यूपी के दर्दनाक हादसा: रातभर बेटे को खोजते रहे मां-बाप, सुबह पानी से भरे गड्ढे में मिली सात साल के पोलू की लाश
मृतक बच्चे पोलू के माता-पिता बेहद गरीब हैं और झुग्गियों में रहकर कूड़ा बीनने का कार्य करते हैं। वे मेहनत-मजदूरी कर किसी तरह अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। इकलौते चिराग की इस तरह अचानक मौत हो जाने से माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
यूपी के गाजियाबाद स्थित लोनी के थाना अंकुर विहार क्षेत्र के अंतर्गत मिल्क गांव के पास से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां झुग्गियों में रहने वाले एक सात वर्षीय मासूम बच्चे की पानी से भरे गहरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। बच्चा बीते कल (9 जून) की शाम से लापता था, जिसका शव आज दोपहर गड्ढे के पानी के ऊपर उतराता हुआ मिला। इस घटना के बाद से पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे इलाके में शोक की लहर है।
शाम को खेलते समय अचानक हुआ था गायब
एसीपी अंकुर विहार, अमरदीप मौर्य ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि 9 जून की रात करीब 11:30 बजे मिल्क गांव की झुग्गियों में रहने वाले सतीश नामक व्यक्ति ने थाने आकर पुलिस को सूचना दी। सतीश ने बताया कि उनका सात वर्षीय बेटा पोलू शाम करीब 7:00 बजे झुग्गियों के पास ही खेल रहा था, लेकिन अचानक वह कहीं लापता हो गया। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कुछ पता नहीं चला, तो परिजनों ने घबराकर पुलिस से मदद की गुहार लगाई।
सीसीटीवी फुटेज में नहीं मिला कोई सुराग
मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस तुरंत हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले ताकि बच्चे के मूवमेंट का पता लगाया जा सके। हालांकि, किसी भी फुटेज में बच्चे का कहीं आना-जाना या बाहर जाना दिखाई नहीं दिया। इसके बाद पुलिस ने परिजनों और स्थानीय लोगों को साथ लेकर झुग्गियों के आसपास ही सघन तलाशी अभियान शुरू किया।
बारिश के पानी से भरे गड्ढे में डूबा मासूम
सघन तलाशी के दौरान आज दोपहर झुग्गियों के पास ही स्थित एक गहरे गड्ढे में बच्चे का शव पानी के ऊपर आ गया, जिसे देखकर परिजनों के होश उड़ गए। दरअसल, पिछले दिनों हुई बारिश के कारण इस गहरे गड्ढे में काफी पानी भर गया था। आशंका जताई जा रही है कि खेलते समय बच्चा अचानक पैर फिसलने या अंधेरा होने के कारण इस गहरे पानी में गिर गया और डूबने से उसकी मौत हो गई।
कूड़ा बीनकर परिवार पालते हैं माता-पिता
मृतक बच्चे पोलू के माता-पिता बेहद गरीब हैं और झुग्गियों में रहकर कूड़ा बीनने का कार्य करते हैं। वे मेहनत-मजदूरी कर किसी तरह अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। इकलौते चिराग की इस तरह अचानक मौत हो जाने से माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। स्थानीय निवासियों ने इस तरह के खुले और खतरनाक गड्ढों को लेकर चिंता व्यक्त की है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.