Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Cricket ›   Who Will Lead Mumbai Indians in IPL 2027 after Hardik Exit? Rohit Sharma, Suryakumar, Tilak in Race

आईपीएल 2027: हार्दिक के बाद मुंबई इंडियंस का नया कप्तान कौन, उपकप्तानी किसे मिलेगी? रोहित समेत ये हैं दावेदार

Wed, 11 Nov 2026 03:11 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, मुंबई
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, मुंबई Published by: स्वप्निल शशांक Updated Wed, 11 Nov 2026 03:11 PM IST
सार

हार्दिक पांड्या के मुंबई इंडियंस से विदा होने के बाद टीम को नए कप्तान की तलाश है। रोहित शर्मा की वापसी की चर्चा है, तो सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा भी दावेदार हैं। सवाल सिर्फ कप्तान चुनने का नहीं, बल्कि यह तय करने का भी है कि मुंबई भविष्य की कमान किसके हाथों में सौंपेगी।

विज्ञापन
Who Will Lead Mumbai Indians in IPL 2027 after Hardik Exit? Rohit Sharma, Suryakumar, Tilak in Race
सूर्यकुमार और बुमराह - फोटो : ANI

विस्तार

मुंबई इंडियंस (एमआई) ने आईपीएल 2027 से पहले बड़ा बदलाव करते हुए हार्दिक पांड्या को पंजाब किंग्स के साथ ट्रेड कर दिया है। इस ट्रेड के तहत तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह मुंबई की टीम में शामिल हुए हैं। हार्दिक के जाने के साथ ही पांच बार की चैंपियन टीम के सामने अब सबसे बड़ा सवाल नए कप्तान को चुनने का है। हार्दिक ने 2024 में टीम की कमान संभाली थी और पिछले दो सीजन तक कप्तान रहे। अब उनकी जगह कौन लेगा, इसे लेकर चर्चा तेज हो गई है।

विज्ञापन


रोहित शर्मा की कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने पांच आईपीएल खिताब जीते हैं। ऐसे में उनकी वापसी की अटकलें लगाई जा रही हैं। हालांकि, सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा भी इस दौड़ में मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं। जसप्रीत बुमराह का नाम उपकप्तानी के विकल्प के तौर पर भी सामने है। दूसरी ओर, फ्रेंचाइजी ने साफ किया है कि वह कप्तानी पर जल्दबाजी में फैसला नहीं करेगी।

विज्ञापन
Trending Videos

Who Will Lead Mumbai Indians in IPL 2027 after Hardik Exit? Rohit Sharma, Suryakumar, Tilak in Race
रोहित शर्मा - फोटो : ANI
रोहित शर्मा की हो सकती है कप्तानी में वापसी
मुंबई इंडियंस के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा नए नेतृत्व के सबसे चर्चित दावेदार हैं। उनकी कप्तानी में टीम ने 2013, 2015, 2017, 2019 और 2020 में आईपीएल खिताब जीते थे। रोहित ने टीम को पांच बार चैंपियन बनाया और फ्रेंचाइजी के सबसे सफल कप्तान रहे हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स और क्रिकेट जगत में चल रही चर्चाओं के मुताबिक, 2026 सीजन में टीम के नौवें स्थान पर रहने के बाद प्रबंधन अनुभव और स्थिरता को प्राथमिकता दे सकता है। ऐसे में रोहित को एक बार फिर कप्तानी सौंपने का विकल्प मौजूद है। हालांकि, फ्रेंचाइजी ने इस बारे में कोई आधिकारिक संकेत नहीं दिया है। अगर मुंबई इंडियंस रोहित को कप्तान बनाती है, तो यह टीम के लिए पुराने नेतृत्व की ओर लौटने जैसा होगा। उनके अनुभव और टीम के साथ पुराने जुड़ाव को देखते हुए यह विकल्प चर्चा में है।
विज्ञापन

Who Will Lead Mumbai Indians in IPL 2027 after Hardik Exit? Rohit Sharma, Suryakumar, Tilak in Race
मुंबई इंडियंस - फोटो : ANI
सूर्यकुमार यादव भी मजबूत दावेदार
टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारतीय टीम की कप्तानी कर चुके सूर्यकुमार यादव भी मुंबई इंडियंस के अगले कप्तान बन सकते हैं। उनकी कप्तानी में भारत ने 2026 टी20 विश्व कप का खिताब जीता था। घरेलू क्रिकेट में मुंबई की कप्तानी करने का अनुभव भी उनके पास है।

सूर्यकुमार टीम के मौजूदा खिलाड़ियों में से हैं और उनके पास अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कप्तानी का अनुभव है। ऐसे में फ्रेंचाइजी अगर किसी नए पूर्णकालिक कप्तान को जिम्मेदारी देना चाहती है, तो सूर्यकुमार स्वाभाविक विकल्प हो सकते हैं । उनकी कप्तानी में टीम को एक ऐसा नेतृत्व मिल सकता है, जो अंतरराष्ट्रीय और घरेलू क्रिकेट दोनों में अपनी क्षमता दिखा चुका है। हालांकि, इस भूमिका के लिए फ्रेंचाइजी का अंतिम फैसला आना बाकी है।
विज्ञापन

Who Will Lead Mumbai Indians in IPL 2027 after Hardik Exit? Rohit Sharma, Suryakumar, Tilak in Race
मुंबई इंडियंस - फोटो : ANI
तिलक वर्मा को मिल सकती है बड़ी जिम्मेदारी
मुंबई इंडियंस के युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा भी कप्तानी की दौड़ में शामिल हैं। वह 2022 से टीम का हिस्सा हैं और भारतीय टी20 टीम के उपकप्तान भी हैं। ऐसे में फ्रेंचाइजी उन्हें भविष्य के कप्तान के तौर पर तैयार करने पर विचार कर सकती है। अगर मुंबई इंडियंस लंबे समय की योजना के तहत किसी युवा खिलाड़ी को नेतृत्व सौंपना चाहती है, तो तिलक का नाम अहम हो सकता है। उन्हें सीधे कप्तान बनाने के बजाय पहले उपकप्तान की जिम्मेदारी भी दी जा सकती है। इससे उन्हें टीम के नेतृत्व का अनुभव हासिल करने का मौका मिलेगा।

उपकप्तानी के लिए तिलक, बुमराह और सूर्यकुमार के नाम
कप्तान के साथ मुंबई इंडियंस को नए उपकप्तान की भी जरूरत होगी। अगर रोहित शर्मा या सूर्यकुमार यादव को कप्तानी मिलती है, तो तिलक वर्मा उपकप्तानी के मजबूत दावेदार हो सकते हैं। भारतीय टी20 टीम में उपकप्तान की भूमिका निभाने का अनुभव उनके पक्ष में जाता है।

जसप्रीत बुमराह भी इस पद के लिए एक विकल्प हैं। वह लंबे समय से मुंबई इंडियंस की टीम का हिस्सा हैं और भारतीय टेस्ट टीम की कप्तानी भी कर चुके हैं। हालांकि, तेज गेंदबाज होने के कारण पूरे सीजन उनकी उपलब्धता और कार्यभार का प्रबंधन अहम होगा। इसके बावजूद मैदान पर उनके अनुभव और रणनीतिक समझ से टीम को फायदा मिल सकता है। अगर रोहित शर्मा को कप्तानी मिलती है, तो सूर्यकुमार यादव उपकप्तान की भूमिका निभा सकते हैं। इससे टीम को एक अनुभवी नेतृत्व समूह मिल सकता है। वहीं, सूर्यकुमार के कप्तान बनने पर तिलक या बुमराह को उपकप्तानी सौंपी जा सकती है।

Who Will Lead Mumbai Indians in IPL 2027 after Hardik Exit? Rohit Sharma, Suryakumar, Tilak in Race
सूर्यकुमार-तिलक - फोटो : IPL
मुंबई इंडियंस ने कहा- सही समय पर होगा कप्तान का एलान
कप्तानी को लेकर चल रही अटकलों के बीच मुंबई इंडियंस ने स्पष्ट किया है कि वह इस मामले में सोच-समझकर फैसला करेगी। फ्रेंचाइजी ने अपने बयान में कहा, 'मुंबई इंडियंस आगामी सीजन की ओर देख रही है और कप्तानी के विकल्पों का मूल्यांकन करने के लिए सोच-समझकर फैसला करेगी। टीम की कप्तानी को लेकर घोषणा उचित समय पर की जाएगी।'

यह बयान बताता है कि फिलहाल फ्रेंचाइजी ने किसी खिलाड़ी के नाम पर मुहर नहीं लगाई है। आईपीएल 2027 के लिए खिलाड़ियों की रिटेंशन की अंतिम तारीख 17 नवंबर है, जबकि मिनी नीलामी 16 दिसंबर को गोवा में होगी। ऐसे में कप्तानी का फैसला टीम की रिटेंशन और नीलामी की रणनीति को भी प्रभावित कर सकता है।

Who Will Lead Mumbai Indians in IPL 2027 after Hardik Exit? Rohit Sharma, Suryakumar, Tilak in Race
श्रेयस और हार्दिक - फोटो : ANI
हार्दिक के जाने से बदलेगा मुंबई का टीम संयोजन
हार्दिक पांड्या का मुंबई इंडियंस से जाना फ्रेंचाइजी के लिए एक बड़े बदलाव का संकेत है। वह पहली बार 2015 में टीम से जुड़े थे और चार खिताब जीतने वाली टीम का हिस्सा रहे। 2022 में गुजरात टाइटंस से जुड़ने के बाद उन्होंने उस टीम को अपने पहले ही सीजन में चैंपियन बनाया। 2023 में गुजरात की टीम फाइनल तक पहुंची थी।

इसके बाद 2024 में हार्दिक मुंबई लौटे और कप्तान बने। अब वह पंजाब किंग्स का हिस्सा होंगे। इस ट्रेड में उनकी सैलरी 16.35 करोड़ रुपये से बढ़कर 18 करोड़ रुपये हो गई है। अर्शदीप सिंह भी 18 करोड़ रुपये की मौजूदा फीस पर मुंबई इंडियंस से जुड़े हैं। हार्दिक ने आईपीएल में 162 मैचों में 2,955 रन बनाए हैं और 82 विकेट लिए हैं। वहीं, अर्शदीप पंजाब किंग्स के लिए 96 मैचों में 111 विकेट लेकर फ्रेंचाइजी के सबसे सफल गेंदबाज रहे। वह 2019 में पंजाब से जुड़े थे और अब आठ सीजन बाद टीम से अलग हुए हैं।

Who Will Lead Mumbai Indians in IPL 2027 after Hardik Exit? Rohit Sharma, Suryakumar, Tilak in Race
बुमराह और अर्शदीप - फोटो : PTI
अर्शदीप के आने से मुंबई की तेज गेंदबाजी को मजबूती मिलेगी। वह जसप्रीत बुमराह के साथ नई गेंद संभाल सकते हैं और डेथ ओवरों में भी उपयोगी साबित हो सकते हैं। मुंबई इंडियंस के मालिक आकाश अंबानी ने उनके टीम से जुड़ने पर कहा, 'अर्शदीप के आने से हमारी गेंदबाजी को एक नया आयाम मिलेगा। हम हमेशा अनुभव, कौशल और प्रतिस्पर्धा की भूख का सही संतुलन बनाने वाली टीम तैयार करने की कोशिश करते हैं। अर्शदीप में ये सभी खूबियां हैं। हम ब्लू और गोल्ड जर्सी में उनका स्वागत करते हैं।' अब मुंबई इंडियंस के सामने कप्तानी और टीम संयोजन, दोनों को लेकर अहम फैसले हैं। रोहित की वापसी, सूर्यकुमार को नई जिम्मेदारी या तिलक पर भविष्य का दांव- फ्रेंचाइजी किस विकल्प को चुनती है, इसका जवाब आने वाले दिनों में मिलेगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें क्रिकेट समाचार से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। क्रिकेट जगत की अन्य खबरें जैसे क्रिकेट मैच लाइव स्कोरकार्ड, टीम और प्लेयर्स की आईसीसी रैंकिंग आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed