{"_id":"69a5810ac5253aed2c0db2cd","slug":"holi-will-be-celebrated-with-great-pomp-amidst-special-arrangements-by-the-police-gurgaon-news-c-24-1-gur1002-81165-2026-03-02","type":"story","status":"publish","title_hn":"Gurugram News: पुलिस के विशेष प्रबंध के बीच धूमधाम से मनेगी होली","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Gurugram News: पुलिस के विशेष प्रबंध के बीच धूमधाम से मनेगी होली
विज्ञापन
विज्ञापन
Trending Videos
सोशल मीडिया पर हेट स्पीच, भड़काऊ पोस्ट व सामग्री डालने वालों पर दर्ज किए जाएंगे मामले
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। जिले की पुलिस ने होली और धुलेंडी पर सुरक्षा के विशेष प्रबंध किए हैं। पुलिस द्वारा विभिन्न सड़कों पर 37 चैकिंग नाके लगाकर अपराधियों, असामाजिक तत्वों और हुड़दंगबाजों पर शिकंजा कसने के साथ ही सख्ती से कार्रवाई की जाएगी। वहीं, सोशल मीडिया पर हेट स्पीच, भड़काऊ पोस्ट व सामग्री डालने वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करके कानूनी कार्रवाई होगी। होली व धुलेंडी त्योहार पर तत्पर प्रतिक्रिया के लिए चार क्यूआरटी वाहन, पुलिस की 72 ईआरवी, और 135 पुलिस राइडर्स की टीमें तैनात की जाएंगी।
पुलिस आयुक्त विकास अरोड़ा के निर्देशानुसार होली व धुलंडी पर शांति व कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा के विशेष व पुख्ता प्रबंध किए जा रहे हैं। जिले में कुल 37 नाके लगाए जाएंगे। इनमें पूर्व जोन में नौ नाके, पश्चिम जोन में नौ नाके, दक्षिण जोन में पांच नाके और मानेसर जोन में 14 नाके लगाए जाएंगे। बाइकों पर सवार होकर हुड़दंग करने वालों के खिलाफ भी गुरुग्राम पुलिस द्वारा पुलिस फोर्स को विशेष निर्देश दिए गए हैं। जिले में भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में गश्त के लिए अतिरिक्त पुलिसबल की तैनाती की गई है। यातायात व्यवस्था के सुचारू संचालन के लिए पर्याप्त संख्या में यातायात पुलिसकर्मियों को तैनात किया जाएगा। सिनेमा हाॅल, माॅल्स, बस अड्डा व रेलवे स्टेशन सहित संवेदनशील क्षेत्रों को चिन्हित करके विशेष निगरानी रखी जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
होली दहन के स्थानों पर पुलिसकर्मी तैनात
होली दहन के स्थानों पर पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। तेज गति से वाहन चलाने, नशे की हालात में वाहन चलाने वाले व कानून व्यवस्था व शांति को भंग करने वाले लोगों व बाइकों पर हुड़दंग करने वालों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी। त्योहार के अवसर पर चोरी, छीनाझपटी की वारदातें करने वाले गैंग सक्रिय हो जाते हैं, ऐसे में सभी थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी व अपराध शाखा प्रभारी भी अपनी पुलिस टीमों के साथ गश्त करेंगे।
सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी
गुरुग्राम पुलिस द्वारा सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखते हुए 24 घंटे मॉनिटरिंग की जा रही है। सोशल मीडिया पर हेट स्पीच, भड़काऊ भाषण से संबंधित पोस्ट या सामग्री डालने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। हेट स्पीच, भड़काऊ भाषण के खिलाफ पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति है। ऐसे में फेसबुक, इंस्टाग्राम, एक्स, टेलीग्राम, व्हाट्सएप सहित अन्य सोशल साइटों पर पुलिस निगरानी रखे हुए है।
सोशल मीडिया पर भड़काऊ भाषण या हेट स्पीच जैसी सामग्री डालने से बचें। वहीं, शराब पीकर या बाइकों पर सवार होकर हुड़दंग न करें। शांति व कानून व्यवस्था को भंग करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। - डॉ. अर्पित जैन, पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय), गुुरुग्राम।