सिरफिरे ब्लेडमैन ने एक रात में 17 को ब्लेड मारे
दिल्ली के जाफराबाद इलाके में शुक्रवार रात एक सिरफिर ब्लेडमैन ने एक के बाद एक 17 युवकों को ब्लेड मारकर दहशत फैला दी। किसी की गर्दन, किसी के चेहरे तो किसी के माथे पर अज्ञात शख्स ने ब्लेड से हमला किया।
सभी वारदातों के बाद आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब रहा। बताया जा रहा है कि आरोपी के साथ एक नकाबपोश युवती भी मौजूद थी। जैसे लोगों को ब्लेडमैन की हरकत का पता चला, लोग अपने-अपने घरों में कैद हो गए। घटना की खबर मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी छह ही युवकों पर हमला करने की बात कर रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि सिरफिरे के बारे में अहम सुराग हाथ लगे हैं,जल्द ही वह सलाखों के पीछे होगा।
रात लगभग 9.30 बजे पर हुआ पहला हमला
पुलिस के मुताबिक पहला हमला जाफराबाद इलाके के शिव मंदिर गली में हुआ। यहां 20 वर्षीय सुमित परिवार के साथ रहता है। 9.30 बजे वह घर से किसी काम से निकला था। इस बीच उसे लगा कि पीछे से किसी ने उसे तेज थप्पड़ मारा है। सुमित ने एक युवक व नकाबपोश युवती को भागते हुए देखा।
सुमित ने जब अपने चेहरे पर हाथ रखा तो उसे अहसास हुआ कि उसके चेहरे पर कुछ लगा है। देखने पर उसे पता लगा कि चेहरे पर गहरा कट लगा था। फौरन वह नजदीकी अस्पताल पहुंचा। इसी तरह शिव मंदिर गली में ही करण, भाटी नामक युवकों को भी ब्लेड मारे गए।
बाद में सिरफिरा गली नंबर-5 पहुंचा। यहां उसने आकाश नामक युवक को अपना शिकार बनाया। आकाश के माथे पर ब्लेड लगा। आकाश के परिजनों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।
हाथ, अंगुली, चेहरा और गर्दन पर हैं ब्लेड के निशान
बाद में दरबार होटल के पास ब्लेडमैन ने इरफान को निशाना बनाया। मौजपुर की गली नंबर-3,5,7 और 11 से भी इसी तरह की खबरें आने लगी। किसी के हाथ, अंगुली, माथे, चेहरे और गर्दन पर ब्लेड लगे थे। सभी को नजदीकी क्लीनिकों या अस्पताल ले जाया गया।
सारी वारदातों को 9.30 से 10.30 बजे के बीच अंजाम दिया गया। कुछ वारदातों में घायल युवकों ने नकाबपोश युवती को भी देखने का दावा किया। जैसे ही लोगों को सीरियल ब्लेडमैन की खबर लगी। लोगों ने अपने बच्चों को घर से बाहर निकलने से मना कर दिया।
पुलिस रात भर मामले की छानबीन में जुटी रही। छानबीन के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी ने 17 से 22 साल की उम्र के लड़कों को ही अपना निशाना बनाया। मामले की छानबीन कर रहे एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि ऐसा लगता है कि किसी ने नशे में वारदातों को अंजाम दिया। आरोपी के बारे में कुछ सुराग हाथ लगे हैं, जल्द ही उसको दबोच लिया जाएगा।
सीरियल ब्लेडमैन से खौफजदा हैं जाफराबाद के लोग
कौन है यह ब्लेडमैन, आखिर क्यों यह लड़कों को अपना निशाना बना रहा है, इसका अगला निशाना कौन होगा...। जी हां जाफराबाद इलाके में शनिवार दिन भर चर्चाओं का बाजार गर्म रहा।
लोगों ने अपने बच्चों को घर से बाहर न निकलने की ताकीद की। शिव मंदिर गली में पूरे दिन ब्लेडमैन की चर्चा चलती रही। लोग बुरी तरह दहशत में हैं।
स्थानीय लोगों ने आरोपी को जल्द से जल्द पकड़ने की गुहार लगाई। आकाश की मां कौशल्या ने बताया कि पता नहीं कौन अज्ञात हमलावर इलाके के लोगों से बदला ले रहा है। उसका इन युवकों ने क्या बिगाड़ा है।
आखिर क्यों किया था उसने, शुक्रवार रात?
कौशल्या ने बताया कि ज्यादातर लोगों ने अपने-अपने बच्चों को घरों से बाहर निकलने के लिए मना कर दिया है। वहीं शिव मंदिर गली में ही रहने वाले दीपक ने बताया कि जितने भी घायल युवकों ने सिरफिरे की झलक देखी, उससे लगता है कि उसकी उम्र 20 से 22 साल के बीच होगी।
वह नशे में यह सब कर रहा है या बदला लेने के लिए यह सब उसके पकड़े जाने के बाद ही पता चल पाएगा। अज्ञात हमलावर की दहशत पूरे जाफराबाद में देखी जा रही थी। सड़कों पर चहल-पहल कम थी। बीत-चीत के दौरान कुछ लोगों ने तो कहा कि जब तक सिरफिरा पकड़ा नहीं जाता वह अपने बच्चों को घर से बाहर नहीं निकलने देंगे।