सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Cricket ›   Cricket News ›   ind-w vs ban-w highlights india w vs bangladesh w t20 world cup 2026 match updates

IND W vs BAN W: शेफाली के अर्धशतक से जीता भारत, सेमीफाइनल की उम्मीदें बरकरार; श्री चरणी ने रचा इतिहास

स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, मैनचेस्टर Published by: मयंक त्रिपाठी Updated Thu, 25 Jun 2026 10:34 PM IST
सार

भारत ने महिला टी20 विश्व कप 2026 में शेफाली वर्मा के तेज अर्धशतक और राधा यादव की शानदार गेंदबाजी के दम पर बांग्लादेश को पांच विकेट से हराकर सेमीफाइनल की उम्मीदें कायम रखीं। वहीं, युवा स्पिनर श्री चरणी ने टूर्नामेंट में 12 विकेट पूरे कर महिला टी20 विश्व कप के एक संस्करण में भारत की सबसे सफल गेंदबाज बनने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।

विज्ञापन
ind-w vs ban-w highlights india w vs bangladesh w t20 world cup 2026 match updates
भारतीय महिला टीम - फोटो : BCCI Women

विस्तार

भारत ने महिला टी20 विश्व कप 2026 में अपनी सेमीफाइनल की उम्मीदों को जीवित रखते हुए गुरुवार को ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर खेले गए मैच में बांग्लादेश को पांच विकेट से हरा दिया। शैफाली वर्मा के तेजतर्रार अर्धशतक और गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन की बदौलत भारतीय टीम ने 137 रन के लक्ष्य को 16.5 ओवर में पांच विकेट खोकर हासिल कर लिया। इससे पहले भारत ने बांग्लादेश को 20 ओवर में 136/8 के स्कोर पर रोक दिया। हालांकि भारतीय टीम की फील्डिंग एक बार फिर सवालों के घेरे में रही और खिलाड़ियों ने चार कैच छोड़े, लेकिन गेंदबाजों ने विपक्षी बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया।
विज्ञापन

बांग्लादेश की ओर से निगार और जुआइरिया ने संभाली पारी
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश की शुरुआत धीमी रही। रेणुका सिंह ठाकुर ने शुरुआती झटका देते हुए दिलारा अख्तर को सिर्फ चार रन पर आउट कर दिया। इसके बाद जुआइरिया फर्दौस और सोभाना मोस्टारी ने पारी को संभालने की कोशिश की। जुआइरिया ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 30 गेंदों पर 33 रन बनाए, जिसमें पांच चौके शामिल रहे। दोनों बल्लेबाजों ने दूसरे विकेट के लिए 51 रन जोड़े।

निगार सुल्ताना ने कप्तानी पारी खेलते हुए 24 गेंदों पर 32 रन बनाए। उन्होंने 14वें ओवर में नंदिनी शर्मा पर चार चौके जड़कर रन गति बढ़ाने की कोशिश की, लेकिन 17वें ओवर की पहली गेंद पर स्टंप आउट होकर पवेलियन लौट गईं। उनके आउट होने के बाद बांग्लादेश की पारी लड़खड़ा गई और टीम बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर सकी। भारत की ओर से वापसी कर रही बाएं हाथ की स्पिनर राधा यादव ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में 28 रन देकर तीन विकेट झटके। श्री चरणी ने भी दो विकेट लिए, जबकि रेणुका सिंह ठाकुर और नंदिनी शर्मा को एक-एक सफलता मिली।
विज्ञापन
विज्ञापन

शेफाली की विस्फोटक बल्लेबाजी से आसान हुई राह
137 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को सलामी बल्लेबाज शैफाली वर्मा ने तेज शुरुआत दिलाई। उन्होंने केवल 34 गेंदों में 53 रन की शानदार पारी खेली और बांग्लादेशी गेंदबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखा। शेफाली के अर्धशतक ने भारत की जीत की नींव रखी, जिसके बाद मध्यक्रम के बल्लेबाजों ने लक्ष्य तक पहुंचने में कोई बड़ी परेशानी नहीं होने दी। भारत ने 16.5 ओवर में पांच विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। बांग्लादेश की ओर से रितु मोनी सबसे सफल गेंदबाज रहीं। उन्होंने चार ओवर में 29 रन देकर दो विकेट हासिल किए।

विज्ञापन

श्री चरणी ने रचा इतिहास
मैच के दौरान भारतीय युवा स्पिनर श्री चरणी ने एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली। 21 वर्षीय बाएं हाथ की स्पिनर महिला टी20 विश्व कप के एक संस्करण में भारत की ओर से सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज बन गईं। चरणी ने बांग्लादेश की पारी के अंतिम ओवर में शोरना अख्तर का विकेट लेकर टूर्नामेंट में अपना 11वां विकेट हासिल किया और पूनम यादव का रिकॉर्ड तोड़ दिया। पूनम ने 2020 विश्व कप में 10 विकेट लिए थे। चरणी ने उसी ओवर में एक और विकेट लेकर अपने विकेटों की संख्या 12 तक पहुंचा दी। इसके साथ ही वह महिला टी20 विश्व कप के एक संस्करण में भारत की सबसे सफल गेंदबाज बन गईं। चरणी का शानदार प्रदर्शन पूरे टूर्नामेंट में जारी है। वह इससे पहले नीदरलैंड्स के खिलाफ चार विकेट और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन विकेट लेकर सुर्खियों में आई थीं। हाल ही में वह आईसीसी महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय गेंदबाजी रैंकिंग में भी नंबर-1 स्थान पर पहुंची हैं।

रिकॉर्ड बुक में दर्ज हुआ नाम
चरणी के 12 विकेट अब महिला टी20 विश्व कप के किसी एक संस्करण में चौथा सर्वाधिक विकेट लेने का संयुक्त रिकॉर्ड बन गए हैं। वह अब न्यूजीलैंड की अमेलिया केर के 15 विकेट के सर्वकालिक रिकॉर्ड के बेहद करीब पहुंच चुकी हैं। भारत के टूर्नामेंट में अभी मुकाबले बाकी हैं और ऐसे में चरणी के पास इस रिकॉर्ड को चुनौती देने का शानदार मौका होगा।

विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें क्रिकेट समाचार से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। क्रिकेट जगत की अन्य खबरें जैसे क्रिकेट मैच लाइव स्कोरकार्ड, टीम और प्लेयर्स की आईसीसी रैंकिंग आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed