MI vs RCB: 6,4,6,4...आखिरी चार गेंदों पर पलटा मैच, डीक्लार्क ने उड़ाईं मुंबई की धज्जियां; आरसीबी की पहली जीत
महिला प्रीमियर लीग के चौथे संस्करण का आगाज रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने जीत के साथ किया। शुक्रवार को नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम पर खेले गए मुकाबले में आरसीबी ने नादिन डी क्लार्क की नाबाद 63 रनों की पारी के दम पर टीम को तीन विकेट से जीत दिला दी।
विस्तार
155 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की शुरुआत तेज रही, लेकिन मुंबई इंडियंस के गेंदबाजों ने समय-समय पर विकेट निकालकर मुकाबले को रोचक बनाए रखा। हालांकि, अंत में नादिन डी क्लार्क की शानदार नाबाद पारी ने आरसीबी को जीत तक पहुंचा दिया। आरसीबी को पहला झटका 4.6 ओवर में लगा, जब ग्रेस हैरिस (25 रन) को नेट शीवर-ब्रंट ने अपना शिकार बनाया। इसके बाद कप्तान स्मृति मंधाना (18 रन) 3.5 ओवर में शबनिम इस्माइल की गेंद पर आउट हुईं। पावरप्ले में दो विकेट गिरने से आरसीबी पर दबाव बना। तीसरा विकेट सातवें ओवर में गिरा, जब दयालन हेमलता (7 रन) को अमनजोत कौर ने एलबीडब्ल्यू आउट किया। इसके बाद राधा यादव (1 रन) भी 7.1 ओवर में अमेलिया केर की गेंद पर पवेलियन लौट गईं। आठ ओवर से पहले चार विकेट गिरने के बाद आरसीबी मुश्किल में दिख रही थी।
इसके बाद विकेटकीपर ऋचा घोष (6 रन) ने पारी संभालने की कोशिश की, लेकिन वह भी 7.4 ओवर में निकोला कैरी की गेंद पर आउट हो गईं। 65 रन पर पांच विकेट गिरने के बाद आरसीबी की हार लगभग तय मानी जा रही थी। मिडिल ऑर्डर में अरुंधति रेड्डी (20 रन) ने नादिन डी क्लार्क का अच्छा साथ दिया, लेकिन वह 16.1 ओवर में निकोला कैरी की गेंद पर आउट हो गईं। इसके बाद श्रेयंका पाटिल (1 रन) भी 17वें ओवर में कैरी का दूसरा शिकार बनीं। एक छोर पर नादिन डी क्लार्क डटी रहीं। उन्होंने 44 गेंदों पर 63 रनों की नाबाद पारी खेली। इस पारी में क्लार्क सात चौके और दो छक्के लगाए। अंतिम ओवर में 18 रनों की जरूरत थी, जहां डी क्लार्क ने नेट सिवर-ब्रंट की गेंदों पर दो चौके और दो छक्के जड़कर मुकाबला आरसीबी के नाम कर दिया।
- जीत के लिए आरसीबी को आखिरी ओवर में 18 रनों की जरूरत थी
- बल्लेबाज: नादिन डी क्लार्क
- गेंदबाज: नेट शीवर-ब्रंट
𝗧𝗔𝗞𝗘. 𝗔. 𝗕𝗢𝗪, Nadine de Klerk! 🙇♀️
— Women's Premier League (WPL) (@wplt20) January 9, 2026
🎥 She clinches a famous victory for @RCBTweets in the #TATAWPL 2026 opener ❤️
Scorecard ▶️ https://t.co/IWU1URl1fr#KhelEmotionKa | #MIvRCB pic.twitter.com/5a9kjYJc2b
आखिरी ओवर की गेंद-दर-गेंद कहानी
- पहली गेंद: डॉट बॉल
- दूसरी गेंद: डॉट बॉल
- तीसरी गेंद: छक्का
- चौथी गेंद: चौका
- पांचवीं गेंद: छक्का
- छठी गेंद: चौका
इससे पहले मुंबई की पारी की शुरुआत धीमी रही। अमेलिया केर और जी. कमालिनी के बीच पहले विकेट के लिए 21 रनों की साझेदारी हुई। पारी के पांचवें ओवर में अमेलिया केर लॉरेन बेल की गेंद पर आउट हो गईं और सिर्फ 4 रन ही बना सकीं। इसके बाद बल्लेबाजी करने आईं नेट सिवर-ब्रंट भी केवल 4 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं। जी कमालिनी को श्रेयंका पाटिल ने बोल्ड किया। उन्होंने 32 रन बनाए। कप्तान हरमनप्रीत कौर भी बड़ी पारी नहीं खेल सकीं और 20 रन बनाकर आउट हो गईं। 67 रन पर चार विकेट गिरने के बाद मुंबई को एक मजबूत साझेदारी की जरूरत थी। इसके बाद निकोला कैरी और सजीवन सजना ने पांचवें विकेट के लिए 82 रनों की अहम साझेदारी की। कैरी ने 40 जबकि सजना ने 45 रनों का योगदान दिया। अंत में अमनजोत कौर और पूनम खेमनार नाबाद रहीं। आरसीबी की ओर से नादिन डी क्लार्क ने चार विकेट झटके, जबकि लॉरेन बेल और श्रेयंका पाटिल को एक-एक सफलता मिली।