20 से 35 साल की महिलाएं सावधान: कम उम्र में कमजोर हो रही हड्डियां, इस 'खामोश बीमारी' से अभी हो जाएं सतर्क
Womens Bones Weakening at Young Age: दिल्ली समेत देशभर में कम उम्र की महिलाओं में हड्डियों की कमजोरी और विटामिन डी की कमी के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। गुरु तेग बहादुर अस्पताल के डॉ. प्रवीण कुमार ने बताया कि रोजाना ओपीडी में 15-20 ऐसे मरीज आ रहे हैं।
विस्तार
राजधानी सहित देशभर में कम उम्र की महिलाओं में हड्डियों के कमजोर होने के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। 20 से 35 वर्ष की आयु वर्ग की महिलाओं में जोड़ों के दर्द, कमजोरी, थकान और शरीर में अकड़न जैसी समस्याएं आम होती जा रही हैं, जिससे स्वास्थ्य विशेषज्ञ चिंतित हैं।
धूप की दूरी से कमजोर हो रहीं हड्डियां
गुरु तेग बहादुर अस्पताल के अतिरिक्त चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रवीण कुमार के अनुसार, इस समस्या के पीछे मुख्य कारण शरीर में विटामिन डी और कैल्शियम की कमी है। उन्होंने बताया कि बदलती जीवनशैली के कारण महिलाएं धूप के संपर्क में कम आ रही हैं, जिससे शरीर में विटामिन डी का स्तर घट रहा है। इसके अलावा, जंक फूड का अधिक सेवन और संतुलित आहार की कमी भी हड्डियों को कमजोर बना रही है।
विशेषज्ञों का कहना है कि पहले इस तरह की समस्याएं अधिक उम्र की महिलाओं में देखने को मिलती थीं, लेकिन अब युवा वर्ग भी इसकी चपेट में आ रहा है। इसका असर महिलाओं की दैनिक दिनचर्या और कार्यक्षमता पर पड़ रहा है, जिससे उनका जीवन प्रभावित हो रहा है।
रोजाना आ रहे 15-20 मरीज
डॉ. प्रवीण कुमार ने बताया कि रोजाना ओपीडी में 15-20 मरीज से ओपीडी में ऐसे आते हैं जो शरीर के दर्द के साथ आते हैं। ऐसे में टेस्ट कराने पर मरीजों में वटामिन डी की कमी वाले रहते हैं।
उन्होंने सलाह दी कि महिलाएं रोजाना कम से कम 15 से 20 मिनट धूप में समय बिताएं और अपने आहार में दूध, दही, पनीर, हरी सब्जियां और अन्य कैल्शियम युक्त खाद्य पदार्थ शामिल करें। साथ ही नियमित व्यायाम और शारीरिक सक्रियता बनाए रखना भी जरूरी है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते इस समस्या पर ध्यान नहीं दिया गया तो आगे चलकर ऑस्टियोपोरोसिस जैसी गंभीर बीमारी का खतरा बढ़ सकता है, जिससे हड्डियां कमजोर होकर आसानी से टूट सकती हैं। इसलिए जागरूकता और समय पर जांच बेहद आवश्यक है।