हथौड़ा, खून और बंधे हाथ: नहर में मिली रजनी और आकाश की लाश, पति बोला- 10 दिन से कर रहा था मेरी पत्नी को तंग
शिवम ने आरोप लगाया था कि उसकी पत्नी रशिम उर्फ रजनी को सेक्टर-31 स्थित जिम में आने वाला आकाश उर्फ अक्कू पिछले कुछ समय से परेशान कर रहा था। पहले समझाने पर उसने माफी मांग ली थी, लेकिन पिछले 10 दिनों से वह फिर पत्नी को परेशान कर रहा था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा के फरीदाबाद स्थित बीपीटीपी पुल से शनिवार शाम आगरा नहर में कूदे युवक और महिला के शव रविवार शाम करीब साढ़े पांच बजे साहुपूरा कलां के पास नहर से बरामद कर लिए गए। एसडीआरएफ की टीम शनिवार शाम से लगातार दोनों की तलाश में जुटी थी। रेस्क्यू अभियान के दौरान दोनों शव नहर में बहते हुए मिले। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों के हाथ डेटा केबल से बंधे हुए थे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर मौत के कारण और घटनाक्रम की पुष्टि की जाएगी।
पति बोला- जिम में परेशान करता था पत्नी को अक्कू
इस मामले में सेक्टर-31 निवासी शिवम कुमार की शिकायत पर बीपीटीपी थाना पुलिस पहले ही 12 जुलाई को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर चुकी है। शिकायत में शिवम ने आरोप लगाया था कि उसकी पत्नी रशिम उर्फ रजनी को सेक्टर-31 स्थित जिम में आने वाला आकाश उर्फ अक्कू पिछले कुछ समय से परेशान कर रहा था। पहले समझाने पर उसने माफी मांग ली थी, लेकिन पिछले 10 दिनों से वह फिर पत्नी को परेशान कर रहा था।
आकाश से बात करने कार से गई थी रजनी
शिकायत के अनुसार 11 जुलाई को दोपहर करीब दो बजे रजनी आकाश से बात करने के लिए अपनी कार लेकर घर से निकली थी। शाम करीब साढ़े चार बजे सूचना मिली कि बीपीटीपी पुल के पास एक युवक और महिला आगरा नहर में कूद गए हैं। मौके पर पहुंचने पर पुलिस को रजनी की कार लावारिस हालत में खड़ी मिली। कार की तलाशी के दौरान दो मोबाइल फोन और खून से सना एक हथौड़ा बरामद हुआ, जिन्हें पुलिस ने कब्जे में लेकर फोरेंसिक जांच के लिए सुरक्षित कर लिया।
दोनों के शव बरामद
पुलिस के अनुसार घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को देखते हुए सीन ऑफ क्राइम, फोरेंसिक और अन्य जांच एजेंसियों ने मौके से नमूने जुटाए थे। शनिवार शाम से एसडीआरएफ और अन्य बचाव दल नहर में लगातार दोनों की तलाश कर रहे थे। रविवार शाम शाहपुर कलां के पास दोनों शव बरामद होने के बाद जांच का दायरा और बढ़ गया है।
पुलिस जोड़ रही कड़ियां
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि महिला की मौत हथौड़े से हमले के कारण हुई या नहर में डूबने से। वहीं, दोनों के हाथ डेटा केबल से बंधे मिलने के तथ्य की भी गहन जांच की जा रही है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्यों, मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि वैज्ञानिक जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।