Roorkee: मंदिर में सो रहे सेवादार की हत्या; सिर पर वार कर उतारा मौत के घाट, सुबह खून से लथपथ शव मिला
मृतक दो महीनों से खाटू श्याम मंदिर में सेवा कर रहा था और रात में वहीं प्रांगण में सोते थे। रात भी वह मंदिर परिसर में सोया हुा था। सुबह एक ग्रामीण जब मंदिर पहुंचा तो उसने राजवीर को खून से लथपथ मृत अवस्था में पड़ा देखा।
विस्तार
रुड़की के भोगपुर गांव के पास स्थित एक मंदिर में रात के समय सो रहे सेवादार की बदमाशों ने सिर पर भारी वस्तु से वार कर हत्या कर दी। सुबह जब ग्रामीण मंदिर पहुंचे तो घटना का खुलासा हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, गोधना मुजफ्फरनगर निवासी राजवीर (65)पिछले करीब दो महीनों से खाटू श्याम मंदिर में सेवा कर रहे थे और रात में वहीं प्रांगण में सोते थे। शनिवार रात भी वह मंदिर परिसर में सोए हुए थे। रविवार सुबह एक ग्रामीण जब मंदिर पहुंचा तो उसने राजवीर को खून से लथपथ मृत अवस्था में पड़ा देखा। यह देख उसके होश उड़ गए और उसने गांव में सूचना दी।
ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस क्षेत्राधिकारी लक्सर देवेंद्र सिंह नेगी, कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी व भिक्कमपुर चौकी प्रभारी यशवीर सिंह नेगी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी और ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है।
हरिद्वार में टली अनहोनी: गंगा में बढ़े जलस्तर से फंसे 21 लोग, 10 पुरुष, सात महिला और चार बच्चों का रेस्क्यू
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि बदमाश चोरी के इरादे से मंदिर में घुसे होंगे। इस दौरान सेवादार के जागने और विरोध करने पर आरोपियों ने उनके सिर पर भारी वस्तु से वार कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
सीओ लक्सर देवेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों को सूचना दे दी गई है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।