सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Cricket ›   Cricket News ›   Smriti Wedding Called Off News: Smriti and Palash Call Off Marriage with Simultaneous Announcement

Smriti-Palash: आखिर टूट ही गया स्मृति-पलाश का रिश्ता, दोनों ने एक ही समय पोस्ट कर शादी रद्द करने का किया एलान

स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: शोभित चतुर्वेदी Updated Sun, 07 Dec 2025 02:09 PM IST
विज्ञापन
सार

Smriti Mandhana Marriage Called Off: स्मृति मंधाना और पलाश मुछाल ने अपनी शादी टूटने का आधिकारिक एलान कर दिया है। मंधाना और पलाश दोनों ने लगभग एक ही समय पर सोशल मीडिया पर पोस्ट के जरिये इसका एलान किया है।

Smriti Wedding Called Off News: Smriti and Palash Call Off Marriage with Simultaneous Announcement
मंधाना और पलाश - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार

भारतीय महिला टीम की उपकप्तान स्मृति मंधाना और संगीतकार पलाश मुछाल का रिश्ता आखिरकार टूट गया। मंधाना और मुछाल ने लगभग एक ही समय में इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर शादी रद्द होने का आधिकारिक एलान रविवार को किया। मंधाना और पलाश की शादी 23 नवंबर को महाराष्ट्र के सांगली में होनी थी और दो दिन पहले से शादी की रस्में शुरू हो गई थी। शादी टलने की खबर 23 नवंबर की शाम को आई थी। मंधाना और पलाश ने 17 दिन बाद चुप्पी तोड़ी और स्पष्ट किया कि शादी टूट गई है। 
Trending Videos

मंधाना-पलाश बोले- अब आगे बढ़ने का समय 
मंधाना ने सबसे पहले रविवार दोपहर एक बजकर आठ मिनट पर इंस्टाग्राम स्टोरी लगाई और पोस्ट किया कि उनकी शादी रद्द कर दी गई है। इसके ठीक चार मिनट बाद यानी एक बजकर 11 मिनट पर इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया और बताया कि मंधाना के साथ उनकी शादी टूट गई है। मंधाना ने लिखा, पिछले कुछ सप्ताह से मेरे जीवन को लेकर काफी अटकलें लगाई जा रही हैं और मुझे लगता है कि इस समय मेरे लिए खुलकर बोलना जरूरी है। मैं बहुत निजी इंसान हूं और मैं इसे इसी तरह रखना चाहती हूं, लेकिन मुझे यह स्पष्ट करना होगा कि शादी रद्द कर दी गई है। मैं इस मामले को यहीं समाप्त करना चाहती हूं और आप सभी से भी यही करने की विनती करती हूं। मैं आपसे अनुरोध करती हूं कि इस समय दोनों परिवारों की निजता का सम्मान करें और हमें अपनी गति से आगे बढ़ने का समय दें।

मंधाना ने आगे लिखा, मेरा मानना है कि हम सभी के पीछे एक बड़ा उद्देश्य है और मेरे लिए वह उद्देश्य हमेशा अपने देश का सर्वोच्च स्तर पर प्रतिनिधित्व करना रहा है। मैं उम्मीद करती हूं कि मैं भारत के लिए यथासंभव लंबे समय तक खेलती रहूं और ट्रॉफियां जीतती रहूं और मेरा ध्यान हमेशा इसी पर रहेगा। आप सभी के समर्थन के लिए धन्यवाद। अब आगे बढ़ने का समय है।
विज्ञापन
विज्ञापन

पलाश ने निजी रिश्तों से दूर रहने का किया फैसला
इसके बाद पलाश ने लिखा, मैंने अपनी जिंदगी में आगे बढ़ने और अपने निजी रिश्तों से दूर रहने का फैसला किया है। मेरे लिए यह देखना बहुत मुश्किल रहा है कि लोग मेरे लिए सबसे पवित्र चीज के बारे में बेबुनियाद अफवाहों पर इतनी आसानी से प्रतिक्रिया दे रहे हैं। यह मेरे जीवन का सबसे मुश्किल दौर है और मैं अपने विश्वासों पर अडिग रहकर इससे निपटूंगा। मैं सचमुच उम्मीद करता हूं कि हम एक समाज के रूप में, किसी के बारे में बिना पुष्टि की गई अफवाहों के आधार पर राय बनाने से पहले रुकना सीखेंगे, जिनके सोर्स कभी पहचाने नहीं जाते। हमारे शब्द हमें ऐसे जख्म दे सकते हैं जिन्हें हम कभी समझ नहीं पाएंगे।

झूठी खबर फैलाने वालों पर कानूनी कार्रवाई करने की कही बात
पलाश ने आगे उनको लेकर अफवाहें फैलाने वालों पर लीगल एक्शन लेने की भी बात कही है। अपने बयान में उन्होंने लिखा, ‘जब हम इन बातों पर विचार कर रहे हैं, तब दुनिया में कई लोग इसके गंभीर परिणामों का सामना कर रहे हैं। मेरी टीम झूठी और अपमानजनक अफवाहें फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करेगी। इस कठिन समय में मेरे साथ खड़े रहने वाले सभी लोगों का धन्यवाद।



ये भी पढ़ें: Smriti Mandhana: 'अब आगे बढ़ने का समय है...', मंधाना ने पलाश संग शादी को लेकर तोड़ी चुप्पी; किया बड़ा एलान
 

जोरों पर थीं शादी की तैयारियां
मंधाना और पलाश की शादी भले ही रद्द हो गई है, लेकिन इनकी शादी की तैयारियां जोरों पर थी और इसकी काफी चर्चा हुई थी। दोनों की हल्दी सेरेमनी 21 नवंबर को हुई थी। हल्दी फंक्शन का पूरा माहौल जबरदस्त येलो थीम में ढला हुआ था। स्मृति के साथ शेफाली वर्मा, ऋचा घोष, श्रेयंका पाटिल, रेणुका सिंह, शिवाली शिंदे, राधा यादव और जेमिमा जैसी साथी खिलाड़ी भी मौजूद थीं। हल्दी सेरेमनी के अगले दिन यानी 22 नवंबर को स्मृति और पलाश की मेहंदी सेरेमनी हुई। सबकुछ सही चल रहा था और 23 नवंबर को सांगली में शादी की पूरी तैयारियां हो चुकी थीं। शादी के लिए भारतीय महिला टीम के सदस्य सहित अन्य वीआईपी लोग पहुंच गए थे। लेकिन 23 नवंबर की शाम अचानक खबर आई कि स्मृति के पिता बीमार हो गए हैं जिस कारण शादी अनिश्चितकाल के लिए टाल दी गई है। 

क्यों टली थी शादी?
मंधाना और संगीतकार पलाश की शादी के दिन मंधाना के पिता श्रीनिवास मंधाना गंभीर रूप से बीमार पड़ गए थे और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। शादी से ठीक पहले मंधाना के मैनेजर ने इस बात की जानकारी दी थी कि मंधाना के पिता की तबीयत बिगड़ने के कारण शादी अनिश्चितकाल के लिए टाली गई है। इसके अगले ही दिन पलाश भी बीमार हो गए थे। इसके बाद से ही पलाश और मंधाना के रिश्तों को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही थी। अब मंधाना ने स्पष्ट किया है कि शादी रद्द हो गई है।

सोशल मीडिया पर गर्म रहा था अटकलों का बाजार
मंधाना और पलाश की शादी टलने के बाद से ही सोशल मीडिया पर अटकलों का बाजार गर्म हो गया था। इन दोनों के रिश्ते को लेकर तरह-तरह की बातें की जा रही थी। दिलचस्प बात यह थी कि शादी टलने के बाद स्मृति ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से शादी से जुड़ी सभी तस्वीरें और पोस्ट हटा दी थीं। इससे कयास और तेज हो गए कि क्या केवल शादी टली है या फिर कुछ और बदल गया है। सोशल मीडिया पर चर्चाएं फैल गईं कि पलाश और स्मृति के बीच सब ठीक नहीं था और रिश्ते में दरार आई है।  हालात तब और जटिल हो गए जब इंटरनेट पर पलाश पर ‘चीटिंग’ के आरोप लगाए जाने लगे। इतना ही नहीं शादी टलने के कुछ दिन बाद पलाश मुछाल वृंदावन के प्रेमानंद महाराज के आश्रम में पहुंचे। यहां वो मास्क लगाए हुए भक्तों के बीच बैठे दिखाई दिए। यह वीडियो तेजी से वायरल हुआ और लोगों ने इसे पलाश के मानसिक शांति की तलाश का संकेत माना।

अधूरी रह गई दास्तां
मंधाना और पलाश के बीच शादी रद्द होने का कारण भले ही स्पष्ट नहीं हो सका है, लेकिन एक बात तो तय है कि इन दोनों की प्यार की दास्तां अब अधूरी रह गई है। मंधाना और पलाश पिछले छह वर्षों से एक दूसरे को डेट कर रहे थे और आखिरकार दोनों की शादी होने जा रही थी। लेकिन शायद नियति को कुछ और ही मंजूर था।

विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें क्रिकेट समाचार से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। क्रिकेट जगत की अन्य खबरें जैसे क्रिकेट मैच लाइव स्कोरकार्ड, टीम और प्लेयर्स की आईसीसी रैंकिंग आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed