सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Cricket ›   Cricket News ›   Ben Stokes and Gus Atkinson have been dropped from England squad for the second Test against New Zealand know

Nightclub Controversy: बेन स्टोक्स और गस एटकिंसन का कटा दूसरे टेस्ट से पत्ता, जो रूट को मिली इंग्लैंड की कमान

स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: मयंक त्रिपाठी Updated Wed, 10 Jun 2026 07:45 PM IST
विज्ञापन
सार

बेन स्टोक्स और गस एटकिंसन का इंग्लैंड टीम से पत्ता कट गया है। दोनों को न्यूजीलैंड के खिलाफ 17 जून से शुरू हो रहे दूसरे टेस्ट मुकाबले के लिए चुने गए स्क्वॉड में शामिल नहीं किया गया है। ईसीबी ने जो रूट को टीम की कमान सौंपी है।

Ben Stokes and Gus Atkinson have been dropped from England squad for the second Test against New Zealand know
बेन स्टोक्स और गस एटकिंसन - फोटो : England Cricket
विज्ञापन

विस्तार

इंग्लैंड क्रिकेट टीम के कप्तान बेन स्टोक्स और तेज गेंदबाज गस एटकिंसन को न्यूजीलैंड के खिलाफ द ओवल (17 जून) में खेले जाने वाले दूसरे टेस्ट मैच के लिए टीम से बाहर कर दिया गया है। यह फैसला हाल ही में सामने आए नाइटक्लब विवाद के बाद लिया गया। वहीं, अनुभवी बल्लेबाज जो रूट को दूसरे टेस्ट के लिए इंग्लैंड का अंतरिम कप्तान नियुक्त किया गया है।

नाइटक्लब में हुई कथित झड़प की जांच जारी
रविवार रात लॉर्ड्स में पहले टेस्ट में जीत के बाद इंग्लैंड टीम ने जश्न मनाया। खिलाड़ी पहले ड्रेसिंग रूम में और फिर लंदन के व्हाइट हॉर्स पब पहुंचे, जहां उनकी मुलाकात सारासेन्स रग्बी क्लब के खिलाड़ियों से हुई। रात 11 बजे के बाद कुछ खिलाड़ी चेल्सी स्थित रेक्स रूम्स नाइटक्लब पहुंचे। बताया जा रहा है कि रात करीब एक बजे वहां एक झड़प हुई। यह समय इंग्लैंड टीम के लिए निर्धारित कर्फ्यू से एक घंटा बाद का था। मामले में स्टोक्स, तेज गेंदबाज गस एटकिंसन, ईसीबी सुरक्षा दल के एक सदस्य और सारासेन्स अकादमी खिलाड़ी टोटोआ औवा का नाम सामने आया है। हालांकि रिपोर्ट्स में कहा गया है कि स्टोक्स और एटकिंसन सीधे तौर पर लड़ाई में शामिल नहीं थे। घटना में सुरक्षा दल का एक सदस्य घायल हुआ, लेकिन पुलिस को नहीं बुलाया गया और किसी आपराधिक मामले की संभावना नहीं जताई जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन

Ben Stokes and Gus Atkinson have been dropped from England squad for the second Test against New Zealand know
जो रूट - फोटो : PTI
जो रूट बने अंतरिम कप्तान
ईएसपीएनक्रिकइन्फो की रिपोर्ट के अनुसार, विवाद के बीच इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने दूसरे टेस्ट के लिए जो रूट को टीम की कमान सौंपने का फैसला किया है। रूट इससे पहले 2017 से 2022 के बीच 64 टेस्ट मैचों में इंग्लैंड की कप्तानी कर चुके हैं और अब एक बार फिर नेतृत्व की जिम्मेदारी संभालेंगे। स्टोक्स फिलहाल टीम प्रोटोकॉल के संभावित उल्लंघन की जांच का सामना कर रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक उन्होंने अपने भविष्य और मौजूदा स्थिति पर विचार करने के लिए कुछ निजी समय और स्थान की मांग की है।
विज्ञापन

जांच जारी, एटकिंसन भी टीम से बाहर
ईसीबी, स्वतंत्र क्रिकेट नियामक संस्था और सारासेन्स क्लब अपने-अपने स्तर पर मामले की जांच कर रहे हैं। घटना में सुरक्षा दल का एक सदस्य घायल हुआ था, लेकिन पुलिस को नहीं बुलाया गया और फिलहाल किसी आपराधिक मामले की संभावना नहीं बताई गई है। ईएसपीएनक्रिकइन्फो की रिपोर्ट के अनुसार, स्टोक्स और एटकिंसन दोनों को दूसरे टेस्ट की टीम से बाहर रखा गया है। एटकिंसन की अनुपस्थिति को औपचारिक निलंबन के बजाय खिलाड़ी के मानसिक स्वास्थ्य और जांच प्रक्रिया को ध्यान में रखते हुए उठाया गया कदम माना जा रहा है।

टीम संस्कृति पर फिर उठे सवाल
इंग्लैंड क्रिकेट पिछले कुछ समय से टीम संस्कृति और खिलाड़ियों के व्यवहार को लेकर आलोचनाओं का सामना कर रहा है। एशेज में निराशाजनक प्रदर्शन के अलावा अनुशासन और शराब सेवन से जुड़े मुद्दे भी चर्चा में रहे हैं।दिलचस्प बात यह है कि पहले टेस्ट से पहले मुख्य कोच ब्रेंडन मैकुलम ने खिलाड़ियों को चेतावनी देते हुए कहा था, 'मैंने खिलाड़ियों से कहा था कि आधी रात के बाद कभी कुछ अच्छा नहीं होता। ऐसी कोई हरकत मत करो जो अगले दिन अखबारों की सुर्खियां बन जाए।' अब दूसरे टेस्ट से पहले सामने आए इस विवाद ने इंग्लैंड क्रिकेट की अनुशासन व्यवस्था और टीम संस्कृति को लेकर नई बहस छेड़ दी है। फिलहाल सभी की नजरें ईसीबी की जांच रिपोर्ट और बेन स्टोक्स की अगली भूमिका पर टिकी हैं।

न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट के लिए चुना गया इंग्लैंड का स्क्वॉड
जो रूट (कप्तान), रेहान अहमद, जोफ्रा आर्चर, सोनी बेकर, शोएब बशीर, जैकब बेथेल, हैरी ब्रूक, जॉर्डन कॉक्स, बेन डकेट, मैथ्यू फिशर, एमिलियो गे, जेम्स रियू, ओली रॉबिनसन, जेमी स्मिथ (विकेटकीपर) और जोश टंग।
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें क्रिकेट समाचार से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। क्रिकेट जगत की अन्य खबरें जैसे क्रिकेट मैच लाइव स्कोरकार्ड, टीम और प्लेयर्स की आईसीसी रैंकिंग आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed