सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Delhi ›   Delhi NCR News ›   Delhi: Bloodshed during the festival, youth killed

Delhi: त्योहार पर बहा खून, होली के जश्न में गुब्बारे के छींटें पड़ने पर युवक की हत्या; रोड रेज में कत्ल

न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: दुष्यंत शर्मा Updated Fri, 06 Mar 2026 02:14 AM IST
विज्ञापन
Delhi: Bloodshed during the festival, youth killed
मामले की जांच में जुटी पुलिस - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

द्वारका के उत्तम नगर में जेजे कॉलोनी इलाके में होली के जश्न के दौरान दो परिवारों के बीच हुई झड़प में एक 26 साल के युवक तरुण की मौत हो गई। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जांच में पता चला कि विवाद रंगीन पानी से भरे गुब्बारे से छींटें पड़ने के कारण हुआ था। तरुण ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

Trending Videos


द्वारका जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह घटना बुधवार को उस समय हुई जब इलाके के दो परिवारों के सदस्यों के बीच लड़ाई हो गई। झड़प में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए। मृतक के परिवार वालों ने कहा कि एक 11 साल की लड़की, जो घर की छत पर होली खेल रही थी, उसने नीचे अपने रिश्तेदारों पर पानी का गुब्बारा फेंका। गुब्बारा सड़क पर गिरा और फट गया, जिससे कुछ रंगीन पानी दूसरे परिवार की एक महिला पर गिर गया, जो दूसरे समुदाय की है। 
विज्ञापन
विज्ञापन


तरुण के दादा मान सिंह ने बताया कि औरत ने गालियां देना शुरू कर दिया और इस घटना को लेकर लड़ाई शुरू कर दी। उन्होंने बताया कि हालांकि मामला शांत हो गया था, लेकिन बाद में दूसरे परिवार के लोग इट्ठा हो गए और तरुण पर हमला कर दिया। उस समय तरुण होली मनाकर घर लौट रहा था। मान सिंह ने आरोप लगाया कि उन्होंने तरुण को बुरी तरह पीटा। जब वह सड़क पर पड़ा था, तो उसकी छाती पर एक बड़ा पत्थर फेंककर मारा गया।

कार छू जाने पर भड़के नाबालिग, कैब चालक को चाकू से गोदकर हत्या
कंझावला इलाके में बृहस्पतिवार को कार छू जाने पर नाबालिगों ने कैब चालक की चाकू गोदकर हत्या कर दी। मरने वाले चालक की शिनाख्त उत्सव विहार कराला निवासी विकास कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने हत्या का केस किया है। पुलिस ने तकनीकी जांच के जरिए आरोपियों की पहचान करने के बाद दो नाबालिगों को पकड़ लिया। पुलिस ने इनके कब्जे से चाकू और घटना के समय पहने कपड़े जब्त किए हैं।

रोहिणी जिला के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त राजीव रंजन ने बताया कि बृहस्पतिवार दोपहर 12.18 बजे कंझावला थाना पुलिस को कराला के उत्सव विहार में चाकूबाजी में एक युवक के घायल होने की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। जहां पता चला कि घायल कैब चालक को पीसीआर कर्मी पास के संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल लेकर गए हैं। पुलिस तुरंत अस्पताल पहुंची। जहां पता चला कि घायल विकास को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया है। उसके सीने पर चाकू के घाव थे। पुलिस को जांच में पता चला कि विकास कैब चालक था। मौके पर पुलिस को एक स्विफ्ट डिजायर कार मिली। कार में पीड़ित का वॉलेट और तीन मोबाइल मिले। साथ ही पुलिस को मौके से एक आरोपी का चप्पल भी मिला, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया। पुलिस ने मौके पर क्राइम और फोरेंसिक टीम को बुलाया। टीम ने वहां से साक्ष्य हासिल किए। इसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया।

थाना प्रभारी कृष्ण कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने एक टीम गठित की। सीसीटीवी कैमरे और तकनीकी सर्विलांस के जरिये पुलिस को पता चला कि वारदात को दो नाबालिगों ने अंजाम दिया है। पुलिस ने इनकी पहचान करने के बाद इन्हें इलाके से दबोच लिया। एक नाबालिग के निशानदेही पर पुलिस ने अपराध में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया। पूछताछ में दोनों ने अपना अपराध कबूल कर लिया। पूछताछ में पता चला कि मृतक की कार एक नाबालिग को छू गई थी। इस बात को लेकर उनकी चालक से कहासुनी और फिर हाथापाई हो गई। हाथापाई में एक नाबालिग ने विकास को नीचे गिरा दिया, जबकि दूसरे ने उसपर चाकू से हमला कर दिया।

रंजिश में युवक की गोली मारकर हत्या, नाबालिग साथी पर पत्थर से हमला
जहांगीरपुरी इलाके में मंगलवार रात बदमाशों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। वहीं बीच बचाव में आए उसके नाबालिग साथी पर पत्थर से हमला कर उसे घायल कर दिया। मृतक की शिनाख्त भोला उर्फ अब्दुल्ला के रूप में हुई है। वहीं घायल नाबालिग की पहचान रेहान के रूप में हुई है। परिवार वालों का आरोप है कि हमलावरों के साथ इनका पांच साल से विवाद चल रहा है। आरोपियों ने भोला के नाबालिग भाई की हत्या कर दी थी और अब वह उस मामले को वापस लेने का दबाव बना रहे थे। पुलिस ने हत्या का केस किया है और हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए उनके ठिकानों पर दबिश दे रही है। 

उत्तर पश्चिम जिला के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त भीष्म सिंह ने बताया कि मंगलवार रात पुलिस को जहांगीरपुरी के आठ सौ नंबर वाली गली में गोली चलने और पथराव होने की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। गली में खून के छीटें और काफी बिखरे पड़े थे। पुलिस को पता चला कि घायल दो युवकों भोला और रेहान को उनके परिवार वाले पास के बाबू जगजीवन राम अस्पताल लेकर गए हैं। अस्पताल पहुंचने पर पता चला कि भोला के पेट में गोली लगने की बात कहकर डॉक्टरों ने उसे लोक नायक अस्पताल रेफर कर दिया है। जबकि पत्थर लगने से घायल रेहान की हालत नाजुक बनी हुई है। वह बयान देने की हालत में नहीं है। पुलिस वहां से लोक नायक अस्पताल पहुंची। जहां पता चला कि भोला की रास्ते में ही मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने उसके शव को कब्जे में कर लिया।

परिवार वालों ने पुलिस को बताया कि हमलावर भी उसी गली में रहते हैं, जिसमें भोला रहता था। परिवार वालों का आरोप है कि करीब पांच साल पहले भोला के नाबालिग भाई शाकिर की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। आरोपी भोला और उसके परिवार पर मामला वापस लेने का दबाव दे रहे थे। रेहान के भाई सलमान का आरोप है कि उन्हें काफी धमकियां भी मिल रही थीं। घटना के समय भोला और रेहान आठ सौ वाली गली से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान आरोपियों ने भोला से हाथापाई की। रेहान ने बीच बचाव करवाने की कोशिश की। हाथापाई के बीच एक हमलावर ने भोला के पेट में गोली मार दी। जबकि रेहान के सिर पर पत्थर से हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों के परिवार वालों ने वहां पथराव कर दिया। जिससे वहां भगदड़ मच गई। पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले की सभी पहलु से जांच की जा रही है और नामजद आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।

होली के दिन शराब पीने का विरोध किया तो चाकू से वारकर उतार दिया मौत के घाट
आनंद पर्वत एरिया के बलजीत नगर इलाके में बुधवार होली के दिन शराब पीने के विरोध पर एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। शिनाख्त विजय उपाध्याय (32) के रूप में हुई है। हमले के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। खून से लथपथ हालत में विजय को लेडी हार्डिंग अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। क्राइम टीम व एफएसएल को मौके पर बुलाया गया। बाद में हत्या का केस कर पुलिस ने छह आरोपियों को हिरासत में ले लिया। इनमें कुछ नाबालिग भी शामिल हैं। पुलिस पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है। वारदात में इस्तेमाल हथियार भी बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक मूलरूप से गांव नंगला राणा, एटा, यूपी का रहने वाला विजय परिवार के साथ गली नंबर-3, बलजीत नगर, आनंद पर्वत इलाके में रहता था। इसके परिवार में पत्नी निशा के अलावा 10 और 8 साल के दो बेटे व 6 साल की एक बेटी है। विजय करोल बाग इलाके में गारमेंट का काम करता था। घर के सामने ही इसकी ससुराल भी है, यहां पर इसकी सास मुन्नी देवी विजय के साले संदीप व परिवार के साथ रहती हैं।

बुधवार दोपहर के समय गली में कुछ लड़के शराब पी रहे थे। इस बीच एक लड़का शराब के लिए पानी लेने के लिए संदीप के घर पहुंचा। संदीप ने वहां शराब न पीने की बात कर लड़कों को डाट दिया। इस बात पर आरोपी संदीप के साथ गाली-गलौज और मारपीट करने लगे। इस बीच संदीप ने फोन कर अपने जीजा विजय को वहां बुला लिया। विजय वहां पहुंचा तो आरोपी वहां से चले गए। कुछ ही देर बाद करीब आठ-दस लड़के वहां पहुंचे और विजय का दरवाजा खटखटाने लगे। जैसे ही विजय ने दरवाजा खोला आरोपियों ने उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। उसके सीने, चेहरे और पेट में चाकू मार दिया। संदीप व उसकी मां मुन्नी ने बचाने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उन पर पत्थर से हमला कर दिया। बाद में आरोपी फरार हो गए। अस्पताल ले जान पर विजय को मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम के बाद विजय का शव परिजनों के हवाले कर दिया। विजय के भाई यशवीर ने बताया कि उसके दो चाचा राकेश व राजेश बलजीत नगर में रहते हैं, राकेश आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता हैं।

झगड़े में बीच-बचाव करने पर दो युवकों को मारा चाकू, एक की मौत
उत्तरी दिल्ली के बुराड़ी इलाके में होली के दिन शराब के नशे में धुत युवक एक शख्स से मारपीट कर रहे थे। पीड़ित रवि कुमार के जानकार युवक नेपाल राम और पिंटू कुमार बीच-बचाव के लिए वहां पहुंचे। इस बीच आरोपियों ने रवि को तो छोड़ दिया, जबकि दोनों पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में दोनों बुरी तरह जख्मी हो गए। गंभीर हालत में दोनों को बुराड़ी स्थित सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां नेपाल राम को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं पिंटू कुमार की हालत को देखते हुए उसे एलएनजेपी अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस ने हत्या और हत्या के प्रयास काम मामला दर्ज कर नाबालिग समेत तीन को दबोच लिया।

आरोपियों की पहचान सलमान, चंदन और 16 साल के एक नाबालिग के रूप में हुई है। क्राइम टीम व एफएसएल ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से पुलिस मामले की जांच कर रही है। पकड़े गए तीनों आरोपियों से पूछताछ कर बुराड़ी थाना पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। पुलिस उपायुक्त राजा बांठिया ने बताया कि मूलरूप से मधेपुरा, बिहार का रहने वाला नेपाल राम बुराड़ी के वशिष्ठ विहार में रहकर मजदूरी करता था। इसका परिवार गांव में रहता है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed