देहरादून: श्रीनगर से कन्याकुमारी तक बाइक से भारत भ्रमण पर निकले सिद्धांत, देश की संस्कृति जानने का लक्ष्य
श की विविध संस्कृतियों, परंपराओं और भौगोलिक विशेषताओं को करीब से जानने के लिए देहरादून के सिद्धांत सिसोदिया अकेले बाइक यात्रा पर निकले हैं। दो अक्तूबर को श्रीनगर से शुरू हुआ उनका सफर केरल के अलप्पुझा तक पहुंच चुका है। कन्याकुमारी पहुंचने के बाद प्रमुख शहरों से होते हुए तीन नवंबर तक देहरादून लौटने का लक्ष्य है।
विस्तार
देश के विविध भौगोलिक क्षेत्रों, संस्कृतियों और परंपराओं को करीब से जानने के उद्देश्य से सिद्धांत सिसोदिया बाइक से भारत भ्रमण पर निकले हैं। दो अक्तूबर को श्रीनगर, कश्मीर से शुरू हुआ उनका सफर अब केरल के अलप्पुझा तक पहुंच चुका है। बाइक पर अकेले निकले दून के सिद्धांत का लक्ष्य कन्याकुमारी पहुंचने के बाद देश के कई प्रमुख शहरों से होते हुए तीन नवंबर तक देहरादून लौटना है।
सिद्धांत का यह सफर पारंपरिक श्रीनगर से कन्याकुमारी तक की यात्रा से अलग है। उन्होंने अपने अभियान में उत्तर, पश्चिम और दक्षिण भारत के विभिन्न क्षेत्रों को शामिल किया है। कन्याकुमारी से वापसी के दौरान वह मदुरै, बंगलूरू, हैदराबाद, नागपुर, झांसी और आगरा होते हुए देहरादून पहुंचेंगे।
ये भी पढ़ें...मसूरी: चटख धूप खिली, चमक रहीं हिमालय की बर्फीली चोटियां, गुनगुने मौसम और कुदरती नजारों का लुत्फ उठा रहे पर्यटक
सिद्धांत का कहना है कि अकेले मोटरसाइकिल से लंबी दूरी तय करना उनके लिए रोमांच के साथ खुद को चुनौती देने का भी अवसर है। इस दौरान उन्हें अलग-अलग जगहों की जीवनशैली को समझने, अनजान स्थानों को तलाशने और विभिन्न पृष्ठभूमि के लोगों से मिलने का मौका मिल रहा है। सिद्धांत अपनी इस यात्रा के अनुभवों को तस्वीरों और वीडियो के माध्यम से दर्ज कर रहे हैं।