देहरादून: डायग्नोस्टिक, 108 एंबुलेंस सेवा प्रभावी बनाने की तैयारी, मंत्री सुबोध उनियाल ने दिए निर्देश
स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था को और तेज व प्रभावी बनाने पर सरकार का फोकस है। समीक्षा बैठक में डायग्नोस्टिक सुविधाओं और 108 एंबुलेंस सेवा की स्थिति पर मंथन हुआ।
विस्तार
प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ और त्वरित बनाने के उद्देश्य से चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल ने बुधवार को अपने शासकीय आवास पर एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक ली। इस बैठक में विभागीय सचिव, स्वास्थ्य महानिदेशक और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के प्रबंध निदेशक सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान राज्यभर में संचालित डायग्नोस्टिक सुविधाओं और 108 आपातकालीन एंबुलेंस सेवा की वर्तमान स्थिति व कार्यप्रणाली की गहन समीक्षा की गई। स्वास्थ्य मंत्री ने अधिकारियों को 108 सेवा का रिस्पॉन्स टाइम न्यूनतम करने, कार्य-क्षेत्र का विस्तार करने और आमजन तक त्वरित राहत पहुंचाने के लिए ठोस रणनीतिक कार्ययोजना तैयार करने के कड़े निर्देश दिए।
ये भी पढे़ं...उत्तराखंड: पांच जिलों के मतदाताओं का यूपी की वोटर लिस्ट से मिलान, आयोग ने शुरू किया डीएसई विद पीएसई अभियान
सुबोध उनियाल ने कहा कि डायग्नोस्टिक जांच और आपातकालीन एंबुलेंस सेवा राज्य की चिकित्सा व्यवस्था की रीढ़ हैं। सरकार का मुख्य लक्ष्य स्वास्थ्य सेवाओं को पूरी तरह जनोपयोगी और गुणवत्तापूर्ण बनाना है, ताकि दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों को भी समय पर बेहतर इलाज मिल सके। उन्होंने अधिकारियों को इस दिशा में प्राथमिक स्तर पर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।