Kedarnath: गौतम अदाणी ने किए बाबा केदार के दर्शन, सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर बताया-क्यों है आज का दिन खास
उद्योगपति गौतम अदाणी पत्नी साथ केदारनाथ धाम पहुंचे। यहां बाबा केदार के दर्शन कर उन्होंने आशीर्वाद लिया। दर्शन के बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट लिखा है।
विस्तार
अदाणी समूह के संस्थापक एवं चेयरमैन गौतम अदाणी ने आज एक मई को केदारनाथ धाम पहुंचकर बाबा केदार के दर्शन किए। साथ ही उन्होंने सोनप्रयाग से केदारनाथ तक प्रस्तावित रोपवे का हवाई सर्वे भी किया। बता दें कि रोपवे के निर्माण का जिम्मा अदाणी समूह को दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, गौतम अदाणी शुक्रवार सुबह दिल्ली से देहरादून पहुंचे। इसके बाद वह निजी हेलिकॉप्टर से केदारनाथ धाम के लिए रवाना हुए। यहां धाम पहुंचकर उन्होंने बाबा केदार की विशेष पूजा-अर्चना की। इस दौरान उनकी पत्नी भी उनके साथ मौजूद रहीं। वीआईपी आगमन को देखते हुए केदारनाथ धाम क्षेत्र में सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन अलर्ट रहा।
सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा करते हुए उन्होंने लिखा कि आज का दिन मेरे लिए विशेष है। एक ओर विश्व श्रमिक दिवस है और दूसरी ओर मेरे विवाह की 40वीं वर्षगांठ। इस पावन अवसर की शुरुआत मैंने अपनी जीवनसंगिनी प्रीति के साथ केदारनाथ धाम में भगवान महादेव के दर्शन और आशीर्वाद से की।
ये भी पढ़ें...Dehradun: तेज बारिश से सहस्रधारा में बाढ़ जैसे हालात, गुच्चूपानी में फंसे सात पर्यटक, SDRF ने किया रेस्क्यू
चार दशकों की इस यात्रा में प्रीति का साथ मेरे लिए केवल जीवन का संबल नहीं, बल्कि हर चुनौती में एक शांत शक्ति और हर सफलता में एक विनम्र आधार रहा है। इसके लिए मैं हृदय से उनका आभारी हूं। हमने महादेव से प्रार्थना की कि वह हमारे देश को निरंतर प्रगति, समृद्धि और शक्ति प्रदान करें, और हम सभी को राष्ट्र निर्माण में अपना श्रेष्ठ योगदान देने की प्रेरणा दें।
