सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Columns ›   Opinion ›   In search of a new balance, the Bengal election results have sparked a new debate

मुद्दा: नए संतुलन की तलाश में, बंगाल के चुनाव नतीजों से उपजा नया विमर्श

Raj Kishor राज किशोर
Updated Mon, 11 May 2026 06:56 AM IST
विज्ञापन
सार
हालिया चुनाव परिणाम इस धारणा को स्पष्ट चुनौती देते हैं कि बंगाली अस्मिता और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद परस्पर विरोधी विचार हैं। नए राजनीतिक संकेत बताते हैं कि राज्य का समाज अपनी विभिन्न ऐतिहासिक व सांस्कृतिक धाराओं के बीच नए संतुलन की तलाश में है। यह प्रक्रिया किस दिशा में जाएगी, इसका अंतिम उत्तर भविष्य की राजनीति और समाज ही तय करेंगे।
loader
In search of a new balance, the Bengal election results have sparked a new debate
नए संतुलन की तलाश में - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

हालिया चुनाव परिणामों ने पश्चिम बंगाल की राजनीतिक दिशा, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद  और वहां के सामाजिक मनोविज्ञान को लेकर एक नए विमर्श को जन्म दिया है। अक्सर तर्क दिया जाता रहा है कि बंगाल की वैचारिक भूमि पर सांस्कृतिक राष्ट्रवाद, जिसे आज हिंदुत्व के रूप में परिभाषित किया जाता है, की जड़ें नहीं हैं और यह उत्तर या पश्चिम भारत से आयातित एक राजनीतिक विचार है। यदि तटस्थ विश्लेषण किया जाए, तो एक भिन्न तस्वीर उभरती है। सामान्यतः  माना जाता है कि हिंदुत्व शब्द और उसके व्यापक अर्थों की अवधारणा सावरकर ने स्थापित की, पर उनसे लगभग तीन दशक पहले 1892 में बंगाली विद्वान चंद्रनाथ बसु ने अपनी पुस्तक हिंदुत्व: हिंदुर प्राकृत इतिहास में इसे परिभाषित किया था। बसु के लिए यह कोई संकीर्ण धार्मिक आग्रह नहीं, बल्कि व्यापक सभ्यतागत और सांस्कृतिक आत्मबोध था। उन्होंने विविधता के भीतर सांस्कृतिक निरंतरता को समाज की बड़ी शक्ति माना।


यह वह समय था, जब बंगाल में ब्रिटिश शासन के विरुद्ध राजनीतिक चेतना आकार ले रही थी और समाज सुधारक अपनी परंपराओं तथा जड़ों की ओर लौटकर नई पहचान गढ़ने का प्रयास कर रहे थे। बंकिम के आनंदमठ ने आधुनिक राष्ट्र की कल्पना केवल एक भूभाग के रूप में नहीं, बल्कि शक्ति के प्रतीक रूप में की। आनंदमठ का ‘वंदे मातरम्’ अनुशीलन समिति जैसे संगठनों से जुड़े युवाओं के लिए प्रतिरोध का प्रेरणा स्रोत बन गया।  इसी वैचारिक मंथन को स्वामी विवेकानंद और महर्षि अरविंद ने व्यापक आयाम दिए। स्वामी विवेकानंद ने भारतीय आध्यात्मिक परंपरा को आत्मविश्वास और आधुनिकता के साथ प्रस्तुत किया। जबकि महर्षि अरविंद ने अपने ‘उत्तरपाड़ा अभिभाषण’ में सनातन धर्म और राष्ट्रवाद के संबंध को स्पष्ट रूप से रेखांकित किया। स्वतंत्रता के बाद यह विमर्श राजनीतिक स्वरूप में तब सामने आया, जब डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने भारतीय जनसंघ की स्थापना की। डॉ. मुखर्जी ने बंगाल की बौद्धिक और सांस्कृतिक चेतना को राष्ट्रीय अखंडता और राजनीतिक संगठन के साथ जोड़ने का प्रयास किया।


बंगाल पुनर्जागरण की परंपरा में ब्रह्म समाज, रवींद्रनाथ की सार्वभौमिक मानवीय दृष्टि, सामाजिक सुधार आंदोलनों और बाद के वामपंथी विचारों का भी गहरा प्रभाव रहा है। अनेक इतिहासकारों व विश्लेषकों का मानना है कि बंगाल की अस्मिता बहुस्तरीय रही है, जिसमें धार्मिक-सांस्कृतिक चेतना के साथ उदारवाद, सामाजिक न्याय और धर्मनिरपेक्ष राजनीति की परंपराएं भी शामिल रही हैं। अतः वर्तमान राजनीतिक बदलाव को केवल सांस्कृतिक पुनरुत्थान के रूप में देखना सरलीकरण होगा।

स्वतंत्रता के बाद के दशकों में लंबे वामपंथी शासन और बाद में क्षेत्रीय राजनीति के दौर में ‘बंगाली अस्मिता’ को एक विशेष राजनीतिक व सांस्कृतिक ढांचे में परिभाषित किया गया। इस दौरान दुर्गा पूजा, काली पूजा और अन्य पारंपरिक उत्सवों को सिर्फ सांस्कृतिक आयोजनों के रूप में प्रस्तुत किया गया। इसी अवधि में यह धारणा मजबूत हुई कि बंगाली अस्मिता और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद परस्पर विरोधी विचार हैं। हालिया चुनाव परिणाम इस धारणा को चुनौती देते हैं। चुनाव के दौरान ग्रामीण और शहरी, दोनों क्षेत्रों में सांस्कृतिक पहचान और राजनीतिक अभिव्यक्ति के बीच संबंध अधिक स्पष्ट दिखाई दिया। नंदीग्राम जैसे क्षेत्रों में, जहां कभी भूमि और कृषि अधिकारों के संघर्ष प्रमुख थे, वहां अब सांस्कृतिक पहचान और राजनीतिक प्रतिनिधित्व का प्रश्न भी चर्चा के केंद्र में दिखा।

इससे यह प्रतीत होता है कि बंगाल का एक बड़ा वर्ग अब बंगाली अस्मिता और भारतीय सांस्कृतिक चेतना के बीच विरोध नहीं देखता। कृत्तिवास रामायण, चंडी पाठ और शक्ति उपासना जैसी परंपराएं लंबे समय से बंगाल के सामाजिक जीवन का हिस्सा रही हैं। वर्तमान राजनीति में इन प्रतीकों की बढ़ती उपस्थिति को समाज का एक वर्ग अपनी सांस्कृतिक अभिव्यक्ति के रूप में देख रहा है। वहीं आलोचकों का मानना है कि यह ध्रुवीकरण को भी जन्म दे सकता है। यही कारण है कि बंगाल का वर्तमान राजनीतिक परिवर्तन को केवल चुनावी घटना नहीं, बल्कि व्यापक सामाजिक और वैचारिक परिवर्तन के रूप में देखा जा रहा है। इसके पीछे इतिहास, सांस्कृतिक स्मृतियों, सामाजिक बदलावों और समकालीन राजनीति की जटिल अंतःक्रिया काम करती दिखती है। नए राजनीतिक संकेत बताते हैं कि राज्य का समाज अपनी विभिन्न ऐतिहासिक व सांस्कृतिक धाराओं के बीच नए संतुलन की तलाश में है। यह प्रक्रिया किस दिशा में जाएगी, इसका अंतिम उत्तर भविष्य की राजनीति और समाज ही तय करेंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Trending Videos
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

Next Article

Followed