Dehradun: बुजुर्ग को लोहे की रॉड और बेसबॉल के डंडे से पीटा, अधमरा कर फेंका, फरार चल रहा आरोपी गिरफ्तार
बुजुर्ग को लोहे की रॉड और बेसबॉल के डंडे से पीटकर अधमरा कर दिया गया। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी लगातार ठिकाने बदल रहा था। आखिरकार बदमाश पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे 20 हजार रुपये के इनामी हिमांशु डंगवाल को नेहरू कॉलोनी पुलिस ने आईएसबीटी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त बेसबॉल का डंडा भी बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार एकता विहार, अजबपुर खुर्द निवासी कीर्ति मौर्य ने थाना नेहरू कॉलोनी में तहरीर देकर बताया था कि 19 मई की रात हिमांशु डंगवाल और उसके साथियों ने उनके पिता सुशील मौर्य पर लोहे की रॉड और बेसबॉल के डंडे से हमला कर दिया था। आरोप है कि हमलावरों ने सुशील मौर्य के सिर पर कई वार किए और उन्हें गंभीर रूप से घायल अवस्था में छोड़कर फरार हो गए। घायल को उपचार के लिए जौलीग्रांट अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर होने पर आईसीयू में रखा गया। बेटे की शिकायत पर नेहरू कॉलोनी थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
घटना के बाद से वह लगातार छिपता फिर रहा आरोपी
आरोपी की गिरफ्तारी न होने पर एसएसपी ने उस पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। इसके बाद पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और सुरागरसी-पतारसी के आधार पर शनिवार देर रात आईएसबीटी क्षेत्र से आरोपी हिमांशु डंगवाल उर्फ मिंटू को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि घटना के बाद से वह लगातार छिपता फिर रहा था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान हिमांशु डंगवाल उर्फ मिंटू (43) निवासी माता मंदिर के निकट, अजबपुर कला, थाना नेहरू कॉलोनी, देहरादून के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त बेसबॉल का डंडा भी बरामद कर लिया है। थाना प्रभारी मनोज नौटियाल ने बताया कि मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और उनके खिलाफ भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
अभी तीन लोग चल रहे फरार
घायल सुशील मौर्य के बेटे कीर्ति ने बताया कि उन्हें रात करीब 9.30 बजे एक परिचित के जरिये सूचना मिली थी कि कुछ लोग पिता को बुरी तरह पीट रहे हैं। जब वह मौके पर पहुंचे तो पिता को गंभीर घायल अवस्था में छोड़कर आरोपी फरार हो गए थे। इस घटना को अंजाम देने में हिमांशु के साथ तीन-चार और लोग थे। अभी वह लोग पुलिस की पकड़ से दूर हैं। उन्होंने सभी आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
ये भी पढ़ें...Uttarakhand: पीसीएस परीक्षा पास कर एसडीएम बनीं काजल सैनी, बोलीं मम्मी-पापा ने शादी नहीं पढ़ाई को दी प्राथमिकता
असम भागने की फिराक में था आरोपी
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की थी। पुलिस टीम ने आरोपी के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी, लेकिन वह गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार स्थान बदलता रहा। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी घटना के बाद लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस से बचता फिर रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए असम भागने की तैयारी में था। इसके पहले कि वह भागता पुलिस ने आईएसबीटी से उसे गिरफ्तार कर लिया।