दलेर मेहंदी विवाद: मीका सिंह ने मिलाया मंत्री सुबोध उनियाल को फोन, कहा-आरोप साबित करें तो मैं गाना छोड़ दूंगा
नरेंद्रनगर के मां कुंजापुरी मेले में दलेर मेहंदी की प्रस्तुति को लेकर शुरू हुआ विवाद अब गायकों और फिल्मी हस्तियों तक पहुंच गया है। कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल के वायरल वीडियो के बाद पंजाबी गायक मीका सिंह ने उनसे संपर्क किया। बातचीत में मंच पर हुए घटनाक्रम और प्रस्तुति के दौरान मर्यादा बनाए रखने का मुद्दा भी उठा।
विस्तार
दलेर मेहंदी की प्रस्तुति को लेकर उठे विवाद के बीच पंजाबी गायक मीका सिंह ने कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल से बातचीत की। मंत्री का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यह मामला लगातार चर्चा में है। वीडियो में मंत्री मंच पर दलेर मेहंदी की प्रस्तुति को लेकर नाराजगी जताते दिखाई दे रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार को मीका सिंह और मंत्री के बीच हुई बातचीत में मंच पर हुए घटनाक्रम का जिक्र हुआ। इस दौरान सुबोध उनियाल ने मीका सिंह से भी मंच की मर्यादा बनाए रखने की जरूरत बताई। उत्तराखंड के नरेंद्रनगर में मां कुंजापुरी मेले में पंजाबी गायक दलेर मेहंदी की प्रस्तुति को लेकर उठा विवाद अब मनोरंजन जगत तक पहुंच गया है।
इंस्टाग्राम पर वीडियो साझा करते हुए मीका सिंह ने कहा कि अगर कोई यह साबित कर दे कि 59 वर्षीय दलेर मेहंदी ने कभी शराब पी है, तो वह गाना छोड़ देंगे। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने बड़े भाई दलेर मेहंदी को लेकर खबरें देखी हैं, जिनमें दावा किया जा रहा है कि वह गाते समय नशे में थे और ठीक से गा नहीं पा रहे थे।
मीका ने उठाए सवाल
मीका ने सवाल उठाया कि क्या किसी ने कभी दलेर मेहंदी के हाथ में शराब का गिलास देखा है या उनकी जन्मदिन की पार्टियों में शराब परोसे जाते हुए देखा है? उन्होंने कहा कि वह अपने बड़े भाई की बात कर रहे हैं, अपनी नहीं। लोग उनके बारे में कुछ भी कह सकते हैं, लेकिन दलेर मेहंदी को लेकर ऐसी बातें नहीं कहनी चाहिए। मीका के मुताबिक, अगर दलेर मेहंदी उस समय ठीक से नहीं गा पा रहे थे, तो संभव है कि उनकी तबीयत ठीक न रही हो।
मंच पर उनके लड़खड़ाने और लिप-सिंक के आरोपों के बाद कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल की ओर से उन्हें डांटने पर भाई मीका सिंह, रैपर बादशाह और कॉमेडियन कपिल शर्मा, शिल्पा शेट्टी समेत कई कलाकार उनके समर्थन में सामने आए हैं। सभी ने सार्वजनिक रूप से एक वरिष्ठ कलाकार को अपमानित किए जाने पर कड़ी नाराजगी जताई।
दलेर मेहंदी को 35 लाख रुपये दिए गए थे
विवाद उस समय शुरू हुआ, जब उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री और नरेंद्र नगर के विधायक सुबोध उनियाल ने मेले में दलेर मेहंदी की प्रस्तुति पर आपत्ति जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि गायक मंच पर असहज नजर आ रहे थे और गाने के बजाय लिप-सिंक कर रहे थे। मंत्री के मुताबिक, कार्यक्रम के लिए दलेर मेहंदी को 35 लाख रुपये दिए गए थे। हालांकि, उनके नशे में होने के आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
दलेर मेहंदी के बचाव में उतरे मीका सिंह ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर बताया कि उनके भाई पिछले दो साल से अस्वस्थ हैं और हाल ही में उनकी बड़ी सर्जरी हुई है। मीका ने शराब पीने के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि दलेर मेहंदी शराब नहीं पीते। उन्होंने कड़ी नाराजगी जता चेतावनी दी कि कोई अगर यह साबित कर दे कि दलेर शराब पी रहे थे तो वह गाना छोड़ देंगे। वहीं, रैपर बादशाह ने लिखा कि दलेर की कला और संगीत जगत में योगदान पर निराशा जताई जा सकती है, लेकिन सार्वजनिक रूप से किसी कलाकार को अपमानित करना बेहद दुखद है।
उन्होंने कहा कि दिग्गज कलाकार सम्मान के हकदार हैं, खासकर तब, जब वे किसी मुश्किल दौर से गुजर रहे हों। कॉमेडियन कपिल शर्मा ने भी दलेर मेहंदी के प्रति समर्थन जताते हुए कहा कि उनकी गंभीर सर्जरी के बारे में बहुत से लोगों को जानकारी नहीं है। उन्होंने लिखा कि हर किसी को दूसरों के प्रति थोड़ा और दयालु होना चाहिए, क्योंकि यह पता नहीं होता कि कोई व्यक्ति किस दौर से गुजर रहा है। गायिका हर्षदीप कौर ने भी दलेर मेहंदी को दिग्गज कलाकार बताते हुए कहा कि उस दिन उनकी तबीयत ठीक नहीं रही होगी। इस बीच, शिल्पा शेट्टी समेत मनोरंजन जगत की कई अन्य हस्तियों ने भी उनके समर्थन में आवाज उठाई है।