उत्तराखंड: अब मंत्री रेखा आर्य के पति ने जारी किया वीडियो, अपने ऑडियो को बताया एआई जेनरेटेड; जानें पूरा मामला
उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य और उनके पति गिरधारी लाल साहू के बीच विवाद अब सार्वजनिक हो गया है। रेखा आर्य की ओर से पुलिस में शिकायत दर्ज कराने और ऑडियो जारी करने के बाद उनके पति ने भी वीडियो जारी कर अपना पक्ष रखा है। उन्होंने ऑडियो को एआई जेनरेटेड बताते हुए मंत्री से पुलिस में दी गई तहरीर वापस लेने की मांग की है।
विस्तार
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू ने वीडियो जारी कर उन पर लगाए गए आरोपों का निराधार बताया। उन्होंने उस ऑडियो को एआई जेनरेटेड बताया है, जिसे मंत्री रेखा आर्या ने हाल ही में जारी किया था। साहू का दावा है कि ऑडियो को परिवार में विवाद पैदा करने के लिए बनाया है। उन्होंने रेखा आर्या से कैंट थाने में दी गई तहरीर वापस लेने की मांग भी की है।
वीडियो में गिरधारी लाल साहू ने रेखा आर्य पर पलटवार करते हुए कहा कि उन्हें सत्ता और पद पर हमेशा बने रहने का भरोसा नहीं करना चाहिए, क्योंकि जीवन में उतार-चढ़ाव आते रहते हैं। कहा कि रेखा आर्य यह भूल गई हैं कि उन्होंने उनके जीवन में आगे बढ़ने में किस तरह भूमिका निभाई। साहू ने यह भी कहा कि पूरा उत्तराखंड उनके बारे में जानता है।
जालसाजी, जातिगत प्रताड़ना, मारपीट और जान से मारने का षड्यंत्र रचने जैसे गंभीर आरोप
साहू ने वीडियो में रेखा आर्य पर भ्रष्टाचार के आरोप भी लगाए। उन्होंने कहा कि यदि उन्होंने अपने खिलाफ दी गई शिकायत वापस नहीं ली, तो उन्हें इसके ईश्वर उन्हें सजा देगा। इससे पहले रेखा आर्य ने अपने पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ कैंट थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
मंत्री ने उन पर जालसाजी, जातिगत प्रताड़ना, मारपीट और जान से मारने का षड्यंत्र रचने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने शिकायत में यह भी आरोप लगाया कि उनके पति ने दस्तावेजों पर फर्जी हस्ताक्षर कर उन्हें कंपनी के निदेशक पद से हटाया, जबकि उन्होंने पद से इस्तीफा नहीं दिया था।
ये भी पढे़ं...रेखा आर्य: मंत्री का रोते हुए वीडियो वायरल होने के बाद समर्थन में उतरे ये एक्टर, पीएम मोदी से कार्रवाई की अपील
रेखा आर्य ने यह भी आरोप लगाया कि उनके पति ने अपनी पहली शादी की बात उनसे छिपाई थी और दूसरी महिलाओं से संबंध होने पर विरोध करने के बाद उनके साथ दुर्व्यवहार किया। पुलिस ने मंत्री की शिकायत पर संबंधित धाराओं और एससी-एसटी एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
फिलहाल, दोनों पक्षों की ओर से आरोप-प्रत्यारोप सामने आए हैं। गिरधारी लाल साहू ने अपने वीडियो में आरोपों को नकारते हुए ऑडियो की प्रामाणिकता पर सवाल उठाए हैं, जबकि रेखा आर्य की शिकायत पर दर्ज मामले में पुलिस की जांच आगे की कार्रवाई तय करेगी।
जानें क्या था विवादित ऑडियो में?
बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने पति के विवादित ऑडियो के बाद कैंट थाने में मुकदमा दर्ज कराया। इस ऑडियो में एक महिला को वकालतनामा में दस्तखत करने और जेल जाने के लिए तैयार रहने को कहा जा रहा है। महिला से बातचीत के कुछ अंश पेश हैं, हालांकि अमर उजाला इस ऑडियो की पुष्टि नहीं करता। यह ऑडियो खुद मंत्री ने अपने फेसबुक अकांउट पर पोस्ट किया है। नीचे पढ़ें बातचीत के अंश-
उत्तराखंड: मंत्री रेखा आर्या ने पति के खिलाफ दर्ज कराई एफआईआर, लगाए कई आरोप, ऑडियो से खुला षड्यंत्र
बंटवारा हो रहा है, दस्तखत हो जाएंगे, फिर तुम देखना
ऑडियो में मंत्री का पति एक महिला से बात करते हुए कह रहे हैं उससे (मंत्री से) से मेरा हिस्सा व बंटवारा हो रहा है, दस्तखत हो जाएंगे, फिर तुम देखना, हमारा हिसाब किताब हो तो हम मोर्चा लेंगे, तुम क्यों चिंता कर रही हो, वो रेखा का तगड़ा दुश्मन हो गया है, रेखा ने रिंकू के नाम एफआरआई करा दी है। हम इसलिए नहीं करा रहे हमारा हिसाब किताब हो तो हम भी कराएंगे, हिसाब किताब होने दो, तुम इतनी संघर्ष करने वाली हो, घबरा जाती हो। हमें 25 लाख मिले, तुम्हें भेज दिए। हम तुम्हें मजबूत कर रहे हैं।
तुम कहना मुझे इससे और इसके आदमी दोनों से निपटना है
ऑडियो में मंत्री का पति महिला को बता रहा है कि तुम यह कहना, मुझे इससे और इसके आदमी दोनों से निपटना है। उसे (मंत्री को) 20 तो, मुझे 40 गाली देना। महिला से पूछा जा रहा है कि तुम्हें एक प्रतिशत जेल जाना पड़े तो क्या तुम्हारा भाई आ जाएगा। यह बताओ बरेली में वकालतनामा में कोई दस्तखत करने वाला है। दो से तीन दिन जेल जाना पड़ेगा, कोई फांसी नहीं लगेगी। पुलिस भी हमारे फेवर में है।
तीन-चार महीने के लिए है मंत्री
ऑडियो में जिस महिला से बात हो रही है उसे समझाया जा रहा है कि रेखा आर्या पूरा जीवन मंत्री थोड़े ही रहेगी। वह बस तीन चार महीने के लिए मंत्री है।