{"_id":"6a743f089efc0590950e7217","slug":"tehri-heavy-rain-newly-built-wooden-bridge-washed-away-sdrf-rescues-woman-using-rope-ghansali-uttarakhand-news-2026-08-06","type":"story","status":"publish","title_hn":"Ghansali: भेलगड्डी में भारी बारिश से बहा लकड़ी का पुल, फंसी महिला का SDRF ने रस्सी के सहारे किया रेस्क्यू","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Ghansali: भेलगड्डी में भारी बारिश से बहा लकड़ी का पुल, फंसी महिला का SDRF ने रस्सी के सहारे किया रेस्क्यू
Thu, 06 Aug 2026 01:39 PM IST
Renu Saklani
संवाद न्यूज एजेंसी, घनसाली (टिहरी)
संवाद न्यूज एजेंसी, घनसाली (टिहरी)
Published by: Renu Saklani
Updated Thu, 06 Aug 2026 01:39 PM IST
सार
टिहरी के भिलंगना ब्लॉक में गुरुवार सुबह हुई मूसलाधार बारिश ने ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ा दीं। भेलगड्डी गदेरे में अचानक आए तेज बहाव और मलबे से नव निर्मित लकड़ी का पुल बह गया, जिससे गांव का संपर्क टूट गया। पुल के दूसरी ओर फंसी एक महिला को एसडीआरएफ ने जोखिम भरे हालात में रोप रेस्क्यू तकनीक के जरिए सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
विज्ञापन
नदी पार फंसी महिला का किया गया रेस्क्यू
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
टिहरी जनपद के भिलंगना ब्लॉक अंतर्गत पुंडोली गांव के भेलगड्डी क्षेत्र में गुरुवार सुबह हुई तेज बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया। लगातार बारिश के कारण भेलगड्डी गदेरे में अचानक भारी जलप्रवाह और मलबा आने से गांव को जोड़ने वाला नव निर्मित लकड़ी का पुल बह गया। पुल बहने से ग्रामीणों का एकमात्र आवागमन मार्ग बंद हो गया और कई लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई।
विज्ञापन
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। इस दौरान गदेरे के दूसरी ओर फंसी महिला विजय लक्ष्मी, पत्नी गबर सिंह, का सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। एसडीआरएफ के जवानों ने जोखिम भरे हालात के बीच रस्सी (रोप) की सहायता से महिला को उफनते गदेरे के पार सुरक्षित निकाला।
विज्ञापन
एसडीआरएफ के सब इंस्पेक्टर गब्बर सिंह नेगी ने बताया कि सुबह करीब 8 बजे तहसील और थाना घनसाली से सूचना मिली कि पुल बह जाने के कारण एक महिला गदेरे के पार फंस गई है। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर गदेरे में तेज बहाव के साथ भारी मात्रा में पानी और मलबा आ रहा था।
विज्ञापन
सतर्क रहने की अपील
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वहां पांच-छह लोग मौजूद थे, लेकिन अन्य लोग सुरक्षित स्थानों पर चले गए थे, जबकि विजय लक्ष्मी देवी गदेरे के पास फंस गई थीं। टीम ने तत्काल रोप रेस्क्यू तकनीक अपनाते हुए उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया। पुल बह जाने से जिन ग्रामीणों के घर गदेरे के दूसरी ओर हैं, उनके आवागमन को बहाल करने के लिए लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने अस्थायी पुल के निर्माण का कार्य शुरू कर दिया है, ताकि लोगों को जल्द राहत मिल सके।
ये भी पढे़ं...हाई अलर्ट: उत्तराखंड में 85 मार्ग बंद, मलबे में दबी कार, खतरे के निशान से ऊपर बह रहीं अलकनंदा-मंदाकिनी
रेस्क्यू अभियान के दौरान उपजिलाधिकारी मंजू राजपूत, तहसीलदार हरीश जोशी, थानाध्यक्ष अजय कुमार जाटव, एसडीआरएफ, पुलिस तथा प्रशासन की अन्य टीमें मौके पर मौजूद रहीं और स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखी। प्रशासन ने क्षेत्रवासियों से बारिश के दौरान गदेरों और नदी-नालों के आसपास जाने से बचने तथा सतर्क रहने की अपील की है।