सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Cricket ›   Cricket News ›   ENG Women vs WI Women, 22nd Match, Group 2 at London Womens T20 World Cup 2026 match updates

ENG W vs WI W: महिला टी20 विश्वकप के सेमीफाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम इंग्लैंड, विंडीज को 38 रनों से रौंदा

स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, लॉर्ड्स Published by: मयंक त्रिपाठी Updated Thu, 25 Jun 2026 03:10 AM IST
विज्ञापन
सार

इंग्लैंड की महिला टीम ने डैनी व्याट-हॉज (65 रन) की शानदार पारी और गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन की बदौलत वेस्टइंडीज को 38 रन से हराकर महिला टी20 विश्व कप 2026 के सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली। इस जीत के साथ इंग्लैंड आठ अंकों के साथ ग्रुप-2 में शीर्ष पर पहुंच गया, जबकि वेस्टइंडीज छह अंकों के साथ दूसरे स्थान पर बनी हुई है।

ENG Women vs WI Women, 22nd Match, Group 2 at London Womens T20 World Cup 2026 match updates
इंग्लैंड ने वेस्टइंडीज को हराया - फोटो : ICC
विज्ञापन

विस्तार

इंग्लैंड ने वेस्टइंडीज को 38 रनों से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। मेजबान टीम मौजूदा महिला टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम भी बन गई। ग्रुप-दो के मुकाबले में इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में सात विकेट पर 186 रन बनाए, जिसके जवाब में वेस्टइंडीज की टीम 20 ओवर में पांच विकेट पर 148 रन ही बना सकी। डैनी व्याट-हॉज की शानदार अर्धशतकीय पारी और गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन ने इंग्लैंड की जीत की नींव रखी। व्याट-हॉज को उनकी 65 रन की मैच जिताऊ पारी के लिए 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया।


विज्ञापन

व्याट-हॉज और नाइट ने संभाली इंग्लैंड की पारी
टॉस के बाद बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत झटकेदार रही। एमी जोन्स जल्दी पवेलियन लौट गईं, लेकिन इसके बाद डैनी वायट-हॉज ने जिम्मेदारी संभाली। उन्होंने 42 गेंदों में 65 रन बनाए, जिसमें कई आकर्षक चौके शामिल रहे। व्याट-हॉज को अनुभवी बल्लेबाज हीदर नाइट का भी अच्छा साथ मिला। नाइट ने 26 गेंदों पर 43 रन की तेजतर्रार पारी खेली। दोनों ने मध्यक्रम में महत्वपूर्ण साझेदारियां कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। वेस्टइंडीज की ओर से ऑफ स्पिनर अश्मिनी मुनीसर सबसे सफल गेंदबाज रहीं। उन्होंने चार ओवर में 42 रन देकर दो विकेट हासिल किए।

इंग्लैंड के स्पिनरों ने कसा शिकंजा
187 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज को कप्तान हेले मैथ्यूज के रूप में बड़ा झटका लगा। मैथ्यूज 14 रन बनाकर आउट हुईं। उनके आउट होने को लेकर विवाद भी देखने को मिला, क्योंकि डीआरएस में अल्ट्राएज और वीडियो रिप्ले को लेकर सवाल उठे। इसके बाद डिएंड्रा डॉटिन ने कुछ आक्रामक शॉट लगाए, लेकिन इंग्लैंड के स्पिनरों ने नियमित अंतराल पर विकेट लेकर मैच पर पकड़ बनाए रखी। चार्ली डीन ने दो विकेट लेकर वेस्टइंडीज की रन गति पर ब्रेक लगाया। सोफी एक्लेस्टोन और लिन्सी स्मिथ ने भी किफायती गेंदबाजी की। तेज गेंदबाज लॉरेन बेल ने भी अहम विकेट हासिल किया।

हेनरी और क्लैक्सटन की जुझारू साझेदारी
मध्यक्रम में चिनेल हेनरी और जहजारा क्लैक्सटन ने पांचवें विकेट के लिए 63 रन जोड़कर संघर्ष जरूर किया। हेनरी ने नाबाद 51 रन की पारी खेली, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से पर्याप्त समर्थन नहीं मिला। आखिरकार वेस्टइंडीज निर्धारित 20 ओवर में 148/5 तक ही पहुंच सकी और इंग्लैंड ने मुकाबला 38 रन से अपने नाम कर लिया।

ग्रुप-2 की अंक तालिका का हाल
इस जीत के साथ इंग्लैंड महिला टीम ने लगातार चौथी जीत दर्ज करते हुए आठ अंकों के साथ ग्रुप-दो में शीर्ष स्थान बरकरार रखा और सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। वेस्टइंडीज छह अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है और उसकी नॉकआउट में पहुंचने की उम्मीदें अभी भी कायम हैं।
 
टीम मैच जीते हारे बेनतीजा अंक नेट रन रेट
इंग्लैंड 4 4 0 0 8 +2.342
वेस्टइंडीज 4 3 1 0 6 +0.008
न्यूजीलैंड  4 2 2 0 4 +0.122
श्रीलंका  4 2 2 0 4 -0.973
स्कॉटलैंड  4 1 3 0 2 -0.236
आयरलैंड  4 0 4 0 0 -1.277
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें क्रिकेट समाचार से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। क्रिकेट जगत की अन्य खबरें जैसे क्रिकेट मैच लाइव स्कोरकार्ड, टीम और प्लेयर्स की आईसीसी रैंकिंग आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed