{"_id":"69f25f1e650cbd7861098a5f","slug":"electricity-supply-will-be-improved-in-the-district-the-department-has-issued-a-tender-delhi-ncr-news-c-24-1-pal1006-123756-2026-04-30","type":"story","status":"publish","title_hn":"Delhi NCR News: जिले में बिजली सप्लाई होगी दुरूस्त, विभाग ने जारी किया टेंडर","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Delhi NCR News: जिले में बिजली सप्लाई होगी दुरूस्त, विभाग ने जारी किया टेंडर
विज्ञापन
विज्ञापन
Trending Videos
सबस्टेशनों के सुदृढ़ीकरण पर लाखों खर्च, अब बिजली कटौती से मिलेगी राहत
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। जिले में बढ़ती बिजली की मांग और बार-बार आने वाली तकनीकी दिक्कतों को देखते हुए बिजली विभाग ने सब-स्टेशनों के सुदृढ़ीकरण करने का निर्णय लिया है। बिजली विभाग ने इसके लिए 8.21 लाख रुपये की तीन परियोजनाओं को मंजूरी दी है। इन परियोजनाओं का उद्देश्य बिजली आपूर्ति को बेहतर बनाना है। परियोजना पूरी होने के बाद जिले में निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध हो पाएगी। पलवल के 220 केवी सबस्टेशन पर 66 केवी डबल बसबार को और अधिक मजबूत किया जाएगा। विभाग ने इसके लिए 4.51 लाख रुपये का टेंडर जारी किया है। इस प्रोजेक्ट में टारेंटुला कंडक्टर का उपयोग होगा, जो पारंपरिक कंडक्टर की तुलना में अधिक क्षमता और स्थिरता प्रदान करता है। इस कार्य में कंडक्टर की स्थापना, जंपर फिटिंग, पुराने सिस्टम का डिस्मेंटलिंग और सुरक्षा उपकरणों का समुचित प्रबंधन शामिल है।
इसके साथ ही पलवल के 220 केवी सबस्टेशन में ही एक अन्य परियोजना के तहत करीब 2.51 लाख रुपये खर्च किया जाएगा। इस परियोजना के तहत बसबार सिस्टम को अपग्रेड किया जाएगा। इसमें श्रमिकों द्वारा कंडक्टर और इंसुलेटर की ढुलाई, इंस्टॉलेशन, जंपर कनेक्शन और अन्य तकनीकी कार्य किए जाएंगे। साथ ही, कार्य के दौरान सुरक्षा के लिए वॉच एंड वार्ड, गैस कटर और वेल्डिंग जैसी सुविधाएं भी शामिल की गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन
वहीं, मंड़कोला के 66 केवी सबस्टेशन की बात करें तो यहां करीब 1.19 लाख रुपये की लागत से पुराने सिंगल बसबार सिस्टम को ट्विन कंडक्टर बसबार में बदला जाएगा। इस परियोजना के तहत पुराने तारों और उपकरणों को हटाकर नए कंडक्टर, इंसुलेटर और जंपर लगाए जाएंगे। तकनीकी रूप से ट्विन कंडक्टर सिस्टम ज्यादा लोड सहने में सक्षम होता है। इस परियोजना के बाद क्षेत्र में फॉल्ट और ट्रिपिंग की समस्या कम होगी।
इन सभी परियोजनाओं का सीधा असर आम जनता पर पड़ेगा। स्थानीय निवासियों को लंबे समय से बिजली कटौती, लो वोल्टेज और ओवरलोडिंग की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। गर्मी बढ़ने के साथ ही कई-कई घंटे बिजली कटौती देखने को मिल रही है। ऐसे में इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद न केवल बिजली की आपूर्ति सुचारू होगी, बल्कि घरेलू उपभोक्ताओं, किसानों और छोटे उद्योगों को भी राहत मिलेगी। ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों का कहना है कि यदि विभाग समय पर और गुणवत्तापूर्ण कार्य करता है, तो बिजली से जुड़ी समस्याओं में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा।
बिजली विभाग ने पलवल और मंड़कोला सबस्टेशन को अपग्रेड करने के लिए परियोजना को मंजूरी दी है। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी कार्य तय समय सीमा में पूरे कर लिया जाएगा। इससे क्षेत्र में बिजली व्यवस्था पहले से कहीं बेहतर हो जाएगी।
- हेमंत शर्मा, कार्यकारी अभियंता, बिजली विभाग
