गुरुग्राम। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में जिला प्रशासन द्वारा आयोजित विशेष जन कल्याण शिविर के तीसरे दिन भाजपा संसदीय बोर्ड सदस्य सुधा यादव ने गुरुग्राम लघु सचिवालय में रिबन काटकर शिविर का शुभारंभ किया।इस दौरान उन्होंने शिविर का अवलोकन किया व विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से बातचीत कर उन्हें मिल रहे लाभों की जानकारी ली। सुधा यादव ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल का निरीक्षण किया और अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन व नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग, हरियाणा द्वारा केंद्र एवं प्रदेश सरकार की उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया और प्रदर्शित विकास कार्यों एवं जनहितकारी योजनाओं की जानकारी ली। सुधा यादव ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार ने गरीब कल्याण, सामाजिक सुरक्षा, आधारभूत ढांचे के विकास और जनसेवाओं के विस्तार को प्राथमिकता देते हुए अनेक महत्वपूर्ण योजनाएं लागू की हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचे। शिविर में नागरिकों को आयुष्मान भारत योजना, आयुष्मान वय वंदना योजना, पीएम सूर्य घर योजना, पीएम स्वनिधि योजना, लखपति दीदी योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण कर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया भी पूरी की गई। ब्यूरो