बदरीनाथ चढ़ावा चोरी: CCTV में मिले अहम सुराग, तीन बार गणना कक्ष में जाता दिखा आरोपी, नोट-सिक्के लेकर निकला
बदरीनाथ धाम में थाली भेंट गणना के दौरान धनराशि उठाने के मामला सामने आया था। जिसके बाद आरोपी कर्मचारी प्रमोद नौटियाल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। अब सीसीटीवी में अहम सुराग मिले हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बदरीनाथ मंदिर के चढ़ावे की हेराफेरी मामले की जांच अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गई है। पुलिस को मंदिर परिसर और गणना कक्ष में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से अहम साक्ष्य मिले हैं। फुटेज में बीकेटीसी का आरोपी कर्मचारी प्रमोद नौटियाल मोबाइल फोन के नीचे नोटों की गड्डी, सोने-चांदी जैसे सिक्के और धार्मिक वस्तुएं लेकर बाहर निकलता दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि पुलिस ने इन साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की गिरफ्तारी की तैयारी भी शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, दो जुलाई की सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लिया गया है। इसमें आरोपी कर्मचारी तीन अलग-अलग बार गणना कक्ष में प्रवेश करता और हर बार हाथ में कुछ सामान लेकर बाहर आता दिखाई देता है। उस समय गणना कक्ष में श्रद्धालुओं के चढ़ावे की गिनती चल रही थी। फुटेज में उसके हाथ में सोने-चांदी जैसे सिक्कों के अलावा शालिग्राम जैसी धार्मिक वस्तु भी दिखाई देने की बात सामने आई है।
शनिवार को भी पुलिस टीम ने मंदिर परिसर में पहुंचकर मामले की विवेचना जारी रखी। सीसीटीवी फुटेज में जहां-जहां संदिग्ध गतिविधियां दिखाई दे रही हैं, उन्हें आधार बनाकर बीकेटीसी के कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही घटना से पहले की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ी जा सकें।
BKTC: बजट से बिना अनुमोदन खर्च किए छह लाख रुपये, पूर्व सीईओ थपलियाल समेत तीन पर होगी कार्रवाई
इस बीच बीकेटीसी की आंतरिक जांच भी पूरी हो चुकी है। समिति की जांच रिपोर्ट जल्द ही मुख्य कार्याधिकारी को सौंपी जाएगी। पुलिस उपाधीक्षक एवं विवेचना के पर्यवेक्षक मदन सिंह बिष्ट ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रही संदिग्ध गतिविधियों के संबंध में कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही घटना से पहले की रिकॉर्डिंग का भी गहन परीक्षण किया जा रहा है।
आज खत्म होगा आरोपी कर्मचारी का अवकाश
चढ़ावा हेराफेरी का मामला सामने आने के बाद आरोपी कर्मचारी प्रमोद नौटियाल ने 5 से 12 जुलाई तक आकस्मिक अवकाश लिया था। रविवार को उसका अवकाश समाप्त हो रहा है। बीकेटीसी पहले ही उसे निलंबित कर ज्योतिर्मठ कार्यालय से संबद्ध कर चुकी है। संभावना है कि सोमवार को वह ज्योतिर्मठ कार्यालय में उपस्थित हो सकता है।
दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने भेजा रिमाइंडर
पुलिस ने दो दिन पहले बीकेटीसी से मामले से संबंधित कार्रवाई की पत्रावलियां, गणना कक्ष में मौजूद और अनुपस्थित कर्मचारियों को जारी नोटिसों की प्रतियां, उनके जवाब, निलंबन संबंधी दस्तावेज और प्रारंभिक जांच रिपोर्ट मांगी थी। दस्तावेज समय पर उपलब्ध नहीं होने पर विवेचना टीम ने समिति को रिमाइंडर भेजकर जल्द रिकॉर्ड उपलब्ध कराने को कहा है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.