Vikasnagar: पुलिस की कार्रवाई, छात्रों को स्मैक बेचने वाला आरोपी तस्कर गिरफ्तार, 26 लाख रुपये की बरामद
देहरादून जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत विकासनगर पुलिस ने एक युवक को स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी क्षेत्र में युवाओं, ड्राइवरों और कॉलेज छात्रों को नशे का सामान बेचता था। उसके पास से बरामद स्मैक की कीमत करीब 26 लाख रुपये बताई गई है। मामले में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
देहरादून के विकासनगर क्षेत्र में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 86.31 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई है, जिसकी कीमत करीब 26 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस के मुताबिक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर नशा तस्करों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत विकासनगर कोतवाली पुलिस ने सूचना के आधार पर 22 जुलाई 2026 को गैस गोदाम क्षेत्र से आरोपी को पकड़ा।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान जाकिर पुत्र वकील निवासी बड़ा कुंआ, मिर्जापुर थाना मिर्जापुर, सहारनपुर (यूपी) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी की उम्र 24 वर्ष है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह स्मैक कैराना, उत्तर प्रदेश के एक व्यक्ति से खरीदकर लाता था और विकासनगर-डाकपत्थर क्षेत्र में आने वाले पहाड़ी युवाओं, ड्राइवरों और कॉलेज छात्रों को बेचता था।
ये भी पढ़ें...Uttarakhand: क्लर्क, सफाई निरीक्षक, कर कर्मचारियों को बना दिया निकायों में अधिशासी अधिकारी, आदेशों से मची हलचल
आरोपी के खिलाफ विकासनगर थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी से पूछताछ के आधार पर स्मैक उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति के खिलाफ भी धारा 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत जांच की जा रही है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी भी जुटाई जा रही है।