Delhi Crime: यौन उत्पीड़न के बाद ईंट से कुचलकर 6 वर्षीय बच्ची की हत्या, रंजिश में बहा खून; चाकू से गोदकर हत्या
आरोपी ने अपनी पहचान उजागर होने से बचने के लिए उसने बच्ची की हत्या की है। सराय कालेखां पुलिस चौकी स्टाफ ने आरोपी मनोज लुगुन (23) को गिरफ्तार किया है, जो बच्ची का जीजा है।
विस्तार
दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के सरायकाले खां में स्थित आईपी पार्क में ईंट से वारकर 6 वर्ष की बच्ची की हत्या करने मामला सामने आया है। हत्या करने के बाद आरोपी ने बच्ची के शव को वहां स्थित एक कुएं में फेंक दिया। हत्या करने से पहले आरोपी ने बच्ची के साथ यौन उत्पीड़न किया था। आरोपी ने अपनी पहचान उजागर होने से बचने के लिए उसने बच्ची की हत्या की है। सराय कालेखां पुलिस चौकी स्टाफ ने आरोपी मनोज लुगुन (23) को गिरफ्तार किया है, जो बच्ची का जीजा है। आरोपी भी पुलिस को गुमराह करने के लिए वारदात के बाद पीड़ित परिवार के साथ घूमता रहा।
a
दक्षिण-पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त डाॅ. हेमंत तिवारी ने बताया कि 19 फरवरी की रात को सराय काले खां में रहने वाले बच्ची के पिता ने अपनी बेटी के अपहरण होने की शिकायत पुलिस में दी थी। सनलाइट कॉलोनी थाने में मामला दर्जकर सरायकाले खां चौकी प्रभारी नागेंद्र कुमार की टीम ने जांच शुरू की। जांच में पता लगा कि बच्ची को दोपहर करीब 3 बजे आखिरी बार देखा गया था। पुलिस टीमों ने इलाके से सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला। फुटेज से पता लगा कि गायब होने से पहले बच्ची अपने जीजा मनोज लुगुन के साथ घूम रही थी।
इसके बाद आरोपी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया। लुगुन भी पीड़ित के पिता के साथ बच्ची को तलाशने में लगा था। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि 19 फरवरी वह बच्ची को शांति स्तूप के पीछे आईपी पार्क के पास एक सुनसान जगह पर ले गया, उसका यौन उत्पपीड़न करने के बाद उसके सिर पर ईंट से वार करके बेरहमी से हत्या कर दी। जुर्म छिपाने के लिए उसने बच्ची के शव को कुएं में फेंक दिया था। इसके बाद स्टेट डिज़ास्टर रिस्पॉन्स फंड (एसडीआरएफ ) टीम को बुलाया गया और मासूम बच्ची के शव को कुएं से निकाला गया।
सिर में काफी चोटें हैं : पोस्टमॉर्टम करने वाले डाक्टरों ने बताया कि आरोपी ने जुर्म करते हुए जो बातें बताई हैं उससे मेल खाते हुए बच्ची के सिर में चोटें मिली हैं। पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। जिला पुलिस उपायुक्त ने कहा कि बच्ची के साथ यौन उत्पपीड़न से इंकार नहीं किया जा सकता है, हालांकि पोस्टमॉर्टम की रिपोर्ट के बाद यह साफ हो जाएगा। मूलरूप से झारखंड का रहने वाला मनोज लुगन पढ़ा-लिखा नहीं है और कैजुअल लेबर का काम करता है।
झगड़ा का बदला लेने के लिए बदमाश की चाकू गोदकर हत्या
बुध विहार इलाके में झगड़े का बदला लेने के लिए एक आरोपी ने रविवार रात दोस्तों के साथ मिलकर युवक की चाकू गोदकर हत्या कर दी। मृतक की शिनाख्त शाहबाद डेयरी डी ब्लॉक निवासी राजा उर्फ मंगल के रूप में हुई है। मृतक का तीन दिन पहले एक आरोपी से विवाद हुआ था। मृतक और उसके दोस्तों ने एक आरोपी की पिटाई कर दी थी और उसकी स्कूटी में तोड़ दी थी। पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर हमलावरों की तलाश में दबिश दे रही है।
रोहिणी जिला के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त राजीव रंजन ने बताया कि रविवार रात करीब 12:25 बजे सेक्टर-24 रोहिणी जेजे कॉलोनी में एक युवक को चाकू मारने की सूचना पर पुलिस अस्पताल पहुंची। यहां पता चला कि डॉक्टरों ने घायल शाहबाद डेयरी निवासी राजा उर्फ मंगल सिंह को मृत घोषित कर दिया है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया। जांच में पुलिस को पता चला कि मृतक आपराधिक प्रवृति का व्यक्ति था और उसपर पांच आपराधिक मामले दर्ज थे। पता चला कि 20 फरवरी को मृतक और एक आरोपी के बीच मामूली झगड़ा हुआ था, जिसमें मृतक और उसके साथियों ने एक आरोपी को पीट दिया था और उसकी स्कूटी को नुकसान पहुंचाया था।
उसके बाद से आरोपी उससे बदला लेने की कोशिश कर रहा था। रात में मृतक के अकेले मिलने पर आरोपियों ने उसपर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर भाग गए। पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उन्हें पकड़ने के लिए पुलिस टीमें उनके ठिकानों पर दबिश दे रही है।
जेल से निकलते रंजिश में मारी गोली, जबड़े में लगी, गंभीर
शाहबाद डेयरी इलाके में रविवार की रात एक युवक ने अपने साथी के साथ एक ई-रिक्शा चालक को गोली मार दी। गोली उसके जबड़े में लगी है। घायल की पहचान 36 साल के राजेश पासवान के रूप में हुई है। पुलिस ने हत्या का प्रयास का केस किया है। शुरुआती जांच में पता चला कि 20 दिन पहले पेरोल पर जेल से छुटकर आए बदमाश ने वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस हत्या में शामिल आरोपी और उसके दोस्त की तलाश कर रही है।
बाहरी-उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी स्वामी ने बताया कि रविवार रात वाल्मीकि अस्पताल से शाहबाद डेयरी इलाके में एक ई-रिक्शा चालक को गोली मारने के बाद भर्ती कराए जाने की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची। जहां पता चला कि घायल राजेश की गंभीर अवस्था को देखते हुए उसे अंबेडकर अस्पताल रेफर किया गया है।
डाक्टरों ने पुलिस को बताया कि हमलावरों ने उसके चेहरे के दाहिने तरफ जबड़े में गोली मारी है। पुलिस अंबेडकर अस्पताल पहुंची, जहां से उसे लोक नायक अस्पताल रेफर कर दिया गया था। घायल राजेश बयान देने की हालत में नहीं था। पुलिस ने घटनास्थल पर जांच पड़ताल की। जिसमें पता चला कि पेरोल पर जेल से बाहर आए एक बदमाश ने अपने दोस्त के साथ उसपर गोली चलाई है। दोनों के बीच काफी अरसे से विवाद चल रहा है।