देहरादून नगर निगम बोर्ड बैठक: हंगामे के बीच आठ प्रस्तावों पर चर्चा, तीन ही हुए पास; किन्नरों की बधाई की रकम तय
मेयर सौरभ थपलियाल की अध्यक्षता में बैठक शुरू होते ही कांग्रेस पार्षद कोमल वोहरा के नेतृत्व में सभी कांग्रेस पार्षद मेयर-नगर आयुक्त के आसन के सामने आ गए
विस्तार
नगर निगम की बोर्ड बैठक के दौरान भाजपा-कांग्रेस पार्षदों के बीच जमकर हंगामा हुआ। इस दौरान 82 प्रस्तावों में से मात्र नौ पार्षदों के प्रस्तावों पर ही चर्चा हो पाई। इसके बाद शाम पांच बजे बोर्ड बैठक को बृहस्पतिवार के लिए स्थगित कर दिया। बैठक के दौरान सदन में किन्नरों के लिए अधिकतम 5100 रुपये निर्धारण और सभी वार्डों में समान रूप से पर्यावरण मित्रों की तैनाती के साथ पर्यावरण मित्रों की तीन सौ रुपये प्रतिदिन मानदेय बढ़ाने के प्रस्ताव सर्वसम्मति से सदन ने एकमत से पास किए।
मेयर सौरभ थपलियाल की अध्यक्षता में बैठक शुरू होते ही कांग्रेस पार्षद कोमल वोहरा के नेतृत्व में सभी कांग्रेस पार्षद मेयर-नगर आयुक्त के आसन के सामने आ गए। पार्षदों ने कुछ दिन पूर्व हुई कांग्रेस की रैली के पोस्टर हटाने का जबरदस्त विरोध करते हुए जवाब मांगा और जवाब नहीं मिलने तक सदन न चलने न देने की बात कहने लगे। कांग्रेस पार्षदों की ओर से हंगामा किए जाने भाजपा पार्षदों ने इसका विरोध किया। इस बीच दोनों दलों के पार्षदों के बीच नोंकझोंक शुरू हो गई।
Chardham Yatra: केदारनाथ में यात्रियों के मोबाइल करते थे चोरी, बदरीनाथ पुलिस ने दबोचा अंतरराज्यीय चोर गिरोह
भाजपा विधायक बृजभूषण गैरोला ने जब समझाने का प्रयास किया तो उनके साथ भी कांग्रेसियों की बहस हो गई। बाद में किसी तरह अन्य पार्षदों ने मामला शांत कराया। पार्षदों के कहने पर प्रस्तावों की शुरुआत जनप्रतिनिधियों के प्रस्तावों पर चर्चा से शुरू हुई। विधायक बृजभूषण गैरोला ने बलिदानी कैप्टन धनीराम के नाम का नाम किसी चौक या मार्ग को दिए जाने का प्रस्ताव रखा गया। इसके बाद वार्ड-63 के पार्षद दिनेश केमवाल, वार्ड-36 की पार्षद अमिता सिंह, वार्ड-95 के पार्षद रविंद्र गुसाईं, वार्ड 24 के पार्षद विशाल कुमार, वार्ड-42 की पार्षद रेनू देवी, वार्ड-13 की पार्षद कोमल वोहरा, वार्ड-12 के पार्षद भूपेंद्र कठैत के प्रस्तावों पर चर्चा में ही शाम के पांच बज गए। इसके बाद बोर्ड बैठक स्थगित कर दी गई।
वार्डों में बराबर तैनात किए जाएंगे पर्यावरण मित्र
पार्षद अभिषेक पंत सहित कई पार्षदों ने मांग उठाई कि दून नगर निगम में कई वार्ड ऐसे हैं जहां पर 40-40 सफाईकर्मी तैनात हैं तो कई ऐसे भी हैं जहां 10 भी नहीं। ऐसे वर्तमान में तैनात सभी 2385 पर्यावरण मित्रों को समान मात्रा में सभी वार्डों में तैनात किया जाए। काफी देर तक इस मुद्दे पर चर्चा होती रही। बाद में मेयर ने सर्वसम्मति से इसे पास कर दिया। मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खन्ना ने कहा कि 26 मई तक सभी पार्षदों को उनके यहां तैनात सफाईकर्मियों की सूची दे दी जाएगी और एक जून से यह आदेश लागू हो जाएगा।
किन्नरों के लिए 5100 रुपये अधिकतम की धनराशि का प्रस्ताव पास
बोर्ड बैठक में पार्षदों ने किन्नरों के लिए अधिकतम बधाई तय करने के प्रस्ताव पर भी चर्चा की। इस दौरान पार्षद अमिता सिंह ने कहा जनहित में यह जरूरी है। सभी पार्षदों ने इस पर अपनी-अपनी बात रखी। बाद में इस प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पास किया गया। इसके तहत अब नगर निगम देहरादून में 5100 रुपये से अधिक बधाई नहीं मांगी जाएगी। इसके संबंध में नगर निगम की ओर से देहरादून में प्रचार-प्रसार किया जाएगा और साथ पुलिस-प्रशासन को पत्र लिखा जाएगा।
हमारे पर्यावरण मित्र पूरे शहर की गंदगी को साफ करते हैं। सदन ने 800 रुपये प्रतिदिन की मांग करते हुए प्रस्ताव रखा और पास कर दिया। इसके अलावा बधाई के नाम पर अधिकतम 5100 रुपये तय किए जाने का प्रस्ताव भी सदन में रखा गया।
-सौरभ थपलियाल, मेयर
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.
