भीगा-भीगा रहेगा वीकेंड: अब दिल्ली में मानसून एक्सप्रेस पकड़ेगी रफ्तार, अगले 48 घंटे के लिए यलो अलर्ट जारी
दिल्ली में जुलाई का महीना बारिश के लिहाज से सबसे अहम माना जाता है। इसी महीने में सबसे ज्यादा बारिश होती है। जुलाई के लिए सामान्य वर्षा का औसत 195.8 मिमी है। वहीं शुक्रवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 1.2 डिग्री कम 36.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
विस्तार
दिल्ली में दक्षिण पश्चिम मानसून ने जून के अंत में ही दस्तक दे थी लेकिन हल्की व छिटपुट बारिश के कारण यह एंट्री धमाकेदार नहीं हुई। देशभर में तो अच्छी बारिश हो रही है लेकिन दिल्ली में मानसून की कमजोर स्थिति बनी हुई है। हालांकि अब वीकेंड सुस्त पड़ी मानसून की रफ्तार जोर पकड़ सकती है। शुक्रवार को इसकी शुरूआत हो गई। दिल्ली के कुछ इलाकों में शुक्रवार दोपहर बाद अच्छी बारिश हुई, जबकि कुछ इलाकों में महज बूंदाबांदी ही हुई।
दिल्ली में शुक्रवार शाम साढ़े पांच बजे तक पालम में 005.2 मिमी, रिज में 004.4 मिमी, व आयानगर में 002.8, पूसा इलाके में 021.0 मिमी, नजफगढ़ में 008.0 मिमी बारिश दर्ज की गई। जबकि बीते दिनों में सफदरजंग केंद्र पर केवल 4.3. मिमी बारिश ही दर्ज हुई थी।
दिल्ली में जुलाई का महीना बारिश के लिहाज से सबसे अहम माना जाता है। इसी महीने में सबसे ज्यादा बारिश होती है। जुलाई के लिए सामान्य वर्षा का औसत 195.8 मिमी है। वहीं शुक्रवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 1.2 डिग्री कम 36.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.5 डिग्री अधिक 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। दिन भर नमी होने के कारण लोगों के पसीने छूटते रहे।
अब मौसम विभाग की मानें तो अगले दो दिन बारिश का यलो अलर्ट है। इस कारण से हल्की से मध्यम स्तर की बारिश होने का अनुमान है। इस दौरान तापमान 32-34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24-26 डिग्री के बीच बना रहेगा। वैसे मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 10 जुलाई तक हल्की बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार अब बारिश के लिए मानसून के सक्रिय होने की संभावनाएं बन रही हैं। शुक्रवार को हल्की बारिश हो चुकी है। अब शनिवार व रविवार को अच्छी बारिश होने की संभावना है।
अधिकतम तापमान: 36.2 डिग्री सेल्सियस
न्यूनतम तापमान: 28.4 डिग्री सेल्सियस
पांच जुलाई को सूर्यास्त: शाम 7 बजकर 23 मिनट
छ: जुलाई को सूर्योदय: सुबह 5 बजकर 29 मिनट