{"_id":"69f7a8c08363f69e400d21a3","slug":"the-braj-chaurasi-kos-parikrama-is-set-to-begin-in-ten-days-yet-the-route-remains-in-a-dilapidated-state-gurgaon-news-c-24-1-pal1006-123866-2026-05-04","type":"story","status":"publish","title_hn":"Gurugram News: दस दिन में शुरू होनी है ब्रज चौरासी कोस की परिक्रमा, मार्ग बदहाल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Gurugram News: दस दिन में शुरू होनी है ब्रज चौरासी कोस की परिक्रमा, मार्ग बदहाल
विज्ञापन
जर्जर हालत में परिक्रमा मार्ग। संवाद
विज्ञापन
Trending Videos
-जीणोद्धार के लिए मुख्यमंत्री ने की थी दस करोड़ देने की घोषणा
-अब तक न तो धनराशि आई और न ही सुदृढीकरण काम शुरू हुआ
रोशन लाल शर्मा
होडल। भगवान श्रीकृष्ण की लीला स्थली ब्रज चौरासी कोस क्षेत्र में पड़ने वाले हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश को जोड़ते हुए लगाई जाने वाली चौरासी कोस की ऐतिहासिक ब्रज परिक्रमा दस दिन बाद शुरू होने वाला है। लेकिन अब तक जिला प्रशासन की तरफ से हरियाणा सीमा के अंदर पड़ने वाले इस परिक्रमा मार्ग की सुध नहीं ली गई है। यह हाल तो तब है, जब प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बजट में कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड की तर्ज पर ब्रज विकास बोर्ड बनाने की घोषणा की है।
इसके साथ ही परिक्रमा मार्ग के जीर्णोद्धार के लिए 10 करोड़ रुपये की राशि देने की घोषणा की गई थी। लेकिन, आज तक न तो यह पूरी राशि सरकार की तरफ से आई और न ही परिक्रमा मार्ग में सीएम की घोषणा के अनुरूप कोई भी काम पूरा हुआ। हालात यह है कि परिक्रमा मार्ग आज भी सुविधाओं और विकास की बाट जोह रहा है। गत वर्षों की भांति इस बार भी देश, विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को जर्जर रास्तों पर चलकर परिक्रमा करनी पड़ेगी। न तो उन्हें परिक्रमा मार्ग में आराम करने के लिए टीन शेड मिलेंगे और न ही आरओ युक्त पीने का पानी।
विज्ञापन
विज्ञापन
भारी संख्या में आते है श्रद्धालु
पुरुषोत्तम मास (अधिक मास) के साथ ही भगवान श्री कृष्ण और बलदाऊ जी की लीला स्थली क्षेत्र बृज से चौरासी कोस परिक्रमा की शुरुआत 16 मई से होगी। प्रत्येक तीन वर्ष में आने वाले अधिक मास के आगमन पर लगाई जाने वाली इस ब्रज परिक्रमा को लेकर लोगों में खासा जोश देखा जाता है।
फाइलों में घूम रहा आदेश
इस मामले में जिला उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने एसडीएम को परिक्रमा मार्ग का निरीक्षण कर रिपोर्ट पेश करने के निर्देश जारी किए है। इस मामले में एसडीएम ने बीडीपीओ को निर्देश जारी कर दिए ।बीडीपीओ ने पंचायत सचिवों रिपोर्ट देने के आदेश दिए है। प्रशासन के आदेश केवल कागजों तक ही सीमित रह गए हैं।
पोंटून पुल भी नहीं बना
परिक्रमा मार्ग में हसनपुर से यमुना नदी पार करने के लिए यूपी-हरियाणा के बीच 110 करोड़ रुपये की लागत से पुल बनना था। सरकार ने गांव सतुआ गढ़ी में किसानों से करोड़ों रुपये की जमीन खरीद कर पुल निर्माण कार्य शुरू कर दिया, लेकिन अब तक पुल नहीं बन सका है। इस बार प्रशासन की तरफ से नदी पर पोंटून पुल नहीं बनने से श्रद्धालुओं को अपनी जान जोखिम में रख कर यमुना नदी को नावों के सहारे पार करना पड़ेगा।
ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा मार्ग में पड़ने वाले रास्तों के निर्माण कार्य अभी तक लंबित है। सरकार ने पिछले चार वर्ष में एक भी पैसा ब्रज परिक्रमा के लिए नहीं दिया है।-
- तुहीराम, सरपंच सौंदहद
ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा मार्ग की हालत बेहद खराब है। यात्रियों के ठहरने की कोई व्यवस्था नहीं की गई। सरकार की घोषणा सिर्फ घोषणा ही रह गई। परिक्रमा शुरू होने पर यात्रियों को काफी परेशानी होगी।-
- कृष्ण कौशिक, हसनपुर
इस बारे में मुख्यमंत्री से बात की है। जल्द ही इस परिक्रमा मार्ग के जीर्णोद्धार का कार्य शुरू हो जाएगा। परिक्रमा के समय भी प्रशासन की तरफ से सारे इंतजाम किए जाएंगे।-
- जगदीश नायर, पूर्व मंत्री भाजपा, होडल
