राज और नीति: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का बढ़ता कद
राज और नीति: मध्य प्रदेश की राजनीति और प्रशासनिक गलियारों में इन दिनों कई दिलचस्प घटनाक्रम चर्चा में हैं। राज्यसभा चुनाव में भाजपा की तीनों सीटों पर जीत के बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव की राजनीतिक पकड़ मजबूत मानी जा रही है। वहीं, मीनाक्षी नटराजन के नामांकन विवाद के बीच कांग्रेस के भीतर भी कई सवाल उठ रहे हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मध्य प्रदेश में भाजपा राज्यसभा की तीनों सीट जीत गई। इस जीत से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का कद भाजपा की राष्ट्रीय राजनीति में काफी हद तक बढ़ा है। बता दें कि शुरू में भाजपा ने यह संकेत दिए थे कि प्रदेश में राज्यसभा की तीसरी सीट कांग्रेस के लिए छोड़ दी जाएगी। अब इस जीत को मुख्यमंत्री की रणनीति का कमाल माना जा रहा है।
मीनाक्षी नटराजन मामले में सक्रिय नहीं दिखे अजय सिंह
मध्य प्रदेश में राज्यसभा की उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन के नाम निर्देशन पत्र रद्द होने को लेकर जहां कांग्रेस में खलबली मची हुई थी, वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल कहीं भी सक्रिय नहीं दिखाई दिए। उनका इस मामले में सार्वजनिक बयान भी घटनाक्रम के दो दिन बाद आया। राजनीतिक गलियारों में इस बात को लेकर चर्चा रही कि आखिर अजय सिंह इस मामले में क्यों चुप्पी साधे रहे?
कांग्रेस की अग्रणी नेताओं में शामिल हुईं मीनाक्षी
एमपी में राज्यसभा की उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन भले ही चुनाव आयोग से जंग हार गई हों, लेकिन कांग्रेस में अब उनकी गिनती प्रदेश की अग्रणी नेताओं में होने लगी है। मीनाक्षी की पहचान गांधीवादी नेता के रूप में होती है। वे मंदसौर की पूर्व सांसद रही हैं और कांग्रेस की एकमात्र ऐसी नेत्री हैं, जिन्होंने लोकसभा चुनाव लड़ने के एक हफ्ते बाद ही पूरा ऑडिटेड हिसाब पार्टी के कोषाध्यक्ष को देकर बाकी पैसा लौटा दिया था। उस समय पूरी पार्टी हैरान रह गई थी। सब सोच रहे थे, क्या कोई ऐसा नेता भी है?
कौन बनेगा मध्य प्रदेश विद्युत नियामक आयोग का अध्यक्ष!
मध्य प्रदेश विद्युत नियामक आयोग के अध्यक्ष पद की नियुक्ति के लिए राज्य शासन ने हाल ही में विज्ञापन जारी कर दिया है। यह पद पिछले डेढ़ साल से खाली पड़ा है। माना जा रहा है कि इस पद के लिए अपर मुख्य सचिव स्तर के वर्तमान और पूर्व अधिकारी आवेदन कर सकते हैं। जिन अधिकारियों के नाम चर्चा में हैं, उनमें अभी जून माह में भारत सरकार में सचिव पद से सेवानिवृत्त हुईं अलका उपाध्याय, मध्य प्रदेश शासन में अपर मुख्य सचिव पद से सेवानिवृत्त हुए जे.एन. कंसोटिया और मलय श्रीवास्तव शामिल हैं। अगर वर्तमान अधिकारियों की बात करें तो वर्तमान मुख्य सचिव अनुराग जैन अगस्त में सेवानिवृत्त हो रहे हैं। अगर वे एक्सटेंशन नहीं लेते हैं और दिल्ली में कोई अन्य जिम्मेदारी नहीं लेते हैं, तो वे भी इस पद पर आ जाएं तो आश्चर्य मत करिएगा।
नर्मदा परिक्रमा के आध्यात्मिक अनुभव सुनाएंगे पूर्व गृह सचिव ओमप्रकाश श्रीवास्तव
पूर्व गृह सचिव एवं सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी ओमप्रकाश श्रीवास्तव शनिवार, 13 जून को भोपाल के दुष्यंत संग्रहालय में नर्मदा परिक्रमा के आध्यात्मिक अनुभव सुनाएंगे। इस अवसर पर उनकी पत्नी भारती श्रीवास्तव भी उपस्थित रहेंगी। भारती श्रीवास्तव ने भी 10 दिसंबर 2025 से 5 मई 2026 तक अपने पति ओमप्रकाश श्रीवास्तव के साथ नर्मदा पथ की यात्रा की है। श्रीवास्तव की यह यात्रा गृह विभाग के सचिव पद से सेवानिवृत्ति के तत्काल बाद शुरू हुई थी। स्कूल शिक्षा विभाग में कार्यरत उनकी पत्नी ने भी उसी दौरान सेवानिवृत्ति ले ली थी। श्रीवास्तव दंपति ने 147 दिन में नर्मदा पथ की 3144 किलोमीटर की यात्रा पूरी की है।
अस्वीकरण: यह लेखक के निजी विचार हैं। आलेख में शामिल सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है। अपने विचार हमें blog@auw.co.in पर भेज सकते हैं। लेख के साथ संक्षिप्त परिचय और फोटो भी संलग्न करें।