IND vs SL: टीम इंडिया के लिए खुशखबरी! बुमराह पूरी तरह फिट, श्रीलंका के खिलाफ दोनों टेस्ट खेलने की मिली मंजूरी
भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में फिटनेस टेस्ट पास कर लिया है। अब वह 15 अगस्त से श्रीलंका के खिलाफ शुरू होने वाली दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए उपलब्ध रहेंगे। भारत के लिए विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के लिहाज से यह बड़ी राहत है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भारतीय क्रिकेट टीम को श्रीलंका दौरे से पहले बड़ी राहत मिली है। तेज गेंदबाजी आक्रमण के अगुआ जसप्रीत बुमराह ने बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) में अनिवार्य फिटनेस टेस्ट पास कर लिया है। इसके साथ ही वह अगले महीने श्रीलंका के खिलाफ होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज में खेलने के लिए पूरी तरह फिट घोषित कर दिए गए हैं। बुमराह को हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के दौरान प्रभाव (इम्पैक्ट) चोट लगी थी। इसी वजह से उन्हें लॉर्ड्स में खेले गए तीसरे वनडे से बाहर बैठना पड़ा था। हालांकि अब मेडिकल टीम ने उन्हें खेलने की मंजूरी दे दी है।
बीसीसीआई अधिकारी ने क्या कहा?
बीसीसीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने न्यूज एजेंसी पीटीआई से कहा, 'जसप्रीत बुमराह अपनी इम्पैक्ट इंजरी से पूरी तरह उबर चुके हैं। उन्होंने सेंटर ऑफ एक्सीलेंस द्वारा निर्धारित सभी फिटनेस टेस्ट पास कर लिए हैं। उम्मीद है कि वह दोनों टेस्ट मैचों के लिए उपलब्ध रहेंगे, क्योंकि वह टीम की योजनाओं का अहम हिस्सा हैं।'
15 अगस्त से शुरू होगी टेस्ट सीरीज
भारत और श्रीलंका के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला 15 अगस्त से गॉल में खेला जाएगा। दूसरा और अंतिम टेस्ट 23 अगस्त से कोलंबो में होगा।
WTC फाइनल की दौड़ में अहम होगी यह सीरीज
विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) चक्र में भारत के लिए यह सीरीज बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। फाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए टीम इंडिया को अपने बचे हुए नौ टेस्ट मैचों में से कम से कम सात जीतने होंगे। ऐसे में श्रीलंका के खिलाफ 2-0 से सीरीज जीतने का लक्ष्य भारतीय टीम के लिए काफी अहम होगा। इसके बाद भारत को न्यूजीलैंड के कठिन विदेशी दौरे पर भी जाना है।
चोटों से जूझ रही है टीम इंडिया
हालांकि बुमराह की वापसी राहत लेकर आई है, लेकिन भारतीय टीम अभी भी कई चोटों से परेशान है।
- हर्षित राणा हैमस्ट्रिंग चोट के कारण बाहर हैं।
- नीतीश रेड्डी क्वाड्रिसेप्स चोट से उबर रहे हैं।
- वॉशिंगटन सुंदर हैमस्ट्रिंग चोट के चलते पहला टेस्ट नहीं खेल पाएंगे।
- आकाश दीप पीठ में स्ट्रेस रिएक्शन के कारण लंबे समय से टीम से बाहर हैं।