सिर पर गेंद लगते ही मैदान पर गिर पड़े आंद्रे रसेल, सामने आया दर्दनाक VIDEO
सबीना पार्क में जमैका तलावाह और सेंट लूसिया जूक्स के बीच खेले गए मैच के दौरान 14वें ओवर में आंद्रे रसेल ने हार्डस विल्जोएन की एक शॉर्ट पिच गेंद को पुल करना चाहा, लेकिन विल्जोएन की यह गेंद रसेल के सिर पर (दाएं कान के पास) लगी। रसेल के चोटिल होने के बाद उनकी टीम को भी इस मैच में हार का सामना करना पड़ा।
जिस वक्त यह हादसा हुआ तब रसेल शून्य पर ही बल्लेबाजी कर रहे थे। गेंद लगने के बाद वह मैदान पर ही लेट गए, हालांकि वह खड़े होकर खुद ही बाहर जाने लगे। इसके बाद उन्हें रोका गया और स्ट्रेचर पर बाहर ले जाया गया।
#AndreRussell Suffers Brutal Blow During #Jamaica Tallawahs vs #StLuciaZouks Match #CPL19 pic.twitter.com/UorR4K7BUb
— Neetu Kamal (@imneetukamal) September 13, 2019
कैरेबियन प्रीमियर लीग के आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर जानकारी दी गई कि आंद्रे रसेल का अस्पताल में स्कैन कराया गया है और खतरे की कोई बात नहीं है। बाद में उनकी फ्रेंचाइजी जमैका तलावाह की ओर से बताया गया कि आंद्रे रसेल को कोई गंभीर चोट नहीं लगी है। हालांकि उन्हें होटल में वापस जाने की सलाह दी गई है।
जब यह घटना घटी उस समय जमैका तलावाह का स्कोर 5 विकेट के नुकसान पर 137 रन था। इसके बाद टीम ने 20 ओवर में 170 रन बनाए। इस मैच में जमैका के कप्तान क्रिस गेल पहली गेंद पर आउट हो गए।
रोवमैन पॉवेल ने 22 गेंद पर 44 रनों की तेज पारी खेली। हालांकि, सेंट लूसिया जूक्स ने 16.4 ओवर में ही 5 विकेट के नुकसान पर यह लक्ष्य हासिल कर लिया। सेंट लूसिया जूक्स के लिए रहकीम कॉर्नवाल ने 30 गेंद पर ताबड़तोड़ 75 रन बनाए।