सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Delhi NCR ›   Faridabad News ›   sfgd

Faridabad News: हुरियारों की टोलियों ने जमाई धूम, जिले में बरसी रंगों की फुहार

Noida Bureau नोएडा ब्यूरो
Updated Thu, 05 Mar 2026 05:10 PM IST
विज्ञापन
sfgd
विज्ञापन
- ढोल-नगाड़ों के बीच निकली युवाओं की टोली, पूरे जिले में धूमधाम से मनाया गया होली का त्योहार
Trending Videos

-- कई जगह हुआ हुड़दंग, जिला अस्पताल में 100 एमएलआर दर्ज


संवाद न्यूज एजेंसी




होडल। ब्रज की फिजाओं में जैसे ही होली की आहट गूंजती है, गलियां रंग और रसिया की धुनों से सराबोर हो उठती हैं। 'आज बिरज में होरी रे रसिया… की गूंज के बीच नाचती-गाती महिलाओं की टोलियां और रंग बरसाते युवाओं के दल जब फूलडोर मेले के दौरान गांव की गलियों से निकलकर चौपालों तक पहुंचे, तो पूरा माहौल मानो रंगों की बरसात में डूब गया। उड़ते गुलाल से लाल हुए बादल और पिचकारी से बरसते रंगों के बीच हर चेहरा खुशियों के रंग में भीगा नजर आया, जहां हुरियारों की मस्ती ने किसी को भी रंग से अछूता नहीं रहने दिया। हर व्यक्ति चौपाल के पास आता और रंग व गुलाल बरसाता। वहीं, ढोल-नगाड़ों पर नृत्य करते महिला पुरुष एक अलग ही होली का नजारा पेश का रहे थे। ब्रज क्षेत्र में होली और धुलहेंडी का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
फूलडोर

मेले में रही धूम : बृहस्पतिवार को गांव सौन्दहद व बंचारी सहित दीघोट में फूलडोर का मेला भी धूमधाम से मनाया गया। गांव के सरपंच पंडित तुहीराम ने बताया कि इस मेले को देखने के लिए बृज क्षेत्र के अलावा दूर दराज के गांवों से हजारों की संख्या में लोग गांव बंचारी व सौन्दहद पहुंचे। जिनका ग्रामीणों द्वारा रंग गुलाल आदि लगाकर स्वागत किया गया। यहां हुरियारों ने पीतल, बांस और प्लास्टिक की बड़ी-बड़ी पिचकारियों से चौपालों पर खड़े होकर गांव पहुंचने वाले दर्शकों को होली के रंग में डुबोया।
विज्ञापन
विज्ञापन

गांव सौंदहद में पक्की चौपाल से फूलडोर मेले की शुरुआत की गई, वहीं गांव बंचारी में ऐतिहासिक प्राचीन दाऊजी महाराज मंदिर के प्रांगण से फूलडोर मेले का शुभारंभ किया गया। मेले की शुरुआत होते ही हुरियारों ने कौन गांव के कुमर कन्हैया कौन गांव की गोरी रे रसिया, नन्द गांव के कुमर कन्हैया और बरसाने की गोरी रे रसिया जैसे विभिन्न रसिया मेले में गायन किए गए।


दो पार्टियां बनाकर खेलते है होली :
फूलडोर मेले के दौरान परंपर के अनुसार दो पार्टियां बनाई जाती हैं, जो एक दूसरे के ऊपर पीतल व स्टील आदि की बनी पिचकारियों से जमकर रंग बरसाते हैं। प्रति वर्ष आयोजित होने वाले इस मेले के दौरान गांव के प्रत्येक घर में आए हुए मेहमानों के लिए खान-पान की व्यवस्था की जाती है। घर पहुंचे मेहमानों का विभिन्न प्रकार के व्यंजन, मिठाई आदि खिलाकार आदर-सत्कार किया जाता है।
मेले के आयोजन को लेकर लोगों में पहले से ही उत्साह बनने लगाता है। मेला देखने के लिए बाहर से आने वाले मेहमानों और दर्शकों के लिए गांव की सभी चौपालों पर भी खानपान की पूरी व्यवस्था रहती है। गांव में मेले के आयोजन को लेकर महिलाएं भी रंग बिरंगे कपड़े व आभूषणों से परिपूर्ण रहती हैं तथा होली के मेले में फाग, रसिया आदि गाकर जमकर नृत्य करती हैं।
हेलीकाॅप्टर के लिए नहीं मिली मंजूरी :
गांव बंचारी के सरपंच सीताराम ने बताया कि बाहर से आए लोगों के लिए हेलीकॉप्टर से फूल बरसाने की योजना की गई थी लेकिन प्रशासन की मंजूरी नहीं मिलने से सारी व्यवस्था अधूरी रह गई। इस फूलडोर मेले में न केवल होडल व आसपास के क्षेत्रों से बल्कि देश के विभिन्न हिस्सों के अलावा विदेशों से भी लोग पहुंचे। ग्रामीणों ने मेले में पहुंचे देश विदेश के मेहमानों का जहां रंग गुलाल से स्वागत किया, वहीं अनेक प्रकार के व्यंजनों के साथ उन्हें दावत भी दी।



होली पर जिले में हुड़दंग, दो दिन में 100 एमएलआर दर्ज
पलवल। होली के अवसर पर जिले में हुड़दंग और मारपीट की घटनाएं खूब देखने को मिली। रंगों के इस त्योहार पर जहां लोग आपसी भाईचारे के साथ जश्न मना रहे थे, वहीं कुछ स्थानों पर हुड़दंग और आपसी विवाद के मामले भी सामने आए। स्थिति का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि जिला नागरिक अस्पताल में दो दिनों के दौरान करीब 100 एमएलआर (मेडिको-लीगल रिपोर्ट) दर्ज की गईं।
जानकारी के अनुसार, बुधवार को होली के दिन जिला नागरिक अस्पताल में 80 एमएलआर काटी गईं। इनमें अधिकतर मामले मारपीट, झगड़े और चोट लगने से संबंधित थे। इसके अलावा बृहस्पतिवार सुबह तक भी 20 एमएलआर दर्ज की गईं। अस्पताल प्रशासन के अनुसार कई लोग रंग खेलने के दौरान आपसी कहासुनी के बाद झगड़ों में घायल होकर अस्पताल पहुंचे। पुलिस प्रशासन ने त्योहार को देखते हुए पहले से ही सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए थे। जिले के संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया था और गश्त भी बढ़ाई गई थी। इसके बावजूद कई स्थानों पर हुड़दंग और मारपीट की घटनाएं सामने आती रहीं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिन मामलों में शिकायत प्राप्त होगी, उनमें जांच कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

जिला प्रशासन ने परिवार संग मनाई होली : जिले में होली के पावन अवसर पर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने भी हर्षोल्लास के साथ त्योहार मनाया। पलवल स्थित पुलिस लाइन में आयोजित होली मिलन कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिवारजनों ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में उपायुक्त डॉ. हरिश कुमार वशिष्ठ, पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला समेत जिले के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने आपसी भाईचारे और सौहार्द का संदेश देते हुए एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली का पर्व मनाया।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article