उत्तराखंड को रणजी मुकाबलों की मेजबानी जल्द: राजीव शुक्ला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
देहरादून में प्रदेश के पहले अंतराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के उद्घाटन के अवसर पर विशिष्ट अतिथि बनकर पहुंचे आईपीएल के चेयरमैन राजीव शुक्ला ने कहा कि उत्तराखंड को जल्द रणजी मैचों की मेजबानी दी जाएगी। रणजी मुकाबले में बीसीसीआई की टीम भी यहां आकर मैदान का निरीक्षण करेगी। यदि निरीक्षण में मैदान आईपीएल के लिए उपयुक्त पाया गया तो निश्चित रूप से मोहाली स्टेडियम के कुछ आईपीएल मैच देहरादून में करवाए जाएंगे।
शुक्ला ने कहा कि स्टेडियम निर्माण के लिए ओएनजीसी पैसा देने को तैयार थी, लेकिन अचानक ओएनजीसी ने मना कर दिया। लेकिन विपरीत परिस्थितियों में राज्य सरकार ने समय से स्टेडियम का निर्माण पूरा किया, यह काबिले तारीफ है।
सीएम की मौजूदगी में मोदी के नारे
स्टेडियम दर्शकों से खचाखच भरा था और दर्शक मैच का लुत्फ उठा रहे थे। पहले हाफ के बीच मुख्यमंत्री हरीश रावत स्टेडियम पहुंचे। मंच से सीएम का स्वागत हुआ। इस दौरान कुछ दर्शकों ने स्क्रीन पर सीएम को देखते ही मोदी-मोदी के नारे लगाना शुरू कर दिया। सीएम जब-जब स्क्रीन पर दिखे, मोदी के नारे सुनने को मिले।
अभिजीत सावंत के गानों पर थिरके युवा
क्रिकेट मैच समापन के बाद बॉलीवुड सिंगर अभिजीत सावंत जैसे ही मंच पर पहुंचे, दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका जोरदार स्वागत किया। सावंत ने यहां वहां सारा जहां देख लिया है अब तक भी तेरे जैसा कोई नहीं, वंदे मातरम, मां तुझे सलाम से कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके बाद ढिशूम के गाने सौ तरह के रोग ले लूं इश्क का मर्ज क्या है, तू कहे तो जान दे दूं, कहने में हर्ज क्या है पर युवा खूब थिरके। अभिजीत ने कई गीत गाए, जिन पर देर शाम तक युवाओं ने डांस किया।
रैना ने दर्शकों को मायूस किया
भारत के दिग्गज क्रिकेटर सुरेश रैना को स्टेडियम में लाइव खेलते देखने हजारों दर्शक पहुंचे थे। सबको उम्मीद थी कि रैना मैच खेलेंगे। लेकिन वह ग्राउंड में नहीं आए और मंच पर ही बैठे रहे। जिससे दर्शकों को मायूस होना पड़ा। हालांकि पीयूष चावला और प्रवीण कुमार सहित अन्य खिलाड़ियों ने मैच खेला।
यह विशिष्टजन रहे मौजूद
खेल मंत्री दिनेश अग्रवाल, विधायक राजकुमार, विधायक हीरा सिंह बिष्ट, सचिव खेल शैलेश बगोली, क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के सचिव पीसी वर्मा, संयुक्त निदेशक खेल प्रशांत आर्य, उपनिदेशक डॉ. धर्मेंद्र भट्ट, अजय अग्रवाल, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम व आइस स्केटिंग रिंग सोसाइटी के सीईओ नीरज गुप्ता, स्पोर्ट्स कॉलेज के प्रधानाचार्य मनोज शर्मा आदि।

कमेंट
कमेंट X