{"_id":"6acffa381a12b662920a69a3","slug":"crime-in-delhi-bike-borne-miscreants-opened-fire-on-a-young-man-in-sonia-vihar-2026-10-15","type":"story","status":"publish","title_hn":"दिल्ली में अपराध: सोनिया विहार में बाइक सवार बदमाशों ने युवक पर बरसाईं गोलियां, गई जान; सीलमपुर में भी हत्या","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
दिल्ली में अपराध: सोनिया विहार में बाइक सवार बदमाशों ने युवक पर बरसाईं गोलियां, गई जान; सीलमपुर में भी हत्या
Thu, 15 Oct 2026 03:25 AM IST
दुष्यंत शर्मा
अमर उजाला नेटवर्क, दिल्ली
अमर उजाला नेटवर्क, दिल्ली
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Thu, 15 Oct 2026 03:25 AM IST
सार
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से मामले की छानबीन कर रही है। शुरुआती जांच के बाद आपसी रंजिश या रुपयों की लेनदेन में हत्या की आशंका जताई जा रही है।
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर
विस्तार
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सोनिया विहार इलाके में मंगलवार रात अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की शिनाख्त मनीष यादव (34) के रूप में हुई है। हमला करने के बाद आरोपी फरार हो गए।
विज्ञापन
परिजन फौरन ही मनीष को सिविल लाइंस स्थित ट्रामा सेंटर ले गए। अस्पताल पहुंचने पर कुछ ही देर बाद मनीष की मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। क्राइम टीम व एफएसएल ने मौके से साक्ष्य जुटाए।
विज्ञापन
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से मामले की छानबीन कर रही है। शुरुआती जांच के बाद आपसी रंजिश या रुपयों की लेनदेन में हत्या की आशंका जताई जा रही है। उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त राहुल अलवाल ने बताया कि मनीष अपने परिवार के साथ साढ़े चार पुश्ता, सोनिया विहार में रहते थे। परिवार में पिता जय भगवान, पत्नी और दो बच्चे हैं। मनीष रोहिणी के एक सीएनजी पंप पर ऑपरेटर की नौकरी करते थे। मंगलवार रात को वह ड्यूटी जाने की तैयारी कर रहे थे।
विज्ञापन
इस बीच उनके मोबाइल पर किसी का कॉल आया। मनीष घर से बाहर निकले। इस बीच सर्विस रोड, साढ़े चार पुश्ता हेलमेट लगाए बाइक सवार दो बदमाशों ने उस पर गोलियां बरसा दीं। मनीष को कई गोली लगीं। मनीष मौके पर ही गिर गए। आरोपी मौके से नानकसर की ओर फरार हो गए। पड़ोसियों ने परिजनों को खबर दी। परिजन फौरन मनीष को निजी गाड़ी में डालकर ट्रामा सेंटर ले गए। वहां कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गई।
मनीष की मौत के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। शुरुआती जांच के बाद पुलिस को रंजिश और रुपयों की लेनदेन की जानकारी मिली है। उसके आधार पर पुलिस पड़ताल में जुटी हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कुछ संदिग्धों की पहचान भी कर ली गई है। उसके आधार पर छापेमारी कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
फोन आने पर घर से बाहर निकले थे बात करने
मनीष की पत्नी ने बताया कि ड्यूटी पर जाने के लिए खाना पैक भी कर दिया था। इस बीच वह फोन आने पर बाहर निकले। बाद में उनको गोली मार दी गई। मनीष की किसी से कोई रंजिश नहीं थी।
सीलमपुर में युवक की गोली मारकर हत्या
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सोनिया विहार इलाके में हुई हत्या की गुत्थी अभी सुलझी भी नहीं थी कि महज 24 घंटे के भीतर सीलमपुर इलाके में बुधवार रात हत्या की एक और वारदात हो गई। बाइक सवार बदमाशों ने दुकान पर बैठे एक इलेक्ट्रीशियन की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। उत्तर-पूर्वी जिले के पुलिस उपायुक्त राहुल अलवाल ने बताया कि बुधवार रात सीलमपुर थाने को जग प्रवेश चंद्र अस्पताल से सूचना मिली कि गोली लगने से घायल एक युवक को अस्पताल लाया गया है। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान 32 वर्षीय वसीम के रूप में हुई है। वसीम अपने परिवार के साथ न्यू सीलमपुर के ई-ब्लॉक में रहते थे। उनके परिवार में पिता अकरम समेत अन्य सदस्य हैं। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि वसीम की नाले के पास गली नंबर-9 में इलेक्ट्रीशियन की दुकान थी।
बुधवार रात वह अपनी दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान बाइक सवार बदमाश वहां पहुंचे और उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। इसके बाद गंभीर रूप से घायल वसीम को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वारदात की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। टीम ने घटनास्थल का मुआयना कर जरूरी साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने हत्या की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के लिए कई टीमों का गठन किया गया है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जांच के दौरान पुलिस को कुछ अहम सुराग मिले हैं। इनके आधार पर आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।