बाद में कैथरीन ने वहीं शिक्षण कार्य भी किया। उनके कलात्मक काम की समीक्षा कई अन्य समीक्षकों के साथ उनकी मित्र सुसन सोन्टैग ने की है। वे कला एव भाषा से जुड़े ब्रिटिश अवां गार्द (युवा तुर्क) समूह की सदस्य रही हैं।
साल 2012 की फिल्म- ‘जीरो डार्क थर्टी’
कैथरीन बिगेलो ने फीचर फिल्म के अलावा वीडियो, टीवी, म्युजिक वीडियो का भी निर्देशन किया है। चूंकि उन्हें जोखिम भरी फिल्म बनाना पसंद है, उन्होंने 2012 में ‘जीरो डार्क थर्टी’ बनाई जिसके बारे में उनका कहना है, मुझे लगता है हम ठीक थे। वे इस मूवी को लेकर गर्वित हैं और मजबूती से उसके साथ खड़ी हैं। यह एक गहन नैतिक फिल्म है, जो शक्ति प्रयोग पर प्रश्न खड़े करती है। जो किया गया उस पर प्रश्न उठाती है।
साउंड एडीटिंग केलिए अकादमी पुरस्कृत फिल्म ‘जीरो डार्क थर्टी’ एक दशक तक चलने वाले एक टेररिस्ट को दबोचने वाले अभियान को तिथिवार प्रस्तुत करती है। यह टेररिस्ट लीडर विश्व कुख्यात ओसामा बिन लादेन है। जिसकी खोज 11 सितम्बर को ट्विन टॉवर गिरने के साथ अमेरिका ने शुरु की (इसी फुटेज से फिल्म की भी शुरुआत होती है) और अंतत: उसका अंत किया। इसका स्क्रीनप्ले मार्क बोआल ने लिखा है। जेसिका चैस्टैन मुख्य भूमिका में हैं। इसमें भी वे बार-बार ह्युमन एंगल को दिखाती हैं।
1873, 1961 की जैसी वास्तविक घटनाओं को उन्होंने अपनी फिल्म की थीम बनाया है। हॉलीवुड में 2009 में 5 से 7 जून तक उनकी सारी फिल्म दिखा कर अमेरिकन सिने-क्रिटिक ने उनका सम्मान किया।
एक साल बाद सांता बारबरा इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में यही किया गया, इस स्लॉट को नाम दिया, ‘ए सेलेब्रेशन ऑफ कैथरीन बिगेलो’। ‘स्ट्रेंज डेज’, ‘के-19:द विडो मेकर’, ‘द वेट ऑफ वाटर’ आदि तमाम फिल्म बनाने वाली को ‘द वाइल्ड बन्च’, ‘मीन स्ट्रीट’, ‘लॉरेंस ऑफ अरेबिया’, ‘द टर्मिनेटर’, हिचकॉक की सारी-की-सारी फिल्में जैसी फिल्में पसंद हैं। सत्तर के दशक में जब वे आर्ट का काम कर रही थीं, उन्होंने न्यू यॉर्क में ‘द वाइल्ड बन्च’ एवं ‘मीन स्ट्रीट’ देखी। यह देखना उनके लिए ऐसा अनुभव बना, जिसने उनका जीवन बदल कर रख दिया। उन्हें लगा ये फिल्में असाधारण है।
कैथरीन एन बिगेलो अभी सक्रिय हैं, 2025 में उनकी फिल्म ‘ए हाउस ऑफ डायनामाइट’ आई है।
-------------------
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): यह लेखक के निजी विचार हैं। आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है। अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं। लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें।