Tri-Series: वैभव वाले विवाद के बाद भारतीय टीम से बाहर हुआ यह खिलाड़ी, क्या है वजह? अशोक शर्मा बने रिप्लेसमेंट
श्रीलंका में खेली जा रही त्रिकोणीय सीरीज के बीच इंडिया ए टीम को झटका लगा है। युधवीर सिंह चोट के कारण बाहर हो गए हैं, जबकि उनकी जगह तेज गेंदबाज अशोक शर्मा को टीम में शामिल किया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
श्रीलंका में जारी त्रिकोणीय सीरीज के बीच इंडिया ए टीम में बड़ा बदलाव किया गया है। तेज गेंदबाज युधवीर सिंह चोट के कारण टीम से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह अशोक शर्मा को टीम में शामिल किया गया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने मंगलवार को इसकी आधिकारिक जानकारी दी।
गुजरात टाइटंस के लिए अपनी रफ्तार से प्रभावित कर चुके हैं अशोक शर्मा
अशोक शर्मा ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में गुजरात टाइटंस के लिए खेलते हुए अपनी तेज गेंदबाजी से खासा प्रभावित किया था। इस युवा तेज गेंदबाज ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मुकाबले में अपनी रफ्तार से सबको चौंका दिया। उन्होंने 150 किमी/घंटा की गति का आंकड़ा दो बार पार किया। 16वें ओवर में उन्होंने पहले डोनोवन फरेरा को 150.7 किमी/घंटा की तेज गेंद फेंकी, जबकि उसी ओवर की आखिरी गेंद पर ध्रुव जुरेल को 154.2 किमी/घंटा की रफ्तार से चौंका दिया।यह आईपीएल 2026 की अब तक की सबसे तेज गेंद थी। अब इसी प्रदर्शन के दम पर अशोक शर्मा को श्रीलंका में चल रही त्रिकोणीय सीरीज के लिए इंडिया ए टीम में शामिल किया गया है।
बीसीसीआई के अनुसार, युधवीर सिंह को 13 जून को गेंदबाजी के दौरान दाएं कंधे में परेशानी महसूस हुई थी। इससे पहले 11 जून को फील्डिंग सत्र के दौरान भी उन्हें इसी तरह का दर्द हुआ था। बोर्ड ने अपने बयान में कहा कि विशेषज्ञ से सलाह के बाद बीसीसीआई की मेडिकल टीम ने युधवीर को पूर्ण रूप से फिट होने के लिए चरणबद्ध पुनर्वास कार्यक्रम अपनाने की सलाह दी है। वह दाएं कंधे की रोटेटर कफ चोट से जूझ रहे हैं और बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) की निगरानी में रिहैब करेंगे।
लगातार दो मैच हार चुकी है इंडिया ए टीम
त्रिकोणीय सीरीज में इंडिया ए का प्रदर्शन अब तक निराशाजनक रहा है। टीम को लगातार दो मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा है। भारत ए को अफगानिस्तान ए और मेजबान श्रीलंका ए के खिलाफ हार मिली है।
श्रीलंकाई खिलाड़ियों पर क्यों भड़के सूर्यवंशी?
बता दें कि भारत ए और श्रीलंका ए के बीच मुकाबला 265-265 की बराबरी पर समाप्त हुआ था। इसके बाद खराब रोशनी के बावजूद सुपर ओवर खेला गया, जिसे लेकर पहले से ही विवाद था। सुपर ओवर में श्रीलंका ए ने जीत दर्ज की। मैच खत्म होने के बाद कथित तौर पर श्रीलंकाई खिलाड़ी विशेन हलाम्बागे ने वैभव सूर्यवंशी से कहा, 'मैच खत्म हो गया, अब घर जाओ।' बताया जाता है कि इसी टिप्पणी के बाद वैभव नाराज हो गए और दोनों खिलाड़ियों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। वायरल वीडियो में दोनों खिलाड़ियों को एक-दूसरे के करीब आकर बहस करते देखा गया, जिसके बाद साथी खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ ने बीच-बचाव किया। विवाद को और बढ़ाने वाली बात यह रही कि मैच में भारत ए पर पहले ही 10 पेनल्टी रन लगाए गए थे और खराब रोशनी में सुपर ओवर कराने के फैसले पर भी सवाल उठे। ऐसे में मुकाबले के बाद मैदान का माहौल पहले से ही काफी गर्म था, जिसने इस विवाद को और तूल दे दिया।