{"_id":"6a33dcf2ef7f3db916028575","slug":"faridabad-massive-fire-at-company-warehouse-in-mevla-maharajpur-2026-06-18","type":"story","status":"publish","title_hn":"Faridabad: मेवला महाराजपुर स्थित कंपनी के गोदाम में भीषण आग, 21 दमकल गाड़ियों ने नौ घंटे में पाया काबू","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Faridabad: मेवला महाराजपुर स्थित कंपनी के गोदाम में भीषण आग, 21 दमकल गाड़ियों ने नौ घंटे में पाया काबू
संवाद न्यूज एजेंसी, फरीदाबाद
Published by: विकास कुमार
Updated Thu, 18 Jun 2026 08:10 PM IST
विज्ञापन
सार
प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट के बाद आसपास रखा सामान आग की चपेट में आ गया और देखते ही देखते लपटें पूरे गोदाम तक पहुंच गईं। गोदाम में बड़ी संख्या में बॉक्सों में पैक जूते और अन्य सामग्री रखी हुई थी, जिससे आग तेजी से फैलती चली गई।
जूता फैक्टरी के गोदाम में लगी आग
- फोटो : अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विज्ञापन
विस्तार
हरियाणा के फरीदाबाद में मेवला महाराजपुर स्थित एक कंपनी के गोदाम में गुरुवार सुबह करीब सात बजे अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत दमकल विभाग और पुलिस प्रशासन को सूचना दी।
21 दमकल की गाड़ियों ने पाया काबू
आग बुझाने के लिए कुल 21 दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। इनमें 13 फरीदाबाद, एक गुरुग्राम, एक सोहना, एक नूंह और एक पलवल से, जबकि तीन एस्कॉर्ट्स कुबोटा और एक एनटीपीसी की दमकल गाड़ी शामिल रही। सुबह करीब सात बजे लगी आग की सूचना दमकल विभाग को 7:42 बजे मिली। इसके बाद शुरू हुए राहत एवं बचाव अभियान के तहत दोपहर करीब चार बजे आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका।
विज्ञापन
विज्ञापन
गोदाम के साथ बना कार्यालय भी चपेट में आया
आग की चपेट में आने से गोदाम में रखा जूतों का बड़ा स्टॉक और अन्य सामान जलकर राख हो गया। वहीं, गोदाम के साथ बना कार्यालय भी प्रभावित हुआ। आग की गर्मी से कार्यालय के शीशे टूट गए और कंप्यूटर समेत अन्य उपकरण क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि दमकल कर्मियों ने आग को आसपास के क्षेत्रों में फैलने से रोक लिया।
आग से उठ रहा काला धुआं करीब एक किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया
प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट के बाद आसपास रखा सामान आग की चपेट में आ गया और देखते ही देखते लपटें पूरे गोदाम तक पहुंच गईं। गोदाम में बड़ी संख्या में बॉक्सों में पैक जूते और अन्य सामग्री रखी हुई थी, जिससे आग तेजी से फैलती चली गई। आग से उठ रहा घना काला धुआं करीब एक किलोमीटर दूर से दिखाई दे रहा था। गोदाम के अंदर से धुआं और जलने की आवाजें आने पर कंपनी कर्मचारियों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
हादसे के वक्त नहीं था कोई कर्मचारी
राहत की बात यह रही कि आग लगने के समय कंपनी में अधिक कर्मचारी मौजूद नहीं थे। जानकारी के अनुसार कंपनी में सुबह आठ बजे के बाद कर्मचारियों का आना शुरू होता है, जबकि आग उससे पहले लग गई थी। सुरक्षा के मद्देनजर कंपनी पहुंचने वाले कर्मचारियों को मुख्य गेट पर ही रोक दिया गया। कंपनी में करीब 300 से अधिक महिला और पुरुष कर्मचारी कार्यरत हैं।
किसी प्रकार की जनहानि नहीं : फायर अधिकारी
फायर अधिकारी सुखवीर ने बताया कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। आग में गोदाम में रखा जूतों का स्टॉक और अन्य सामान नष्ट हो गया है। नुकसान का सही आकलन आग बुझने के बाद किया जाएगा। घटना की सूचना मिलने पर फरीदाबाद के एसडीएम भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। वहीं, आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।