इंग्लैंड दौरा खत्म करने के बाद टीम इंडिया ऑस्ट्रेलिया दौरे पर कूच करेगी। हाल ही में इंग्लैंड के हाथों बुरी तरह मात खाने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम स्टीव स्मिथ और डेविड वॉर्नर की गैर-मौजूदगी में काफी हल्की पड़ चुकी है। टिम पेन के नेतृत्व में कंगारू टीम का हाल काफी बुरा हो चुका है।
ऐसे में कप्तान विराट कोहली के पास एक अच्छा मौका होगा कि ऑस्ट्रेलिया को उसी की सरजमीं पर हराकर इतिहास रच सकें। इसके पहले ही कंगारू गेंदबाजों ने माइंडगेम खेलना शुरू कर दिया था। पहले पैट कमिंस ने कहा था कि कोहली यहां एक भी शतक नहीं लगा पाएंगे। हमें उन्हें जल्द आउट कर देंगे।
पैट कमिंस के इस बयान ने काफी सुर्खियां बटोरी थीं। अब तेज गेंदबाज ने अपने उस बयान पर सफाई दी है। उन्होंने कहा है कि उनके बयान को दूसरे तरीके से लिया गया। कमिंस ने बीते दिनों कहा था कि कोहली ऑस्ट्रेलियाई दौरे पर एक भी शतक नहीं बना पाएंगे।
अब कमिंस ने कहा है कि कोहली के खिलाफ उन्होंने जो बयान दिया उस पर जो प्रतिक्रियाएं मिलीं, उससे वो बेहद हैरान हैं। क्रिकेट डॉट कॉम डॉट एयू ने कमिंस के हवाले से लिखा है, 'मैंने जो कोहली के बारे में कहा था उस पर जो प्रतिक्रियाएं आईं, उनसे मैं हैरान हूं।'
उन्होंने कहा, 'जिस तरह मेरे बयान को लिया गया मैं उससे उलट कहना चाहता था। मैं कोहली की तारीफ करना चाहता था और कहना चाहता था कि मेरी ख्वाहिश है कि कोहली ऑस्ट्रेलिया में शतक न बनाएं।'
कमेंट
कमेंट X