चिंताजनक: गाजियाबाद में पोलियो वायरस मिलने से स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, 107 टीमें गठित, घर-घर जाकर होगा सर्वे
डूंडाहेड़ा एसटीपी के पानी में पोलियो वायरस टाइप-1 मिला है। स्वास्थ्य विभाग अलर्ट है। 107 टीमें पांच साल तक के बच्चों का घर-घर सर्वे कर पोलियो डॉप पिलाएंगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
डूंडाहेड़ा सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) के दूषित पानी के नमूने में वैक्सीन-व्युत्पन्न पोलियो वायरस (वीडीपीवी) टाइप-1 की पुष्टि के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। वायरस के संभावित खतरे को देखते हुए शहरी क्षेत्र के 12 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर 107 टीमें गठित की गई है। यह टीम घर-घर जाकर पांच साल तक के बच्चों का स्वास्थ्य सर्वे करेंगी और जरूरत पड़ने पर पोलियो ड्रॉप्स भी पिलाई जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग पोलियो वायरस की निगरानी के लिए हर महीने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के एसटीपी के दूषित पानी के नमूने जांच के लिए भेजता है। हाल ही में डूंडाहेड़ा एसटीपी से लिया गया सैंपल जांच के लिए दिल्ली भेजा गया था। सोमवार को आई रिपोर्ट में वीडीपीवी टाइप-1 की पुष्टि हुई। रिपोर्ट मिलने के बाद अधिकारियों में हलचल बढ़ गई और आनन-फानन सीएमओ सभागार में बैठक कर वायरस के स्रोत और रोकथाम को लेकर रणनीति बनाई गई।
शहरी पीएचसी के नोडल अधिकारी डॉ. आरके गुप्ता ने बताया कि गठित 107 टीमें घर-घर जाकर बच्चों के स्वास्थ्य की जानकारी लेंगी। विशेष रूप से एसटीपी के आसपास की कॉलोनियों में पांच वर्ष तक के बच्चों का सर्वे कर बीमार बच्चों का पता लगाया जाएगा। साथ ही टीकाकरण की स्थिति का भी आकलन किया जाएगा। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि पोलियो वायरस का कारण नियमित टीकाकरण न होना भी हो सकता है।
इन क्षेत्रों में होगा सर्वे
स्वास्थ्य विभाग ने नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र राजनगर, शास्त्रीनगर, बुलंदशहर रोड औद्योगिक क्षेत्र, दौलतपुरा, न्यू पंचवटी कॉलोनी, घूकना, हिंडन विहार, कैला भट्टा, मिर्जापुर, विजय नगर 01, विजय नगर 02 और खैराती नगर क्षेत्रों में घर-घर सर्वे के आदेश जारी किए हैं।