बल्लभगढ़। साइबर थाना एनआईटी की टीम ने आईपीओ में निवेश के नाम पर 37.75 लाख की ठगी के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी सुंदर नगर निवासी धीरेन्द्र नागेश, महात्मा गांधी नगर, रायपुर छत्तीसगढ़ निवासी तुषार व यश कुमार हैं।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल के अनुसार, ग्रीनफील्ड कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि उसे व्हाट्सएप के माध्यम से दो ग्रुप से जोडा गया, जिसके बाद ठगों ने फोन कॉल के माध्यम से उससे सम्पर्क किया। उसे स्टॉक में निवेश कर दैनिक लाभ का वादा किया और फिर एक इंटरनेशनल ट्रेडिंग अकाउंट खुलवाया। जिसमें शिकायतकर्ता से आईपीओ में निवेश के लिए 37.75 लाख रुपये विभिन्न खाते में डलवा लिए और कुछ दिन में ही ट्रेडिंग अकाउंट पर अच्छे रिटर्न दिखाने लगे। फिर और अधिक पैसे लगाकर लाभ कमाने का लालच दिया। जिस पर उसने और पैसे निवेश करने से मना कर दिया और खाते से पैसे निकालने के लिए कहा परंतु उन्होंने उसके ट्रेडिंग खाता को फ्रीज कर दिया और पैसे निकालने के लिए और पैसे देने की मांग की। पूछताछ में सामने आया कि धीरेन्द्र खाताधारक है, जिसने अपना खाता यश व तुषार को दिया था। खाते में ठगी से जुड़े दो लाख 75 हजार रुपये आए थे। तीनों आपस में जानकार हैं। धीरेंद्र प्राइवेट स्कूल में लेखाकार है, यश वकालत कर रहा है। वहीं तुषार फोटोग्राफी का काम करता है। जिनको अदालत में पेश कर 5 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। संवाद