सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Cricket ›   T20 World Cup: Team India Create Records in IND vs NAM Match, 10th Straight Win; 200+ Total for 47th time

T20 WC: टीम इंडिया ने लगाई रिकॉर्ड्स की झड़ी, टी20 विश्व कप में लगातार 10वीं जीत, 47वीं बार छुआ 200 का आंकड़ा

स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: स्वप्निल शशांक Updated Fri, 13 Feb 2026 10:36 AM IST
विज्ञापन
सार

टी20 विश्वकप 2026 के सभी 18 मैचों स्पिनरों का दबदबा साफ दिखा है। अब तक डाले गए कुल ओवरों में से 50.4 प्रतिशत ओवर स्पिन गेंदबाजों ने फेंके हैं, जो टी20 विश्वकप के किसी भी संस्करण में सबसे ज्यादा है।

T20 World Cup: Team India Create Records in IND vs NAM Match, 10th Straight Win; 200+ Total for 47th time
भारतीय टीम - फोटो : IANS
विज्ञापन

विस्तार

भारत ने गुरुवार को अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में नामीबिया को 93 रन से हरा दिया। इसी के साथ टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप में लगातार 10वीं जीत दर्ज करते हुए इतिहास रचा है। भारत के अलावा किसी अन्य देश ने टी20 वर्ल्ड कप में लगातार इतनी जीत दर्ज नहीं की है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने नौ विकेट खोकर 209 रन बनाए। इसी के साथ भारत ने टी20 फॉर्मेट में रिकॉर्ड 47वीं बार 200 का आंकड़ा छुआ। इस मामले में भारत शीर्ष पर है। वहीं, 29 बार 200 का आंकड़ा छूने वाली दक्षिण अफ्रीकी टीम इस लिस्ट में दूसरे पायदान पर है। न्यूजीलैंड ने 28 बार, जबकि ऑस्ट्रेलिया और वेस्टइंडीज ने 25-25 बार ऐसा किया है।
Trending Videos

भारत ने लगातार सबसे ज्यादा मैच जीते
टीम इंडिया ने 2024 टी20 विश्वकप से लेकर अब तक ये लगातार 10 मैच जीते हैं। 2024 टी20 विश्वकप में भारत अजेय रहा था। उसने नौ में से आठ मैच जीते थे और एक मैच बिना टॉस के रद्द हुआ था। यानी लगातार आठ मैच उधर (तब रोहित शर्मा कप्तान थे) और दो मैच टीम इंडिया ने इस विश्वकप (अब सूर्यकुमार कप्तान) में जीते। टी20 वर्ल्ड कप में लगातार सबसे ज्यादा मैच जीतने के मामले में भारत के बाद लिस्ट में दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया मौजूद हैं। दक्षिण अफ्रीका ने साल 2024 में लगातार आठ मैच जीते थे, जबकि ऑस्ट्रेलियाई टीम ने साल 2022 से 2024 के बीच इतने ही मुकाबलों में जीत हासिल की। इंग्लैंड ने साल 2010 से 2012 के बीच लगातार सात टी20 वर्ल्ड कप मुकाबले जीते, जबकि भारतीय टीम साल 2012 से 2014 के बीच लगातार सात मैच अपने नाम कर चुकी थी।

टी20 विश्वकप में लगातार सबसे ज्यादा जीत
टीम जीत अवधि
भारत 10* 2024–2026
दक्षिण अफ्रीका 8 2024
ऑस्ट्रेलिया 8 2022–2024
इंग्लैंड 7 2010–2012
भारत 7 2012–2014
विज्ञापन
विज्ञापन

रनों के अंतर से भारत की सबसे बड़ी जीत
93 रन से जीत टी20 वर्ल्ड कप में रनों के अंतर से भारत की सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले टीम इंडिया ने साल 2012 में इंग्लैंड के विरुद्ध कोलंबो में 90 रन से जीत दर्ज की थी। टीम इंडिया साल 2014 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 73 रन, जबकि साल 2022 में जिम्बाब्वे के विरुद्ध 71 रन से टी20 वर्ल्ड कप मैच जीती थी। टीम इंडिया ने साल 2024 में इंग्लैंड को 68 रन से मात दी थी।

टी20 विश्वकप में भारत की सबसे बड़ी जीत (रनों से)
अंतर विरोधी स्थान साल
93 रन नामीबिया दिल्ली 2026
90 रन इंग्लैंड कोलंबो 2012
73 रन ऑस्ट्रेलिया मीरपुर 2014
71 रन जिम्बाब्वे मेलबर्न 2022
68 रन इंग्लैंड प्रोविडेंस 2024

ईशान और हार्दिक की तूफानी पारी
अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में भारत ने ईशान किशन (61) और हार्दिक पांड्या (52) की शानदार पारियों के दम पर भारत 200 के पार पहुंचने में कामयाब रहा। ईशान किशन ने तिलक वर्मा के साथ दूसरे विकेट के लिए 31 गेंदों में 79 रन की पारी खेली। ईशान ने अपनी पारी में पांच छक्के और छह चौके लगाए, जबकि तिलक वर्मा ने 25 रन का योगदान दिया। इन दोनों खिलाड़ियों के आउट होने के बाद हार्दिक पांड्या ने शिवम दुबे (23) के साथ पांचवें विकेट के लिए 39 गेंदों में 81 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 200 के पार पहुंचा दिया। हालांकि, 205 के स्कोर पर हार्दिक का विकेट गिरने के बाद भारत ने तेजी से विकेट खो दिए। विपक्षी खेमे से कप्तान गेरार्ड इरैसमस ने सबसे ज्यादा चार विकेट निकाले।

रिकॉर्ड 47वीं बार 200 का आंकड़ा
यह भारत का ओवरऑल 47वां 200+ का स्कोर रहा। भारत ने 2024 टी20 विश्वकप के बाद टी20 प्रारूप में 14 बार 200 का आंकड़ा छुआ है। इस अवधि में किसी दूसरी टीम ने सात से ज्यादा बार यह कारनामा नहीं किया है। 209/9 का स्कोर टी20 वर्ल्ड कप में भारत का तीसरा सबसे बड़ा स्कोर है। टीम इंडिया ने साल 2007 में इंग्लैंड के खिलाफ चार विकेट खोकर 218 रन बनाए थे। वहीं, साल 2021 में टीम इंडिया ने अफगानिस्तान के खिलाफ दो विकेट खोकर 210 रन जुटाए थे।

टी20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे ज्यादा 200+ स्कोर
टीम बार
भारत 47
द. अफ्रीका 29
न्यूजीलैंड 28
ऑस्ट्रेलिया 25
वेस्टइंडीज 25

टी20 विश्वकप में भारत के 200 से ज्यादा के स्कोर
स्कोर विरोधी स्थान साल
218/4 इंग्लैंड डरबन 2007
210/2 अफगानिस्तान अबू धाबी 2021
209/9 नामीबिया दिल्ली 2026
205/5 ऑस्ट्रेलिया ग्रोस आइलेट 2024

210 रन के लक्ष्य के जवाब में नामीबियाई टीम 18.2 ओवरों में सिर्फ 116 रन पर सिमट गई। इस टीम के लिए लौरेन स्टीनकैंप ने सर्वाधिक 29 रन बनाए, जबकि जान फ्रीलिंक ने 22 रन का योगदान दिया। भारत की तरफ से वरुण चक्रवर्ती ने महज सात रन देकर तीन विकेट निकाले। हार्दिक पांड्या और अक्षर पटेल को एक-एक सफलता हाथ लगी। अर्शदीप सिंह, शिवम दुबे और जसप्रीत बुमराह ने एक-एक विकेट हासिल किया।

स्पिन गेंदबाजों ने मैच में झटके कुल 10 विकेट
भारत-नामीबिया मुकाबले में स्पिन गेंदबाजों ने कुल 10 विकेट लिए। भारत में खेले गए किसी भी पुरुष टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में यह दूसरा सबसे बड़ा आंकड़ा है। इससे पहले भारत और न्यूजीलैंड के बीच 2016 में नागपुर में 12 विकेट स्पिन से गिरे थे। टी20 विश्वकप 2026 के सभी 18 मैचों स्पिनरों का दबदबा साफ दिखा है। अब तक डाले गए कुल ओवरों में से 50.4 प्रतिशत ओवर स्पिन गेंदबाजों ने फेंके हैं, जो टी20 विश्वकप के किसी भी संस्करण में सबसे ज्यादा है। इससे पहले 2012 में श्रीलंका में खेले गए टूर्नामेंट के दौरान स्पिनरों ने 45.8 प्रतिशत ओवर डाले थे। 
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें क्रिकेट समाचार से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। क्रिकेट जगत की अन्य खबरें जैसे क्रिकेट मैच लाइव स्कोरकार्ड, टीम और प्लेयर्स की आईसीसी रैंकिंग आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Election
एप में पढ़ें

Followed