सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Cricket ›   Cricket News ›   Mohsin Naqvi steps in Hockey Fiasco of Pakistan Team says will not allow dignity to compromised

Mohsin Naqvi: क्रिकेट के बाद हॉकी भी बर्बाद करने की तैयारी में नकवी! पाकिस्तान टीम को दिया समर्थन का आश्वासन

स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: Mayank Tripathi Updated Sat, 21 Feb 2026 07:32 PM IST
विज्ञापन
सार

ऑस्ट्रेलिया दौरे पर खराब इंतजामों को लेकर पाकिस्तान हॉकी टीम ने पाकिस्तान हॉकी संघ पर गंभीर आरोप लगाए, जिससे बड़ा विवाद खड़ा हो गया। इसके बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के प्रमुख मोहसिन नकवी ने आगे आकर खिलाड़ियों को सहयोग और आर्थिक मदद का भरोसा दिया, लेकिन उनके दखल को लेकर नई बहस छिड़ गई है।

Mohsin Naqvi steps in Hockey Fiasco of Pakistan Team says will not allow dignity to compromised
मोहसिन नकवी-पाकिस्तान हॉकी टीम - फोटो : ANI-PTI
विज्ञापन

विस्तार

पाकिस्तान में खेलों की बदहाली अब छिपाए नहीं छिप रही। क्रिकेट में लगातार विवादों और प्रशासनिक उठापटक के बीच अब हॉकी का संकट भी सड़कों पर आ गया है। ऐसे समय में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के प्रमुख मोहसिन नकवी का आगे आकर इज्जत बचाने का दावा करना कई लोगों को राहत से ज्यादा दिखावा लग रहा है। सवाल यह है कि क्या वह सच में मदद करने आए हैं या फिर एक और खेल को राजनीतिक अखाड़ा बनाने की तैयारी है?
Trending Videos

क्रिकेट संभला नहीं, अब हॉकी की बारी?
ऑस्ट्रेलिया दौरे पर एफआईएच प्रो हॉकी लीग खेलने गई पाकिस्तान हॉकी टीम ने जो खुलासे किए, वे शर्मनाक थे। खिलाड़ियों का आरोप है कि उनके लिए होटल तक बुक नहीं कराया गया। उन्हें घंटों सड़कों पर भटकना पड़ा, खुद खाना बनाना पड़ा और बर्तन धोने पड़े। यह किसी स्थानीय क्लब टीम की कहानी नहीं, बल्कि राष्ट्रीय टीम की दुर्दशा है।

इस विवाद के बाद पाकिस्तान हॉकी संघ के अध्यक्ष तारिक बुगती ने इस्तीफा प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को भेज दिया, लेकिन जाते-जाते कप्तान अम्माद शकील बट को दो साल के लिए प्रतिबंधित कर दिया। हालांकि, विरोध के बाद अंतरिम अध्यक्ष ने इस कार्रवाई को गलत बताया और प्रतिबंध हटाया। अब इस फजीहत के बाद क्रिकेट बोर्ड की एंट्री ने नई बहस छेड़ दी है कि क्या एक और खेल भी सत्ता और सियासत की भेंट चढ़ने वाला है?
विज्ञापन
विज्ञापन

नकवी का 'सम्मान' वाला बयान, या सियासी स्टंट?
ऐसे माहौल में मोहसिन नकवी का सामने आना कई सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की इज्जत से समझौता नहीं होने दिया जाएगा और क्रिकेट बोर्ड हर संभव मदद करेगा। लेकिन आलोचकों का कहना है कि जब क्रिकेट खुद विवादों और अस्थिरता से जूझ रहा है, तब हॉकी में दखल देना समाधान कम और शक्ति प्रदर्शन ज्यादा लगता है।

क्या यह वही मॉडल होगा जिसमें प्रशासनिक अव्यवस्था पर पर्दा डालने के लिए पैसों की बारिश कर दी जाए? पाकिस्तान की न्यूज वेबसाइट जियो सुपर के मुताबिक हर खिलाड़ी को 10 लाख पाकिस्तानी रुपये की सहायता दी गई। पैसा जरूरी है, लेकिन क्या सिर्फ आर्थिक मदद से सिस्टम की सड़ांध दूर हो जाएगी?

दोहरी कुर्सी, दोहरा संकट
नकवी पहले से देश के गृह मंत्री और क्रिकेट बोर्ड के प्रमुख हैं। ऐसे में उनका हॉकी मामलों में अस्थायी दखल कई लोगों को सत्ता केंद्रीकरण जैसा लगता है। मोहसिन नकवी ने कहा, 'हम हॉकी खिलाड़ियों को हर मुमकिन तरीके से मदद देंगे। हम हॉकी के मामलों को आसान बनाने में पूरा सहयोग करेंगे।' इस दौरान उन्होंने पीसीबी प्रमुख ने अधिकारियों को मिस्र में होने वाले विश्व कप क्वालिफायर टूर्नामेंट से पहले टीम के लिए एयर टिकट, खेलने की किट और होटल में रहने का तुरंत इंतजाम करने का निर्देश दिया। नकवी ने हॉकी खिलाड़ियों से कहा, 'आपको सिर्फ़ खेल पर ध्यान देना चाहिए। पाकिस्तान की इज्जत सबसे पहले है। हम किसी भी हालत में देश की इज्जत से समझौता नहीं होने देंगे।'

मोहसिन नकवी ने कहा कि वह हॉकी फेडरेशन के अध्यक्ष नहीं बन रहे, सिर्फ संकट में मदद कर रहे हैं। लेकिन इतिहास गवाह है कि पाकिस्तान में अस्थायी दखल अक्सर स्थायी नियंत्रण में बदल जाता है। अब देखने वाली बात यह है कि यह समर्थन सच में हॉकी को संभालेगा या फिर क्रिकेट की तरह एक और खेल को भी प्रशासनिक अव्यवस्था और राजनीतिक हस्तक्षेप के दलदल में धकेल देगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें क्रिकेट समाचार से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। क्रिकेट जगत की अन्य खबरें जैसे क्रिकेट मैच लाइव स्कोरकार्ड, टीम और प्लेयर्स की आईसीसी रैंकिंग आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed