नवविवाहिता की संदिग्ध मौत: मां से करती थी परेशानियों का जिक्र; बयान हुए दर्ज; लगाए थे दहेज उत्पीड़न के आरोप
बीते 29 जुलाई को सृष्टि कंडारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। घटना के बाद मायके पक्ष ने आरोप लगाया था कि विवाह के बाद से सृष्टि को दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित किया जाता था और उसे मनहूस कहकर मानसिक रूप से परेशान किया जाता था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हर्रावाला में नवविवाहिता शिक्षिका सृष्टि कंडारी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। शुक्रवार को मृतका की मां सीमा कंडारी ने डोईवाला कोतवाली पहुंचकर अपने बयान दर्ज कराए। पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है।
बीते 29 जुलाई को सृष्टि कंडारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। घटना के बाद मायके पक्ष ने आरोप लगाया था कि विवाह के बाद से सृष्टि को दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित किया जाता था और उसे मनहूस कहकर मानसिक रूप से परेशान किया जाता था।
मृतका की मां की तहरीर पर पुलिस ने दहेज हत्या के आरोप में सचिवालय में निजी सचिव के पद पर तैनात पति सौरभ खत्री सहित सास और ननद के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। सीओ वंदना वर्मा ने बताया कि मृतका की मां के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर सभी तथ्यों का सत्यापन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस हर पहलू की निष्पक्ष और गहन जांच कर रही है तथा साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
नवविवाहिता की संदिग्ध मौत: अब सहा नहीं जाता...मनहूस हूं...सॉरी मम्मा, टूटती उम्मीदों की आखिरी गवाही देते शब्द
अक्सर मां से करती थी अपनी परेशानियों का जिक्र
शिक्षिका सृष्टि कंडारी खत्री की मौत के बाद परिवार गहरे सदमे में है। मां सीमा कंडारी की स्थिति ऐसी थी कि वह मीडिया से बात नहीं कर सकीं। ऐसे में भतीजे हिमांशु ने परिवार की ओर से अपनी पीड़ा साझा करते हुए कहा कि सृष्टि अक्सर मां से अपनी परेशानियों का जिक्र करती थी, लेकिन पारिवारिक संस्कारों और रिश्ते को बचाए रखने की कोशिश में उसने कभी खुलकर कुछ नहीं कहा। वह शादी के बाद से ही मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना सह रही थी, फिर भी रिश्ते को बचाने की उम्मीद में उसने कभी समाज के सामने अपना दर्द नहीं रखा। लगातार मानसिक तनाव और प्रताड़ना ने उसे भीतर से तोड़ दिया था।
उन्होंने कहा कि शादी के महज आठ महीने बाद सृष्टि की मौत ने पूरे परिवार को गहरे दुख में डाल दिया है। कोतवाली पहुंचे परिजन और रिश्तेदार भी घटना को लेकर आक्रोशित दिखाई दिए और मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते रहे। संवाद