लव मैरिज का दर्दनाक अंत: पत्नी ने मांगा तलाक, पति फंदे पर मिला, 7 साल के बेटे ने बनाया वीडियो; हत्या का आरोप
पुलिस ने शनिवार को बताया कि एक मल्टीनेशनल कंपनी में काम करने वाले 36 साल के एक व्यक्ति का शव सूरत नगर स्थित उसके घर में फंदे से लटका मिला।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गुरुग्राम के सूरत नगर इलाके में एक मल्टीनेशनल कंपनी में कार्यरत 36 वर्षीय शख्स का शव उनके घर में फंदे से लटका मिला। बताया जा रहा है कि उसकी पत्नी ने उससे तलाक मांगा था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है।
पुलिस के मुताबिक, घटना के समय मृतक की पत्नी और उनका सात वर्षीय बेटा घर पर मौजूद थे। बेटे ने पिता को फंदे से लटका देख मोबाइल फोन पर एक वीडियो बनाया। जबकि उनकी पत्नी उन्हें नीचे उतारने के लिए चिल्ला रही थी।
मृतक की पहचान संजीव यादव के रूप में हुई है, जो डेन्सो कंपनी में एसोसिएट ऑपरेटर के तौर पर कार्यरत थे। वह मूल रूप से अमृतसर के रहने वाले थे और गुरुग्राम के सूरत नगर में अपने परिवार के साथ रहते थे।
संजीव की बहन किरण ने भाई और उसकी पत्नी मनप्रीत कौर के बीच विवाद की बात कही है। उनका आरोप है कि मनप्रीत द्वारा तलाक मांगने के कारण ही उनके भाई की मौत हुई। परिवार की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मनप्रीत को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जांच अधिकारी महेंद्र सिंह ने बताया कि मौत के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है और कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
संजीव यादव का शव गुरुवार को फंदे से लटका मिला था। उस समय घर में केवल उनकी पत्नी और सात वर्षीय बेटा ही मौजूद थे। मनप्रीत ने दोनों पक्षों के परिवार के सदस्यों को फोन करके 'आत्महत्या' की सूचना दी थी।
पुलिस के अनुसार, युवक के बेटे ने पिता को फंदे से लटकते हुए देखकर एक वीडियो बनाया था, जिसमें मनप्रीत को किसी को उन्हें उतारने के लिए चिल्लाते हुए सुना जा सकता है।
संजीव के पिता रामसेवक यादव ने कहा कि उनके बेटे और मनप्रीत के बीच कुछ समय से विवाद चल रहा था। उन्हें अपनी बहू पर साथियों के साथ मिलकर बेटे की हत्या की साजिश रचने का संदेह है।
बहन किरण ने इस मामले की गहन जांच की मांग की है और दावा किया है कि संजीव आत्महत्या नहीं कर सकते थे। उन्होंने यह भी कहा कि संजीव का वजन 100 किलोग्राम से अधिक था, ऐसे में पंखे से लटकने का वीडियो संदिग्ध लगता है।
जानकारी के अनुसार, संजीव और अंबाला की रहने वाली मनप्रीत की मुलाकात डेन्सो कंपनी में काम करते हुए हुई थी और उन्होंने अप्रैल 2018 में प्रेम विवाह किया था। 2019 में बेटे के जन्म के बाद मनप्रीत ने नौकरी छोड़ दी थी।