सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Cricket ›   IPL 2026 Schedule First Match Venue All Fixtures Time Table Final Day, Dhoni Last IPL Season Update

IPL 2026 में क्या-कुछ नया: कब होगा फाइनल, क्या धोनी आखिरी बार दिखेंगे? 15 सवालों में लीग से जुड़ी हर जानकारी

स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: Swapnil Shashank Updated Sat, 28 Mar 2026 08:27 AM IST
विज्ञापन
सार

 IPL 2026 Full Schedule : आईपीएल 2026 28 मार्च से शुरू होकर 31 मई तक चलेगा। इस सीजन में नए वेन्यू, बड़े ट्रांसफर, चोटिल खिलाड़ी और नए नियम देखने को मिलेंगे। सबसे बड़ा सवाल अब भी यही है कि क्या धोनी इस बार आईपीएल को अलविदा कहेंगे या नहीं। 15 सवालों में आईपीएल से जुड़े हर प्रश्न का उत्तर दिया गया है।

IPL 2026 Schedule First Match Venue All Fixtures Time Table Final Day, Dhoni Last IPL Season Update
आईपीएल 2026 - फोटो : IPL/BCCI
विज्ञापन

विस्तार

आईपीएल 2026 शुरू होने से पहले फैंस के मन में कई बड़े सवाल हैं, कब होगा फाइनल, कौन से नए नियम लागू होंगे और क्या एमएस धोनी आखिरी बार मैदान पर नजर आएंगे। इस सीजन में नए वेन्यू, बड़े ट्रांसफर और चोटों ने लीग को और दिलचस्प बना दिया है। यहां 15 अहम सवालों और उसके जवाब से आईपीएल 2026 की पूरी तस्वीर समझिए।
Trending Videos

 

पहला सवाल: IPL 2026 कब शुरू होगा और फाइनल कब खेला जाएगा?
IPL 2026 का आगाज 28 मार्च से होने जा रहा है और इसकी शुरुआत एक बड़े मुकाबले से होगी, जिसमें डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का सामना सनराइजर्स हैदराबाद से होगा। यह मैच बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा, जिसे अब दोबारा IPL मैचों के आयोजन के लिए मंजूरी मिल गई है।

जहां तक फाइनल की बात है, ईएसपीएन-क्रिकइनफो के मुताबिक, यह 31 मई को निर्धारित किया गया है। हालांकि, एक दिलचस्प बात यह है कि अभी तक पूरे सीजन का शेड्यूल जारी नहीं हुआ है। फिलहाल सिर्फ 24 मई तक के सभी लीग मैचों का कार्यक्रम सामने आया है। इसका कारण देश के कुछ राज्यों, जैसे पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में होने वाले विधानसभा चुनाव हैं, जिनके चलते आगे का शेड्यूल बाद में तय किया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन

दूसरा सवाल: क्या फाइनल और प्लेऑफ के वेन्यू तय हो चुके हैं?
अभी तक IPL 2026 के प्लेऑफ और फाइनल मैचों के वेन्यू को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। आमतौर पर आईपीएल इन बड़े मैचों के लिए ऐसे शहर चुनता है जहां लॉजिस्टिक्स, सुरक्षा और दर्शकों की बड़ी संख्या को संभालना आसान हो। लेकिन इस बार चुनावी कारणों और शेड्यूल की अनिश्चितता की वजह से यह फैसला फिलहाल टाल दिया गया है।

तीसरा सवाल: इस बार कौन-कौन से नए वेन्यू देखने को मिलेंगे?
आईपीएल में कुछ टीमों ने अपने होम ग्राउंड को लेकर नया प्रयोग किया है। उदाहरण के लिए, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु अपने दो घरेलू मैच छत्तीसगढ़ के रायपुर में स्थित शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में खेलेगी। इसी तरह पंजाब किंग्स अपने घरेलू मैच दो शहरों न्यू चंडीगढ़ और धर्मशाला में खेलेगी। राजस्थान रॉयल्स भी जयपुर के अलावा गुवाहाटी में मैच आयोजित करेगी। इस तरह से IPL अब एक ही शहर तक सीमित न रहकर अलग-अलग क्षेत्रों में फैल रहा है, जिससे देश के ज्यादा फैंस को लाइव मैच देखने का मौका मिलेगा।

चौथा सवाल: टीमों की ग्रुपिंग कैसे होती है?
आईपीएल में 10 टीमों को आमतौर पर दो ग्रुप में बांटा जाता है, जिनमें हर ग्रुप में पांच टीमें होती हैं। हर टीम अपने ग्रुप की बाकी टीमों से दो बार खेलती है, जबकि दूसरे ग्रुप की टीमों के खिलाफ एक या दो मुकाबले होते हैं। हालांकि इस बार ग्रुपिंग की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन माना जा रहा है कि वही पुराना फॉर्मेट लागू रहेगा।

पांचवां सवाल: मैचों का टाइम क्या रहेगा?
आईपीएल के मैच टाइमिंग में कोई बड़ा बदलाव नहीं किया गया है। शाम के मैच भारतीय समयानुसार 7:30 बजे से शुरू होंगे, जबकि दोपहर के मुकाबले 3:30 बजे खेले जाएंगे। इस बार चार डबल-हेडर दिन भी रखे गए हैं, यानी कुछ दिनों में एक ही दिन दो मैच देखने को मिलेंगे, जिससे फैंस को ज्यादा क्रिकेट एक साथ देखने का मौका मिलेगा।

छठा सवाल: इस सीजन में सबसे बड़े बदलाव क्या हैं?
इस बार आईपीएल में कई बड़े खिलाड़ी एक टीम से दूसरी टीम में गए हैं, जिससे टीमों का संतुलन पूरी तरह बदल गया है। सबसे बड़ी खबर यह रही कि संजू सैमसन अब चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलेंगे, जबकि रवींद्र जडेजा और सैम करन राजस्थान रॉयल्स में शामिल हुए। हालांकि सैम करन चोट के कारण इस सीजन से बाहर हो गए हैं, जो राजस्थान के लिए बड़ा झटका है। इसके अलावा मोहम्मद शमी लखनऊ सुपर जाएंट्स में चले गए हैं, मयंक मार्कंडेय मुंबई में और नीतीश राणा दिल्ली कैपिटल्स में जा चुके और अर्जुन तेंदुलकर भी टीम बदल चुके हैं और लखनऊ में चले गए।

सातवां सवाल: ऑक्शन में क्या खास देखने को मिला?
आईपीएल 2026 के ऑक्शन में कई रिकॉर्ड टूटे। कैमरून ग्रीन सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी बने, जिन्हें बड़ी रकम में खरीदा गया। लेकिन इस बार असली चर्चा युवा भारतीय खिलाड़ियों की रही, जिन्हें टीमों ने करोड़ों रुपये में खरीदा। इससे साफ है कि फ्रेंचाइजी अब भविष्य को ध्यान में रखकर निवेश कर रही हैं।

आठवां सवाल: कौन से नए खिलाड़ी इस बार चमक सकते हैं?
हर सीजन की तरह इस बार भी कुछ नए खिलाड़ी चर्चा में हैं। सीएसके के लिए प्रशांत वीर जडेजा के रिप्लेसमेंट माने जा रहे हैं, वहीं कार्तिक शर्मा बड़े बड़े छक्के लगा सकते हैं। आरसीबी के लिए मंगेश यादव का नाम भी सुर्खियों में है। तेज गेंदबाज अशोक शर्मा, जिन्होंने 150 किमी/घंटा की रफ्तार छुई है, सभी की नजरों में हैं। इसके अलावा मुकुल चौधरी जैसे खिलाड़ी भी हैं, जिन्हें भविष्य का खतरनाक फिनिशर माना जा रहा है। ऐसे खिलाड़ी आईपीएल में साइलेंट स्टार बनकर उभर सकते हैं।

नौवां सवाल: चोटों ने किस-किस टीम को प्रभावित किया है?
इस बार कई टीमों को चोटों ने परेशान किया है। कोलकाता नाइट राइडर्स के तेज गेंदबाज हर्षित राणा और आकाश दीप पूरे सीजन से बाहर हो गए हैं, जबकि पथिराना अप्रैल के बीच से ही उपलब्ध हो पाएंगे। केकेआर को बीसीसीआई के निर्देश पर मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज करना पड़ा था। उन्होंने उनकी जगह ब्लेसिंग मुजरबानी और सौरभ दुबे को साइन किया है। सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस शुरुआती मैचों में नहीं खेल पाएंगे।  उनकी गैरमौजूदगी में ईशान किशन टीम की कप्तानी करेंगे।

आरसीबी के जोश हेजलवुड भी कुछ मैच मिस कर सकते हैं। वहीं, आरसीबी के नुवान तुषारा फिटनेस टेस्ट पास नहीं कर पाए और उन्हें श्रीलंका क्रिकेट ने एनओसी नहीं दिया है। इन चोटों के कारण टीमों को अपनी रणनीति और खिलाड़ियों में अंतिम समय में बदलाव करना पड़ा है। यश दयाल पूरे टूर्नामेंट से बाहर रहेंगे। सीएसके के नाथन एलिस भी टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं, और उनकी जगह स्पेंसर जॉनसन को टीम में शामिल किया गया है। पंजाब के शुरुआती कुछ मैचों में लोकी फर्ग्यूसन नहीं खेल पाएंगे, क्योंकि वे अपने नवजात बेटे के साथ कुछ समय बिताना चाहते हैं। दिल्ली की टीम में, बेन डकेट ने अपने इंग्लैंड करियर को प्राथमिकता देने के लिए टूर्नामेंट से नाम वापस ले लिया और उन पर आईपीएल में दो साल का बैन लगने की संभावना है।

10वां सवाल: कौन से बड़े खिलाड़ी आईपीएल में नहीं खेलेंगे?
इस बार कुछ बड़े नाम आईपीएल में नजर नहीं आएंगे। ग्लेन मैक्सवेल, फाफ डुप्लेसिस और मोईन अली ने इस बार ऑक्शन में हिस्सा नहीं लिया। वहीं आंद्रे रसेल आईपीएल से संन्यास लेकर अब कोचिंग भूमिका में आ गए हैं। मैक्सवेल और मोईन पीएसएल में खेल रहे हैं।

11वां सवाल: क्या आईपीएल के नियमों में कुछ और खास बदलाव हैं?
हां, आईपीएल में पिछले कुछ वर्षों में कई ऐसे नियम लागू किए गए हैं, जिन्होंने खेल के तरीके को पूरी तरह बदल दिया है। सबसे बड़ा बदलाव 2023 में आया इम्पैक्ट प्लेयर नियम है। इसके तहत अब मैच के दौरान टीम एक अतिरिक्त खिलाड़ी का इस्तेमाल कर सकती है। इसी वजह से आईपीएल अब लगभग 11 बनाम 11 नहीं, बल्कि 12 बनाम 12 जैसा हो गया है, जिससे रणनीति और भी दिलचस्प हो गई है। इसके अलावा डीआरएस (डिसीजन रिव्यू सिस्टम) का दायरा भी बढ़ाया गया है। अब खिलाड़ी सिर्फ एल्बीडब्ल्यू या कैच आउट के फैसले ही नहीं, बल्कि वाइड और कमर से ऊपर नो-बॉल जैसे फैसलों को भी चुनौती दे सकते हैं।

2025 से लागू एक और अहम नियम यह है कि शाम के मैचों की दूसरी पारी में 10 ओवर के बाद फील्डिंग टीम को एक बार गेंद बदलने का विकल्प मिलता है। यह नियम ओस के असर को कम करने के लिए लाया गया है, ताकि दोनों टीमों को बराबर मौका मिल सके। एक और दिलचस्प बात यह है कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में जहां गेंद को चमकाने के लिए लार का इस्तेमाल प्रतिबंधित है, वहीं आईपीएल में गेंदबाजों को अभी भी इसका इस्तेमाल करने की अनुमति है। इन सभी नियमों ने आईपीएल को और ज्यादा रोमांचक बना दिया है, जहां हर टीम को हर छोटे फैसले पर ध्यान देना पड़ता है।

12वां सवाल: जैसा कि पाकिस्तान में पश्चिमि एशिया में संकट और सुरक्षा स्थिति के कारण बंद दरवाजे के पीछे मैच खेले जा रहे हैं, तो क्या इस बार आईपीएल पर किसी बाहरी स्थिति का असर पड़ा है?
फिलहाल ऐसी कोई जानकारी नहीं है कि आईपीएल पर किसी बाहरी संकट का असर पड़ा हो। सभी विदेशी खिलाड़ी अपनी टीमों से जुड़ चुके हैं और टूर्नामेंट तय समय पर शुरू होने वाला है।

13वां सवाल: क्या महेंद्र सिंह धोनी इस सीजन के बाद रिटायर होंगे?
यह आईपीएल का सबसे बड़ा और सबसे चर्चित सवाल है। धोनी के रिटायरमेंट को लेकर हर साल अटकलें लगती हैं, लेकिन वह हमेशा अपने फैसले खुद लेते हैं और आखिरी समय तक कुछ स्पष्ट नहीं करते। फैंस को उम्मीद है कि वह एक बार फिर मैदान पर अपना जादू दिखाएंगे, लेकिन क्या यह उनका आखिरी सीजन होगा, इसका जवाब सिर्फ धोनी के पास है। और उनकी आवाज में ही इसका जवाब सुनें-
 

 

 

 

 

View this post on Instagram

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

A post shared by Chennai Super Kings (@chennaiipl)


14वां सवाल: क्या टीमों के सपोर्ट स्टाफ में बदलाव हुआ है?
आईपीएल 2026 से पहले कई टीमों ने अपने सपोर्ट स्टाफ में बड़े बदलाव किए हैं, जिससे उनकी रणनीति और टीम मैनेजमेंट में फर्क देखने को मिल सकता है। राजस्थान रॉयल्स में बड़ा बदलाव करते हुए कुमार संगकारा को फिर से हेड कोच बनाया गया है। उन्होंने इस भूमिका में राहुल द्रविड़ की जगह ली है। संगकारा सिर्फ हेड कोच ही नहीं, बल्कि टीम के डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट भी होंगे, यानी टीम के बड़े फैसलों में उनकी अहम भूमिका रहेगी। वहीं पिछले सीजन के बैटिंग कोच विक्रम राठौड़ को प्रमोशन देकर असिस्टेंट कोच बना दिया गया है।

कोलकाता नाइट राइडर्स में भी बदलाव देखने को मिला है। यहां अभिषेक नायर को नया हेड कोच बनाया गया है, जिन्होंने चंद्रकांत पंडित की जगह ली है। टीम के सपोर्ट स्टाफ में शेन वॉटसन असिस्टेंट कोच के रूप में जुड़े हैं, जबकि आईपीएल से रिटायर हो चुके आंद्रे रसेल अब पावर कोच की भूमिका निभाएंगे। गेंदबाजी कोच के रूप में टिम साउदी को जिम्मेदारी दी गई है, जिन्होंने भरत अरुण की जगह ली है। लखनऊ सुपर जाएंट्स ने भरत अरुण को अपना नया बॉलिंग कोच बनाया है। इसके अलावा कार्ल क्रो को स्पिन बॉलिंग कोच और केन विलियम्सन को स्ट्रैटेजिक एडवाइजर नियुक्त किया गया है। वहीं जहीर खान अब इस फ्रेंचाइजी से अलग हो चुके हैं।

गुजरात टाइटंस ने ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज मैथ्यू हेडन को अपना नया बैटिंग कोच बनाया है। उनके साथ पूर्व भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज विजय दहिया असिस्टेंट कोच की भूमिका निभाएंगे। दिल्ली कैपिटल्स में इंग्लैंड के पूर्व खिलाड़ी इयान बेल असिस्टेंट कोच बने हैं, जबकि आयरलैंड के पूर्व ऑलराउंडर जॉन मूनी को फील्डिंग कोच की जिम्मेदारी दी गई है। इन बदलावों से साफ है कि टीमें सिर्फ खिलाड़ियों पर ही नहीं, बल्कि कोचिंग स्टाफ पर भी उतना ही ध्यान दे रही हैं, ताकि बेहतर रणनीति और प्रदर्शन हासिल किया जा सके।

15वां सवाल: आईपीएल 2026 लाइव कहां देख सकते हैं?
आईपीएल 2026 को आप अपने देश और लोकेशन के हिसाब से अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर लाइव देख सकते हैं। ब्रॉडकास्टिंग राइट्स अलग-अलग देशों में अलग कंपनियों के पास होते हैं, इसलिए हर जगह देखने का तरीका थोड़ा बदल जाता है। भारत में अगर आप आईपीएल देखना चाहते हैं, तो टीवी पर इसके मैच स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर लाइव प्रसारित होंगे। वहीं मोबाइल या ऑनलाइन देखने के लिए आप जियोस्टार एप और वेबसाइट का इस्तेमाल कर सकते हैं, जहां आपको लाइव स्ट्रीमिंग की सुविधा मिलेगी। अगर आप भारत के बाहर हैं, तो वहां भी अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर आईपीएल उपलब्ध रहेगा-

 
  • ऑस्ट्रेलिया: फॉक्स क्रिकेट और केयो स्पोर्ट्स पर लाइव मैच देख सकते हैं।
  • इंग्लैंड: स्काई स्पोर्ट्स पर प्रसारण होगा।
  • न्यूजीलैंड: स्काई स्पोर्ट्स पर मैच दिखाए जाएंगे।
  • साउथ अफ्रीका: सुपरस्पोर्ट चैनल पर लाइव टेलीकास्ट होगा।
  • अमेरिका: विलो टीवी पर मैच देख सकते हैं।

इस तरह आईपीएल दुनिया भर में अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स के जरिए आसानी से देखा जा सकेगा, चाहे आप टीवी पर देखना चाहें या मोबाइल पर।





आईपीएल 2026 के सभी स्क्वॉड

मुंबई इंडियंस: हार्दिक पांड्या, रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, रेयान रिकेल्टन, रॉबिन मिंज, राज बावा, रघु शर्मा, मिचेल सैंटनर, कॉर्बिन बॉश, नमन धीर, जसप्रीत बुमराह, ट्रेंट बोल्ट, अल्लाह गजनफर, अश्विनी कुमार, दीपक चाहर, विल जैक्स, शेरफेन रदरफोर्ड, मयंक मार्कंडे, शार्दुल ठाकुर, क्विंटन डिकॉक, दानिश मलेवार, मोहम्मद इजहार, अथर्व अंकोलेकर, मयंक रावत।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: रजत पाटीदार, विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, फिल सॉल्ट, जितेश शर्मा, क्रुणाल पांड्या, स्वप्निल सिंह, टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, जैकब बेथेल, जोश हेजलवुड, यश दयाल, भुवनेश्वर कुमार, नुवान तुषारा, रसिख सलाम, अभिनंदन सिंह, सुयश शर्मा, वेंकटेश अय्यर, जैकब डफी, सात्विक देसवाल, मंगेश यादव, जॉर्डन कॉक्स, विक्की ओस्तवाल, विहान मल्होत्रा, कनिष्क चौहान।

चेन्नई सुपर किंग्स: ऋतुराज गायकवाड़, आयुष म्हात्रे, एमएस धोनी, संजू सैमसन, डेवाल्ड ब्रेविस, उर्विल पटेल, शिवम दुबे, जेमी ओवरटन, रामकृष्ण घोष, नूर अहमद, खलील अहमद, अंशुल कंबोज, गुरजपनीत सिंह, श्रेयस गोपाल, मुकेश चौधरी, नाथन एलिस, अकील होसेन, प्रशांत वीर, कार्तिक शर्मा, मैथ्यू शॉर्ट, अमन खान, सरफराज खान, मैट हेनरी, राहुल चाहर, जैक फॉल्क्स।

कोलकाता नाइट राइडर्स: अजिंक्य रहाणे, अंगकृष रघुवंशी, अनुकूल रॉय, हर्षित राणा, मनीष पांडे, रमनदीप सिंह, रिंकू सिंह, रोवमन पॉवेल, सुनील नरेन, उमरान मलिक, वैभव अरोड़ा, वरुण चक्रवर्ती, कैमरून ग्रीन, फिन एलन, मथीशा पथिराना, तेजस्वी सिंह, कार्तिक त्यागी, प्रशांत सोलंकी, राहुल त्रिपाठी, टिम साइफर्ट, सार्थक रंजन, दक्ष कामरा, रचिन रविंद्र, आकाश दीप, ब्लेसिंग मुजरबानी।

सनराइजर्स हैदराबाद: पैट कमिंस, ट्रेविस हेड, अभिषेक शर्मा, अनिकेत वर्मा, आर स्मरण, ईशान किशन, हेनरिक क्लासेन, नीतीश कुमार रेड्डी, हर्ष दुबे, कामिंदु मेंडिस, हर्षल पटेल, ब्रायडन कार्स, जयदेव उनादकट, ईशान मलिंगा, जीशान अंसारी, शिवांग कुमार, सलील अरोड़ा, साकिब हुसैन, ओंकार तरमले, अमित कुमार, प्रफुल हिंज, क्रेन्स फुलेत्रा, लियाम लिविंगस्टोन, शिवम मावी, जैक एडवर्ड्स।

दिल्ली कैपिटल्स: नीतीश राणा, अभिषेक पोरेल, अजय मंडल, आशुतोष शर्मा, अक्षर पटेल, दुष्मंथा चमीरा, करुण नायर, केएल राहुल, कुलदीप यादव, माधव तिवारी, मिचेल स्टार्क, समीर रिजवी, टी नटराजन, त्रिपुराना विजय, ट्रिस्टन स्टब्स, विप्रज निगम, डेविड मिलर, बेन डकेट, ऑकिब नबी, पथुम निसांका, लुंगी एनगिडी, साहिल पराख, पृथ्वी शॉ, काइल जेमीसन।

पंजाब किंग्स: प्रभसिमरन सिंह, प्रियंश आर्य, श्रेयस अय्यर, शशांक सिंह, नेहल वढेरा, मार्कस स्टोइनिस, अजमतुल्लाह ओमरजई, मार्को यानसेन, हरप्रीत बराड़, युजवेंद्र चहल, अर्शदीप सिंह, मुशीर खान, प्याला अविनाश, हरनूर पन्नू, सूर्यांश शेडगे, मिचेल ओवेन, जेवियर बार्टलेट, लॉकी फर्ग्यूसन, व्यशाक विजयकुमार, यश ठाकुर, विष्णु विनोद, कूपर कोनोली, बेन ड्वारशुइस, प्रवीण दुबे, विशाल निषाद।

गुजरात टाइटंस: शुभमन गिल, साई सुदर्शन, कुमार कुशाग्र, अनुज रावत, जोस बटलर, निशांत सिंधु, वॉशिंगटन सुंदर, ग्लेन फिलिप्स, अरशद खान, शाहरुख खान, राहुल तेवतिया, कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, ईशांत शर्मा, गुरनूर सिंह बराड़, राशिद खान, मानव सुथार, साई किशोर, जयंत यादव, अशोक शर्मा, जेसन होल्डर, टॉम बैंटन, पृथ्वी राज यारा, ल्यूक वुड।

राजस्थान रॉयल्स: रवींद्र जडेजा, सैम करन, डोनोवन फरेरा, संदीप शर्मा, शुभम दुबे, वैभव सूर्यवंशी, लुआन-ड्रे प्रिटोरियस, शिमरोन हेटमायर, यशस्वी जायसवाल, ध्रुव जुरेल, रियान पराग, युधवीर सिंह चरक, जोफ्रा आर्चर, तुषार देशपांडे, क्वेना मफाका, नांद्रे बर्गर, रवि बिश्नोई, सुशांत मिश्रा, यश राज पुंजा, विग्नेश पुथुर, रवि सिंह, अमन राव, बृजेश शर्मा, एडम मिल्ने, कुलदीप सेन।

लखनऊ सुपर जाएंट्स: ऋषभ पंत, अब्दुल समद, आयुष बदोनी, एडेन मार्करम, मैथ्यू ब्रीट्जके, हिम्मत सिंह, निकोलस पूरन, मिचेल मार्श, शाहबाज अहमद, अर्शिन कुलकर्णी, मयंक यादव, आवेश खान, मोहसिन खान, मणिमारन सिद्धार्थ, दिग्वेश राठी, प्रिंस यादव, आकाश सिंह, मोहम्मद शमी, अर्जुन तेंदुलकर, वानिंदु हसरंगा, एनरिक नॉर्टजे, मुकुल चौधरी, नमन तिवारी, अक्षत रघुवंशी, जोश इंग्लिस।

विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें क्रिकेट समाचार से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। क्रिकेट जगत की अन्य खबरें जैसे क्रिकेट मैच लाइव स्कोरकार्ड, टीम और प्लेयर्स की आईसीसी रैंकिंग आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed